भुवनेश्वर: आगामी लोकसभा चुनावों से पहले बीजू जनता दल को कुछ बड़े झटके लगे हैं। पहले जहां पार्टी के बड़े नेताओं में से एक रहे बैजयंत पांडा ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया, वहीं नवीन पटनायक के एक अहम सहयोगी ने राजनीति से ही संन्यास का ऐलान कर दिया। हम बात कर रहे हैं ओडिशा से BJD के 4 बार के सांसद तथागत सत्पथी की, जिन्होंने पत्रकारिता पर ‘‘फिर से ध्यान केंद्रित करने के लिए’ राजनीति से संन्यास लेने की मंगलवार को घोषणा कर दी।
Related Stories
सत्पथी की यह घोषणा इसलिए भी चौंकाने वाली रही क्योंकि एक दिन पहले ही लोकसभा में उनकी पार्टी के पूर्व साथी बैजयंत पांडा बीजेपी में शामिल हो गए। पांडा ने पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ मतभेदों के कारण लोकसभा के साथ-साथ बीजू जनता दल से इस्तीफा दे दिया था जबकि सत्पथी के फैसले ने सभी को चौंका दिया। ओडिशा की पूर्व मुख्यमंत्री नंदिनी सत्पथी के बेटे तथागत राज्य के ढेंकनाल निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सांसद हैं।
उन्होंने टि्वटर पर कहा, ‘अब पत्रकारिता में और निडर आवाजों की जरुरत है। पत्रकारिता पर फिर से ध्यान केंद्रित करने के लिए अपने आप को राजनीति से दूर कर रहा हूं। इतने वर्षों में सहयोग के लिए अपने नेता श्री नवीन पटनायक का आभारी हूं। यह अहसास हुआ कि लोगों की सेवा करने के लिए राजनीति एकमात्र जरिया नहीं है।’ हाल ही में ओडिशा के मुख्यमंत्री के रूप में 19 साल पूरे करन वाले पटनायक के लिए सत्पथी का इस्तीफा एक बड़ा झटका माना जा रहा है।