1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. महाराष्ट्र विधान सभा चुनाव 2019
  4. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019: इलेक्शन कमीशन ने किया मतदान और मतगणना की तारीखों का ऐलान

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019: इलेक्शन कमीशन ने किया मतदान और मतगणना की तारीखों का ऐलान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 21, 2019 12:25 pm IST,  Updated : Sep 21, 2019 12:41 pm IST

2014 में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की बात करें तो बीजेपी 122 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी।

Maharashtra Vidhansabha Chunav 2019- India TV Hindi
Maharashtra Vidhansabha Chunav 2019

मुंबई: महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। केंद्रीय चुनाव आयोग ने शनिवार दोपहर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करते हुए कहा कि 27 सितंबर को चुनावों की अधिसूचना जारी हो जाएगी। 4 अक्टूबर को पर्चा दाखिल करने की आखिरी तारीख होगी और 7 अक्टूबर को नाम वापस लेने की आखिरी तारीख होगी। महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को चुनाव होने हैं और 24 अक्टूबर को चुनाव नतीजे आएंगे। हरियाणा में भी 21 अक्टूबर को ही विधानसभा चुनाव होंगे। आपको बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 9 नवंबर को खत्म हो रहा है।

2014 में बीजेपी थी सबसे बड़ी पार्टी

2014 में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी 122 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। आपको बता दें कि शिवसेना और बीजेपी में चुनावों से पहले सीटों के मसले पर तालमेल नहीं बन पाया था, जिसके बाद दोनों ही पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। हालांकि, दोनों में से किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला और चुनाव बाद दोनों ने एक बार फिर साथ आकर सरकार बनाई और देवेंद्र फडणवीस सीएम बने। 2014 के चुनावों में शिवसेना ने 63, कांग्रेस ने 42 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 41 सीटें जीती थीं।

Election dates of Maharashtra and Haryana
जानें, क्या है महाराष्ट्र और हरियाणा का चुनाव कार्यक्रम।

क्या हैं इस बार के समीकरण
इस बार कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रही हैं, जबिक पिछली बार दोनों पार्टियों ने अलग-अलग दम आजमाया था। दोनों ही पार्टियां 288 सीटों में से 125-125 सीटों पर चुनाव लड़ने को सहमत हुई हैं और बाकी की सीटें सहयोगियों को दी जानी हैं। वहीं, बीजेपी और शिवसेना के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है और माना जा रहा है कि एक-दो दिनों में दोनों दल सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे देंगे।

महाराष्ट्र में कुल 8.94 करोड़ मतदाता
महाराष्ट्र में इस बार 8.94 करोड़ मतदाता नई सरकार चुनने के लिए मतदान करेंगे। चुनाव आयोग ने बताया कि राज्य में कुल 1.8 लाख EVM का इस्तेमाल किया जाएगा। उम्मीदवारों के चुनावी खर्च की सीमा 28 लाख रुपये रखी गई है। साथ ही आयोग ने चुनाव प्रचार में प्लास्टिक से बनी चीजों का इस्तेमाल न करने की अपील की है। EC ने कहा कि चुनावों के बाद 5 बूथों के VVPAT की गिनती होगी जिनका चुनाव रैंडम आधार पर किया जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Maharashtra Vidhan Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024