1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. बीजेपी की सहूलियतों को ध्यान में रखकर पूरे चुनाव की प्लानिंग की गई: ममता बनर्जी

बीजेपी की सहूलियतों को ध्यान में रखकर पूरे चुनाव की प्लानिंग की गई: ममता बनर्जी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 23, 2019 03:57 pm IST,  Updated : Apr 23, 2019 07:58 pm IST

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर एक बार फिर हमला बोला है।

Mamta Banerjee File Photo- India TV Hindi
Mamta Banerjee File Photo

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर एक बार फिर हमला बोला है। ममता बनर्जी ने कहा चुनाव प्रक्रियाओं की ठीक उसी तरह से प्लानिंग की गई है, जिसमें बीजेपी के नेताओं को सहूलियत हो। ममता ने कहा जो बीजेपी के नेताओं को सूट करता है, उसी मुताबिक चुनाव की प्लानिंग गई। प. बंगाल की सीएम ने आरोप लगाया कि देश के इतिहास में कभी इस तरह से चुनाव प्रक्रिया इतनी लंबी नहीं चली। बीजेपी ने चुनावी प्रक्रियाओं को खींचकर तीन महीने कर दिया है। 

बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं केंद्रीय बल: ममता

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय बल भाजपा के लिए काम कर रहे हैं और मालदा दक्षिण और बेलूरघाट लोकसभा क्षेत्र में लोगों से इस पार्टी को वोट देने के लिए कह रहे हैं। बनर्जी ने कहा कि चुनाव आयोग को इससे अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे जानकारी मिली है कि मालदा दक्षिण के इंग्लिशबाजार में केंद्रीय बल बूथों के अंदर बैठे हैं और मतदाताओं से भाजपा के लिए वोट डालने को कह रहे हैं। उन्हें ऐसा करने का अधिकार नहीं है। हमने इस बारे में अपनी आपत्तियों से चुनाव आयोग को अवगत करा दिया है।’’ बनर्जी ने कहा, ‘‘वे ऐसा क्यों कर रहे हैं? मतदान केंद्र पर पुलिस जा नहीं सकती।’’ उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान केंद्रीय बल एक राज्य में आ सकते हैं लेकिन उन्हें राज्य के बलों के सहयोग से काम करना चाहिए और चले जाना चाहिए। 

भाजपा पर केंद्रीय बलों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए बनर्जी ने कहा, ‘‘आप केंद्रीय बलों का इस्तेमाल नहीं कर सकते। आपने पश्चिम बंगाल में 2016 के विधानसभा चुनावों में भी ऐसा किया था। मैं भूली नहीं हूं।’’ उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता भाजपा को उचित सबक सिखाएगी। पश्चिम बंगाल में आज पांच लोकसभा क्षेत्रों के लिए मतदान हो रहा है और करीब 92 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024