1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. बंगाल रैली में राहुल का तीखा प्रहार, कहा- ममता शासन 'वन पर्सन शो', कुछ नहीं किया

बंगाल रैली में राहुल का तीखा प्रहार, कहा- ममता शासन 'वन पर्सन शो', कुछ नहीं किया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 23, 2019 10:22 pm IST,  Updated : Mar 23, 2019 10:22 pm IST

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने यहां शनिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने ममता पर समूचे राज्य को अपनी मर्जी के मुताबिक चलाने का आरोप लगाया।

Rahul Gandhi- India TV Hindi
Rahul Gandhi

चंचल (पश्चिम बंगाल): कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने यहां शनिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने ममता पर समूचे राज्य को अपनी मर्जी के मुताबिक चलाने का आरोप लगाया। कोलकाता से लगभग 385 किलोमीटर दूर मालदा जिले के चंचल कस्बे में पार्टी की रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, "बंगाल को अकेले चला रही हैं। वह न तो किसी से बात करती हैं और न ही किसी से सलाह लेती हैं। उन्हें जो पसंद है, वही करती हैं।"

उन्होंने सवाल किया, "क्या बंगाल के पास कोई आवाज नहीं है? क्या बंगाल के लिए यह महत्वपूर्ण नहीं है कि उसकी अपनी आवाज हो? क्या एक व्यक्ति को समूचा राज्य चलाने दिया जाना चाहिए?" राहुल ने यह आरोप भी लगाया कि ममता ने राज्य के लोगों के लिए कुछ नहीं किया। उनके सवालों पर जनसमूह से आती जवाबी प्रतिध्वनि 'नहीं' के बीच उन्होंने कहा, "यहां किसानों, युवाओं के लिए कुछ नहीं किया गया। हर तरफ बेरोजगारी है। केवल ममता जी का भाषण रोजाना दिनभर चलता रहता है। मुझे बताइए, उन्होंने (ममता) आपके लिए क्या किया? क्या उन्होंने किसानों पर लग रहा कर हटाया? क्या उन्होंने युवाओं को रोजगार दिया या छोटे व्यापारियों की मदद की?"

सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के 'गुंडों' द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर प्रतिदिन निर्मम हमले किए जाने का आरोप लगाते हुए राहुल ने कहा कि हालात जल्द बदलेंगे। उन्होंने कहा, "हर रोज कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गला दबाया जा रहा है और पीटा जा रहा है..मैं सिद्धांत की राजनीति के लिए लड़नेवाले सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देना चाहता हूं। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि वे कांग्रेस और उसकी विचारधारा के लिए लड़ाई जारी रखें, डरें नहीं। मैं आपके साथ हूं। हम दिल्ली में सरकार बनाएंगे। उसके बाद आप देखेंगे कि क्या होता है।"

कांग्रेस प्रमुख ने पार्टी के पारंपरिक गढ़ मालदा के लोगों को धन्यवाद दिया और उनकी आकांक्षाएं पूरी करने का भरोसा दिया। राहुल ने कहा, "आपने वामदलों का शासन वर्षो तक देखा। वे विकास नहीं ला पाए। तब आपने ममता बनर्जी को चुना। मगर बंगाल के हालात जैसे के तैसे हैं। जो अत्याचार माकपा शासन के दौरान शुरू हुआ था, वह ममता जी के शासन में भी उसी तरह हो रहा है।" उन्होंने कहा, "हम बंगाल में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए जो भी बेहतर हो सकेगा, करेंगे। मैं अपने पार्टी कार्यकताओं से वादा करता हूं कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए हम संघर्ष जारी रखेंगे।"

राहुल ने कांग्रेस छोड़ तृणमूल में गईं मालदा उत्तर से सांसद मौसम बेनजीर नूर पर भी परोक्ष रूप से निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौसम ने लोगों को धोखा दिया है। मौसम इसी क्षेत्र से तृणमूल के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024