1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. महाराष्ट्र विधान सभा चुनाव 2019
  4. महाराष्ट्र चुनाव: सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह कांग्रेस के स्टार प्रचारक

महाराष्ट्र चुनाव: सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह कांग्रेस के स्टार प्रचारक

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 05, 2019 07:11 pm IST,  Updated : Oct 05, 2019 07:11 pm IST

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के 40 ‘‘स्टार’’ प्रचारकों में शामिल हैं। 

Sonia Gandhi and Manmohan Singh- India TV Hindi
Sonia Gandhi and Manmohan Singh

मुंबई: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के 40 ‘‘स्टार’’ प्रचारकों में शामिल हैं। इस साल हुए लोकसभा चुनावों के बाद यह पहला बड़ा राजनीतिक मुकाबला है। महाराष्ट्र में कांग्रेस का प्रचार करने वाले अन्य शीर्ष नेताओं में पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी तथा उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हो सकती हैं। प्रियंका उत्तर प्रदेश में पार्टी महासचिव हैं। 

सोनिया गांधी का स्टार प्रचारकों में शामिल होना कांग्रेस द्वारा महाराष्ट्र चुनावों को दी जा रही तवज्जो को दिखाता है। सोनिया इस साल हुए लोकसभा चुनावों के दौरान प्रचार से दूर रही थीं। एक समय कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाला महाराष्ट्र भाजपा के सत्ता में आने के बाद से उसके हाथ से निकल गया है। साल 2014 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कुल 288 सीटों में से केवल 42 पर ही जीत सकी। लोकसभा चुनाव में उसका प्रदर्शन खराब रहा और उसने केवल दो सीटें जीती। साल 2019 के आम चुनावों में पार्टी महज एक सीट जीत पायी। इस बार के विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने राकांपा के साथ गठबंधन किया है। 

हालांकि महागठबंधन के लिए छोटे दलों के साथ बातचीत सीटों के आवंटन को लेकर बाधित हो गयी। सीटों के बंटवारे पर समझौते के अनुसार कांग्रेस और राकांपा के 125-125 सीटों पर चुनाव लड़ने की संभावना थी लेकिन कांग्रेस ने अधिक नामांकन पत्र दाखिल किए। राज्य में प्रचार के लिए पार्टी के अन्य प्रमुख प्रचारकों में पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे, पृथ्वीराज चह्वाण और अशोक चह्वान हैं। 

राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री क्रमश: अशोक गहलोत, कमल नाथ और भूपेश बघेल भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं। राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, ज्योतिरादित्य सिंधिया, शत्रुघ्न सिन्हा भी प्रचार करेंगे। यह दिलचस्प है कि पूर्व मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा और संजय निरुपम, पूर्व सांसद प्रिया दत्त स्टार प्रचारकों में शामिल नहीं हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Maharashtra Vidhan Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024