1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2018
  4. इंडिया टीवी-सीएनएक्स के दूसरे ओपिनियन पोल में बीजेपी के बहुमत में गिरावट के आसार

इंडिया टीवी-सीएनएक्स के दूसरे ओपिनियन पोल में बीजेपी के बहुमत में गिरावट के आसार

 Reported By: India TV News Desk
 Published : Nov 08, 2018 10:28 pm IST,  Updated : Nov 08, 2018 10:28 pm IST

इंडिया टीवी-सीएनएक्स के दूसरे ओपिनियन पोल के मुताबिक मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के बहुमत में गिरावट आ सकती है।

Madhya Pradesh Assembly Elections 2018- India TV Hindi
Madhya Pradesh Assembly Elections 2018

इंडिया टीवी-सीएनएक्स के दूसरे ओपिनियन पोल के मुताबिक मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के बहुमत में गिरावट आ सकती है। दूसरा चुनाव पूर्व सर्वे 25 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच किया गया। मध्यप्रदेश विधानसभा की 230 सीटों में से बीजेपी 122 सीटें जीत सकती है, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी-95, बहुजन समाज पार्टी तीन सीट, जबकि अन्य दल गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, समाजवादी पार्टी, वाम दल और निर्दलीय के खाते में 10 सीटें जा सकती हैं। 2013 में संपन्न पिछले विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 165 सीटें जीती थी, कांग्रेस 58 सीटें जीतने में कामयाब रही थी, बीएसपी को 4 जबकि 'अन्य' तीन सीटों पर विजयी रहे थे। 

मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को मतदान होंगे और चुनाव के नतीजे 11 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। वोट शेयर की बात करें तो बीजेपी को 41.75 फीसदी वोट मिल सकते हैं, कांग्रेस को 38.52 फीसदी, बीएसपी को 5.41 फीसदी और 'अन्य' को 14.32 फीसदी वोट मिलने के आसार हैं। 2013 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी को 44.88 फीसदी और कांग्रेस को 36.38 फीसदी वोट मिले थे। चुनाव पूर्व सर्वे यह दिखलाता है कि बीजेपी के वोट शेयर में 2.38 फीसदी की गिरावट हो रही है। 

इंडिया टीवी-सीएनएक्स चुनाव पू्र्व सर्वेक्षण 16 से 60 साल के 9240 पुरुष और महिलाओं के बीच एक संरचित प्रश्नावली के द्वारा किया गया। सर्वे टीम ने 230 विधानसक्षा क्षेत्रों में से 77 का दौरा किया और जनसंख्या, पेशा और प्रवास के आयामों को ध्यान में रखते हुए लोगों का चयन किया। परिणाम में 2.5 फीसदी का मार्जिन एरर हो सकता है। क्षेत्रवार अनुमानों की बात करें तो चुनाव पूर्व सर्वे यह दर्शाता है कि चंबल संभाग की 34 सीटों में से बीजेपी 14 सीटें जीत सकती है, कांग्रेस-15, बीएसपी-1, अन्य को 4 सीटें मिल सकती है। मालवा निमाड़ क्षेत्र की 72 सीटों में से बीजेपी 42 सीटें जीत सकती हैं, कांग्रेस-26 और अन्य के खाते में 4 सीटें जा सकती हैं। 

बघेलखंड क्षेत्र में विधानसभा की 52 सीटें हैं, बीजेपी 26 सीटें जीत सकती है, कांग्रेस को 23 सीटें मिलने का अनुमान है, बीएसपी-2 और अन्य के खाते में 1 सीट जा सकती हैं। भोपाल संभाग में लोकसभा की 22 सीटें हैं, बीजेपी 13 सीटें जीत सकती है जबकि कांग्रेस को 9 सीटें मिलने का अनुमान है। महाकौशल क्षेत्र में विधानसभा की 50 सीटें हैं जहां से बीजेपी को 27 सीटें मिलने का अनुमान है, कांग्रेस 22 सीटें जीत सकती है जबकि अन्य के खाते में एक सीट जा सकती है। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर इंडिया टीवी-सीएनएक्स ओपिनियन पोल का प्रसारण आज शाम 6 बजे किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Madhya Pradesh Assembly Election 2018 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024