1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2018
  4. राहुल गांधी का जनेऊ दिखाना भाजपा की वैचारिक विजय: आदित्यनाथ

राहुल गांधी का जनेऊ दिखाना भाजपा की वैचारिक विजय: आदित्यनाथ

 Written By: Bhasha
 Published : Nov 24, 2018 11:10 pm IST,  Updated : Nov 24, 2018 11:10 pm IST

मध्य प्रदेश में योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी के जनेऊ दिखाने को भाजपा की वैचारिक विजय बताया है।

योगी आदित्यनाथ (File Photo)- India TV Hindi
योगी आदित्यनाथ (File Photo)

इंदौर: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों के प्रचार के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा धार्मिक वस्त्रों में प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन की ओर सीधा इशारा करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राहुल को "छद्म भेषी" करार दिया। उन्होंने ये भी कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा खुद को जनेऊधारी के रूप में प्रस्तुत करना भाजपा की वैचारिक विजय है। 

आदित्यनाथ ने यहां वृंदावन कॉलोनी में आयोजित चुनावी सभा में कहा, "राहुल मीडिया को बता रहे हैं कि वे जनेऊ पहनते हैं। लेकिन हमारे धर्म में मंदिर जाने के लिए जनेऊ पहनना कोई अनिवार्य शर्त नहीं है और कोई भी हिंदू मंदिर जा सकता है।" उन्होंने कहा, "राहुल जनेऊ धारण करें या न करें, ये उनकी इच्छा। लेकिन उनका जनेऊ दिखाना हमारी वैचारिक विजय है।" 

पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का नाम लिए बगैर आदित्यनाथ ने दावा किया कि "राहुल के परनाना कहते थे कि वे हिंदू परिवार में दुर्घटनावश पैदा हो गए।" वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, "ऐसे में राहुल ने कम से कम स्वीकार तो किया कि वे जनेऊ धारण करते हैं। हालांकि, जनता को ऐसे छद्म भेषी लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है।" 

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष और स्थानीय सांसद सुमित्रा महाजन से राहुल की तुलना भी की। आदित्यनाथ ने इंदौर सीट से वर्ष 1989 से लगातार लोकसभा चुनाव जीतने के महाजन के कीर्तिमान का उल्लेख करते हुए कहा, "जैसे महाजन भाजपा के लिए चुनावी जीत की गारंटी हैं, वैसे ही राहुल कांग्रेस के लिए चुनावी हार की गारंटी हैं।" 

बहरहाल, आदित्यनाथ ने यहां राऊ क्षेत्र में आयोजित एक अन्य चुनावी सभा में महाजन की तारीफ करते वक्त उन्हें "लोकसभा की पहली महिला अध्यक्ष" बता दिया, जबकि संसद के निचले सदन की प्रथम महिला स्पीकर होने का गौरव वरिष्ठ कांग्रेस नेता मीरा कुमार को प्राप्त है। 

आदित्यनाथ ने कहा, "आप सब सौभाग्यशाली हैं कि इंदौरवासियों ने (वर्ष 2014 के पिछले चुनावों में) सुमित्रा ताई (महाजन का लोकप्रिय उपनाम) को चुनकर इस देश की संसद को लोकसभा स्पीकर के रूप में पहली महिला अध्यक्ष दी हैं।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Madhya Pradesh Assembly Election 2018 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024