1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2018
  4. कौन होगा कर्नाटक का मुख्यमंत्री कौन? सस्पेंस बरकरार, गेंद राज्यपाल के पाले में

कौन होगा कर्नाटक का मुख्यमंत्री कौन? सस्पेंस बरकरार, गेंद राज्यपाल के पाले में

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 15, 2018 10:59 pm IST,  Updated : May 16, 2018 06:53 am IST

कर्नाटक में बीजेपी के जीत तो जबरदस्त हुई लेकिन सरकार बनाने का दावा तीसरे नंबर पर रही एच डी देवेगौड़ा की पार्टी जनता दल सेक्युलर (JDS) कर रही है...

कुमारास्वामी और बीएस...- India TV Hindi
कुमारास्वामी और बीएस येदियुरप्पा

बेंगलुरु: आज कर्नाटक में विधानसभा चुनाव नतीजे आ गए। कर्नाटक की जनता ने अपना फैसला तो दे दिया लेकिन सरकार किसकी बनेगी ये अभी तक तय नहीं हुआ है। कर्नाटक में किसी पार्टी को पूरा बहुमत नहीं मिला है। बीजेपी के जीत तो जबरदस्त हुई लेकिन सरकार बनाने का दावा तीसरे नंबर पर रही एच डी देवेगौड़ा की पार्टी जनता दल सेक्युलर (JDS) कर रही है। असल में कर्नाटक में सरकार बनाने के लिए 112 सीटों की जरूरत है लेकिन बीजेपी को 104 सीटें मिलीं, कांग्रेस 78 पर अटक गई और 38 सीटों पर JDS के उम्मीदवार जीते।

त्रिशंकु विधानसभा के बाद सभी की नजरें राज्यपाल पर

आज दिन में पूरे नतीजे भी नहीं आए थे उसी समय कांग्रेस ने JDS को समर्थन देने का एलान कर दिया। देवेगौड़ा ने भी कांग्रेस का प्रपोजल मंजूर कर लिया। कांग्रेस भी कुमारस्वामी की सरपरस्ती में सरकार बनाने को राजी हो गई लेकिन गवर्नर वजूभाई वाला ने बीजेपी के नेता बीएस येदियुरप्पा को पहले मिलने का समय दिया। येदियुरप्पा ने सबसे पार्टी होने के नाते सरकार बनाने का दावा कर दिया। इसके बाद कुमारस्वामी भी गवर्नर के पास पहुंचे और कांग्रेस के समर्थन से बहुमत का दावा किया। गवर्नर से अपील की उन्हें सरकार बनाने का मौका दिया जाए क्योंकि उनके पास कांग्रेस के 78 विधायकों के साथ साथ दो निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन है। लेकिन गवर्नर ने फिलहाल कोई फैसला नहीं किया है। वजूभाई वाला लीगल एक्सपर्ट्स की राय लेंगे और ये तय करेंगे कि संविधान के मुताबिक सबसे बड़ा पार्टी को पहले मौका दिया जाए या फिर चुनाव नतीजे आने बाद बने गठबंधन को पहले मौका मिले।

कुल मिलाकर अब कर्नाटक में किसकी सरकार बनेगी ये गवर्नर को तय करना है। हालांकि येदियुरप्पा ने कहा कि उनके दावे में दम है। अगर गवर्नर बीजेपी को मौका देंगे तो वो विधानसभा में अपना बहुमत साबित कर देंगे।

कर्नाटक की विजय अभूतपूर्व: PM मोदी

बीजेपी ने कर्नाटक में मिली जीत का जश्न मनाया। बीजेपी ऑफिस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के अलावा बीजेपी पार्लियामेंट्री बोर्ड के सभी मेंबर्स पहुंचे। वहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। भाजपा के प्रदर्शन को ‘‘असामान्य और अभूतवपूर्व’’ करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि भाजपा कर्नाटक की विकास यात्रा को ‘किसी को रौंदने’’ नहीं देगी। प्रधानमंत्री ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कर्नाटक की विजय असामान्य है, अभूतपूर्व है। इसके लिए वह पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता का अभार व्यक्त करते हैं।’’

पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी को उत्तर भारत की पार्टी कहा जाता था लेकिन कर्नाटक के चुनाव नतीजों ने साबित कर दिया कि अगर विकास की राजनीति की जाए जाए देश की जनता भाषा और क्षेत्र की सीमाओं का ख्याल नहीं रखती। मोदी ने कहा कि कर्नाटक की जीत अमित शाह की रणनीति और बीजेपी के कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है।

'कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस को नकार दिया, 2019 का लोकसभा चुनाव भी जीतेगी भाजपा'

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज दावा किया कि कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस मुक्त बनाने के लिए वोट दिया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उनकी पार्टी 2019 का लोकसभा चुनाव भी जीतेगी। अमित शाह ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस को जनता ने स्वीकार नहीं किया है। कर्नाटक की जनता को कांग्रेस मुक्त कर्नाटक बनाने के लिए धन्यवाद।’’

निर्वाचन आयोग के आंकड़े के मुताबिक, भाजपा 104 सीटों तक पहुंच सकती है। यह बहुमत से आठ सीट कम है। कांग्रेस मणिपुर व गोवा की गलतियों से सीखती हुई प्रतीत हुई। इन दोनों राज्यों में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बाद कांग्रेस ने देर से प्रतिक्रिया की थी और भाजपा को छोटी पार्टियों के साथ गठजोड़ कर सरकार बनाने का पर्याप्त समय दे दिया था। कर्नाटक में कांग्रेस ने 78 सीटों पर जीत हासिल की और आश्चर्यजनक तौर पर जनता दल (सेक्युलर) को अपने समर्थन की घोषणा की। राज्य विधानसभा चुनावों में जेडीएस 38 सीटों के साथ तीसरे नंबर की पार्टी बनी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Karnataka Assembly Election 2018 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024