1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. लोकसभा चुनावों में सरकार के लिए कोई चुनौती नहीं, मौजूदा व्यवस्था में आम आदमी का भरोसा कायम: राजनाथ सिंह

लोकसभा चुनावों में सरकार के लिए कोई चुनौती नहीं, मौजूदा व्यवस्था में आम आदमी का भरोसा कायम: राजनाथ सिंह

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 21, 2019 05:23 pm IST,  Updated : Jan 21, 2019 05:23 pm IST

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा मौजूदा व्यवस्था में आम आदमी का भरोसा कायम है इसलिए आगामी लोकसभा चुनाव में सरकार के लिए कोई "चुनौती" नहीं है।

'2019 Lok Sabha polls not a challenge for us, we will form next govt under PM Modi': Rajnath Singh- India TV Hindi
'2019 Lok Sabha polls not a challenge for us, we will form next govt under PM Modi': Rajnath Singh

ग्रेटर नोएडा: केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा मौजूदा व्यवस्था में आम आदमी का भरोसा कायम है इसलिए आगामी लोकसभा चुनाव में सरकार के लिए कोई "चुनौती" नहीं है। सिंह ने सोमवार को कहा कि वह अपनी पार्टी की संभावनाओं को लेकर आश्वस्त हैं क्योंकि मौजूदा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के पिछले साढ़े चार साल के शासन में ‘‘भ्रष्टाचार’’ का एक भी आरोप नहीं है।

उन्होंने पिछली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के शासन में हुए भ्रष्टाचार के मामलों का हवाला देते हुए कहा, ‘‘(भ्रष्टाचार के मुद्दे पर) आप पिछली कांग्रेस सरकार की स्थिति जानते हैं।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या देश में आगामी आम चुनाव उनकी सरकार के लिये एक बड़ी चुनौती है इस पर सिंह ने ना में जवाब दिया। राजनाथ ग्रेटर नोएडा स्थित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के कैंप में केंद्रीय विद्यालय (केवी) की आधारशिला रखने आये थे। कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘सरकार के लिये कोई चुनौती नहीं है।’’

‘महागठबंधन’ के तहत विपक्ष के ताकत के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि यह हमारी पार्टी की सफलता का डर था जो उन्हें एकसाथ लेकर आया। उन्होंने कहा, ‘‘वे (महागठबंधन दल) इस बात 

से डरे हुए हैं कि भाजपा फिर से सरकार बनायेगी... हम आश्वस्त हैं कि जनता हमारे साथ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारे पास एक मजबूत और लोकप्रिय नेतृत्व है और आम जनता को हम पर भरोसा है।’’ सिंह ने कहा, ‘‘भाजपा के पास सशक्त व्यक्तित्व के धनी नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री के रूप में हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा वर्ष 2019 का चुनाव लड़ेगी। इसलिए उन्हें विपक्षी एकता से कोई परेशानी नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के चुनाव को भाजपा अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लड़ेगी और भारी बहुमत से जीतकर केंद्र में सरकार बनेगी।

पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाला मामले में फरार आरोपी मेहुल चौकसी के अपनी भारतीय नागरिकता छोड़ने के बारे में मीडिया में आयी खबरों पर भी सिंह ने प्रतिक्रिया दी। मंत्री ने कहा, ‘‘हमलोग भगोड़ा आर्थिक अपराधी कानून लाये हैं और इस (धोखाधड़ी के बड़े मामलों को रोकने वाले) कानून के तहत प्रक्रियाएं हैं। निश्चित तौर पर उसे (चौकसी को) भारत लाया जायेगा और किसी को बख्शा नहीं जायेगा। हर किसी के खिलाफ कार्रवाई होगी।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024