1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2018
  4. कर्नाटक में प्रधानमंत्री मोदी के विकासात्मक कार्यों की जीत, जिन्हें जनता ने दिया समर्थन: भाजपा

कर्नाटक में प्रधानमंत्री मोदी के विकासात्मक कार्यों की जीत, जिन्हें जनता ने दिया समर्थन: भाजपा

 Reported By: Bhasha
 Published : May 15, 2018 01:55 pm IST,  Updated : May 15, 2018 01:55 pm IST

राहुल गांधी के परोक्ष संदर्भ में उन्होंने कहा कि हम बड़ी विनम्रता से इसे स्वीकार करते हैं और कुछ लोग जो प्रधानमंत्री बनने की बात कर रहे थे, उन्हें हम कहना चाहते हैं कि केंद्र और प्रदेश की नई सरकार मिलकर कर्नाटक को विकास की राह पर आगे बढ़ायेगी।

Ravi Shankar Prasad credits PM Modi and Amit Shah for BJP's Karnataka victory- India TV Hindi
कर्नाटक में प्रधानमंत्री मोदी के विकासात्मक कार्यों की जीत, जिन्हें जनता ने दिया समर्थन: भाजपा

नयी दिल्ली: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद मतगणना के रुझानों में भाजपा के बहुमत हासिल करने की ओर बढ़ने के बीच भाजपा ने आज कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकासात्मक कार्यों की जीत है जिन्हें जनता ने समर्थन दिया। पार्टी ने कर्नाटक में मिल रहे रूझानों को कांग्रेस की विभाजनकारी और नकारात्मक राजनीति की हार बताते हुए कहा कि कांग्रेस परिवार आधारित पार्टी है जबकि भाजपा आम लोगों की पार्टी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कर्नाटक के रूझान नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के प्रति जनता के स्नेह और उनके कार्यों के लिए जनता के समर्थन के परिचायक हैं। आज का दिन कर्नाटक की जनता के प्रति हमारी कृतज्ञता का दिन है।

राहुल गांधी के परोक्ष संदर्भ में उन्होंने कहा कि हम बड़ी विनम्रता से इसे स्वीकार करते हैं और कुछ लोग जो प्रधानमंत्री बनने की बात कर रहे थे, उन्हें हम कहना चाहते हैं कि केंद्र और प्रदेश की नई सरकार मिलकर कर्नाटक को विकास की राह पर आगे बढ़ायेगी। केंद्रीय मंत्री सीतारमण ने कहा कि भाजपा के लिये यह ऐतिहासिक दिन है। कर्नाटक में भाजपा की जीत प्रधानमंत्री के प्रति लोगों के विश्वास का प्रतीक है जिन्होंने सबका साथ, सबका विकास की भावना को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान हमारे समक्ष कई तरह की बाधाएं आईं लेकिन कर्नाटक की जनता के विश्वास और सहयोग से पार्टी ने इन्हें दूर कर दिया। सीतारमण ने कहा कि लोगों ने कांग्रेस की विभाजनकारी राजनीति एवं ध्रुवीकरण के प्रयासों को विफल कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आह्वान किया था कि केवल विकास ही समाज के सभी वर्गों को आगे बढ़ा सकता है और उन्हें प्रगति के पथ पर अग्रसर कर सकता है। ‘‘प्रधानमंत्री का, विकास का आह्वान विजयी हुआ।’’

कर्नाटक के पार्टी प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडे़कर ने कहा कि राज्य में भाजपा इसलिये जीती क्योंकि यह आम लोगों की पार्टी है जबकि कांग्रेस परिवार आधारित पार्टी है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रणनीति की जीत है। उल्लेखनीय है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए डाले गए मतों की गणना के रूझानों के मुताबिक, भाजपा दो सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और 111 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है जबकि कांग्रेस 66 सीटों और जदएस 38 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Karnataka Assembly Election 2018 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024