1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. रविवार को छठे चरण का मतदान, वोटिंग मशीन में बंद होगी इन दिग्गजों की किस्मत

रविवार को छठे चरण का मतदान, वोटिंग मशीन में बंद होगी इन दिग्गजों की किस्मत

 Written By: PTI
 Published : May 11, 2019 09:12 pm IST,  Updated : May 12, 2019 12:07 am IST

उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की 10, बिहार, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश की 8-8, दिल्ली की सात और झारखंड की चार सीटें शामिल हैं। इस चरण में 10.17 करोड़ मतदाता 979 उम्मीदारों की किस्मत का फैसला करेंगे। चुनाव आयोग ने चुनाव के सुचारू संचालन के लिए 1.13 लाख से अधिक मतदान केंद्र बनाए हैं।

election image- India TV Hindi
रविवार को होगा 6 चरण का मतदान

नई दिल्ली। रविवार को देश के सात राज्यों की 59 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। जिसमें उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की 10, बिहार, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश की 8-8, दिल्ली की सात और झारखंड की चार सीटें शामिल हैं। इस चरण में 10.17 करोड़ मतदाता 979 उम्मीदारों की किस्मत का फैसला करेंगे। चुनाव आयोग ने चुनाव के सुचारू संचालन के लिए 1.13 लाख से अधिक मतदान केंद्र बनाए हैं। 

भाजपा के लिए कड़ी परीक्षा

लोकसभा चुनाव के इस चरण को भाजपा के लिये कड़ी परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है क्योंकि 2014 के चुनाव में भाजपा ने इनमें से 45 सीटें जीतीं थीं जबकि तृणमूल कांग्रेस को आठ, कांग्रेस को दो और समाजवादी पार्टी और लोजपा को एक-एक सीट पर जीत मिली थी। 

भाजपा ने 2014 के चुनाव में इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14 में से 13 सीटों पर जीत हासिल की थी, एकमात्र अपवाद आजमगढ़ था जहां से सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को जीत मिली थी। हालांकि भाजपा को बीते साल फूलपुर और गोरखपुर संसदीय सीट पर हुए उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा था, ऐसे में भाजपा विरोधी गठबंधन इस सीट पर अपनी जीत को बरकरार रखने की उम्मीद लगाए हुए है। 

आजमगढ़ से अखिलेश, सुल्तानपुर से मेनका चुनाव मैदान में  

आजमगढ़ में इस बार अखिलेश यादव अपने पिता मुलायम सिंह यादव की जगह चुनाव लड़ रहे हैं जिनका मुकाबला भाजपा उम्मीदवार और भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल निरहुआ है। सुल्तानपुर में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है जहां भाजपा ने केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी को मैदान में उतारा है। इस सीट पर पिछले चुनाव में उनके बेटे वरुण गांधी ने जीत हासिल की थी। इस बार मां-बेटे की सीट में अदला बदली की गई। मेनका वरुण की जगह सुल्तानपुर से चुनाव लड़ रही हैं तो वरुण अपनी मां मेनका की सीट पीलीभीत से किस्मत आजमा रहे हैं। 
 

मध्यप्रदेश – भोपाल में दिग्विजय और साध्वी प्रज्ञा के बीच कड़ा मुकाबला

मध्य प्रदेश की भोपाल, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा और राजगढ़ सीटों पर भी मतदान होगा। भोपाल सीट पर सभी की निगाहें टिकी हैं, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और भाजपा उम्मीदवार प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बीच मुकाबला है। वहीं गुना सीट पर कांग्रेस महासिचव और उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया चुनाव लड़ रहे हैं। मुरैना से केन्द्रीय मंत्री और भाजपा नेता नरेन्द्र सिंह तोमर मैदान में हैं।

राजधानी दिल्ली में त्रिकोणीय मुकाबला

बात अगर राजधानी दिल्ली की करें तो तो यहां रविवार को सभी सात सीटों पर चुनाव होना है। यहां 18 महिलाओं समेत 164 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। इस बार दिल्ली में भाजपा, आप और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है। राजधानी में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, मुक्केबाज विजेन्दर सिंह, भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन, आम आदमी पार्टी उम्मीदवार आतिशी और क्रिकेटर और भाजपा उम्मीदवार गौतम गंभीर पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

हरियाणा में दो केंद्रीय मंत्रियों और पूर्व मुख्यमंत्री की अग्नि परीक्षा 
हरियाणा में केन्द्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कृष्णपाल गुर्जर समेत 223 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और रोहतक से कांग्रेस के मौजूदा विधायक भूपेन्द्र सिंह हुड्डा इस बार लोकसभा चुनाव में सोनीपत से किस्मत आजमा रहे हैं। इससे पहले हुड्डा रोहतक से चार बार सांसद रह चुके हैं। हुड्डा के बेटे और रोहतक से मौजूदा सांसद दीपेन्द्र इस बार भी इस सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। 

अन्य उम्मीदवारों में केन्द्रीय मंत्री बीरेन्द्र सिंह के बेटे बृजेन्द्र सिंह (भाजपा) और पूर्व केन्द्रीय मंत्री भजन लाल के पोते भव्य बिश्नोई (कांग्रेस) हिसार सीट पर एक दूसरे के सामने हैं। इस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री ओ पी चौटाला के पोते तथा नवगठित जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार दुष्यंत चौटाला भी मैदान में हैं। दुष्यंत यहां से मौजूदा सांसद हैं। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी शैलजा अंबाला और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अशोक तंवर सिरसा से चुनाव लड़ रहे हैं।

झारखंड में कीर्ति आजाद, मधु कोड़ा की पत्नी गीता पर नजर

झारखंड में राज्य के मंत्री चन्द्रप्रकाश चौधरी, पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद और पूर्व मुख्यमंत्री मंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता समेत 67 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चरण में झारखंड की धनबाद, गिरीडीह, जमशेदपुर और सिंघभूम (आरक्षित) सीटों पर चुनाव होना है। 2014 में इन सभी सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। कुल मिलाकर 31,79,720 महिलाओं और थर्ड जेंडर के 116 मतदाताओं समेत, 66,85,401 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के योग्य हैं। 

बिहार में राधामोहन सिंह और रघुवंश प्रसाद का टेस्ट

बिहार में 127 उम्मीदवार मैदान में है, जिनमें केन्द्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह समेत चार मौजूदा सांसद शामिल हैं। इस चरण में रविवार को राज्य की आठ लोकसभा सीटों शिवहर, वाल्मिकी नगर, पश्चिमी चंपारन, पूर्वी चंपारन, सीवान, गोपालगंज, महाराजगंज और वैशाली में मतदान होना है। बिहार के 127 उम्मीदवारों में 16 महिला उम्मीदवार हैं। इनमें वैशाली सीट पर 8, सीवान में चार और शिवहर, महाराजगंज, पूर्वी चंपारन और वाल्मिकी नगर सीट पर एक एक महिला उम्मीदवार हैं। 

वहीं पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस, भाजपा, कांग्रेस और वाम मोर्चे के घटक दलों भाकपा और फॉरवर्ड ब्लॉक मुख्य दावेदार हैं। इस चरण में बांकुरा के वन क्षेत्र जंगलमहल, पश्चिम मिदनापुर, झारग्राम और पुरुलिया जिलों मतदान होना है, जो पूर्ववर्ती वाम मोर्चा सरकार के दौरान माओवादियों का गढ़ कहे जाते थे।
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024