1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. महाराष्ट्र विधान सभा चुनाव 2019
  4. नासिक में गरजे पीएम मोदी, बोले– सीएम फडणवीस ने पूर्ण बहुमत नहीं होने के बावजूद दी स्थिर सरकार

नासिक में गरजे पीएम मोदी, बोले– सीएम फडणवीस ने पूर्ण बहुमत नहीं होने के बावजूद दी स्थिर सरकार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 19, 2019 08:03 am IST,  Updated : Sep 19, 2019 03:09 pm IST

पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को महाराष्ट्र के नासिक में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कश्मीर का जिक्र करते हुए कहा कि कल तक हम कहते थे - कश्मीर हमारा है, अब हर हिंदुस्तानी कहेगा, हमें नया कश्मीर बनाना है, हर कश्मीरी को गले लगाना है और हमें वहां फिर से स्वर्ग बनाना है।

नासिक में गरजे पीएम...- India TV Hindi
नासिक में गरजे पीएम मोदी Image Source : INDIA TV

नासिक। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों की घोषणा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नासिक में रैली को संबोधित किया। पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा ये रैली सूबे के सीएम देवेंद्र फडणवीस द्वारा निकाली जा रही महाजनसंदेश यात्रा के समापन के मौके पर की गई। इस रैल में पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत मराठी भाषा से की, उन्होंने कहा कि सीएम देवेंद्र फडणवीस को उनके 4000 किलोमीटर के राज्य दौरे में करोड़ों लोगों ने आशीर्वाद दिया।

उन्होंने कहा कि जब लोकसभा चुनाव चरम पर था, तब मैं डिंडोरी में एक सभा करने आया था। उस सभा में ऐसा जनसैलाब उमड़ा था कि उसने पूरे देश में चल रही भाजपा की लहर को और प्रचंड बना दिया था। आज नासिक की ये रैली और भी आगे निकल गई है। इतना ज्यादा जनसैलाब आज उमड़ा है।

‘पहले की सरकारों में थी राजनीतिक अस्थिरता’

पीएम मोदी ने कहा कि पहले की सरकारों में राजनीतिक अस्थिरता के कारण महाराष्ट्र जिस तेजी से आगे बढ़ना चाहिए था, उस तेजी से आगे नहीं बढ़ा। मुंबई महानगरी की चकाचौंध में महाराष्ट्र के दूर दराज के क्षेत्र, वहां के गरीब, किसान राजनीतिक अस्थिरता के शिकार हो गए।

उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस ने 5 वर्ष अखंड और अविरत साधना करके महाराष्ट्र की सेवा की और राज्य को नई दिशा दी। अब महाराष्ट्र की जिम्मेवारी है की फिर एक बार उन्हें ही के नेतृत्व में स्थिर राजनीति का फायदा उठाना चाहिए।

‘बीते 5 सालों में महाराष्ट्र को स्थिरता मिली’

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “देवेंद्र जी को 5 साल पहले आपने जो जिम्मेदारी दी थी उसका रिपोर्ट कार्ड उन्होंने आपके सामने रखा है। बीते 5 साल में महाराष्ट्र को स्थिरता मिली, विकास मिला, कानून-व्यवस्था का विश्वास मिला, सामाजिक सद्भाव मिला, सहकार और सरोकार का भाव भी मिला।”

उन्होंने आगे कहा, “जब लोकसभा का चुनाव हुआ, तो 60 साल के बाद पहली बार एक सरकार दोबारा चुनकर आई और पहले से ज्यादा बहुमत के साथ चुनकर आई। जब आप ताकत देते हैं तो सरकार कैसे काम करती है, हमारी सरकार के प्रथम 100 दिन का कार्यकाल इसका उदाहरण है।”

‘केंद्र सरकार का पहला शतक आपके सामने है’

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “केंद्र में नई सरकार को बनें 100 दिन पूरे हो चुके हैं और इस सरकार का पहला शतक आपके सामने है। इस शतक में धार भी है, रफ़्तार भी है और आने वाले 5 वर्षों की साफ सुथरी तस्वीर भी है। पहले शतक में देश, समाज और दुनिया में नए भारत के नए दृष्टिकोण की झलक है। कठिन चुनौतियों से टक्कर की ललक भी है, विकास का जोश भी है और भारत की वैश्विक ताकत का सन्देश भी है।”

‘देश को बनाएंगे सशक्त’

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमने वादा किया था कि देश की सेना को सशक्त बनाने और अपने सैनिकों के सशक्तिकरण के लिए हर कदम उठाएंगे। हाल में दो महाशक्तिशाली हैलिकॉप्टर हमारी सैन्य शक्ति का हिस्सा बन चुके हैं, बहुत जल्द राफेल फाइटर जेट भी हमारी वायुसेना को सशक्त करेगा।

‘100 से ज्यादा देशों में निर्यात की जा रही है बुलेट प्रूफ जैकेट’

उन्होंने कहा कि दुनिया के 100 से ज्यादा देशों को आज भारत में बनी बुलेट प्रूफ जैकेट निर्यात की जा रही है। भाजपा सरकार का मतलब ही है देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता। हमारे लिए देश से बड़ा कुछ नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि हमने पूरे देश से वादा किया था कि जम्मू कश्मीर और लद्दाख की समस्याओं के समाधान के लिए नए प्रयास करेंगे। आज मैं संतोष के साथ कह सकता हूं कि देश उस सपनों को साकार करने की दिशा में चल पड़ा है।

‘अब हर हिंदुस्तानी कहेगा, हमें नया कश्मीर बनाना है’

पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में कश्मीर का जिक्र करते हुए कहा कि कल तक हम कहते थे - कश्मीर हमारा है, अब हर हिंदुस्तानी कहेगा, हमें नया कश्मीर बनाना है, हर कश्मीरी को गले लगाना है और हमें वहां फिर से स्वर्ग बनाना है।

उन्होंने आगे कहा कि देश को एहसास है कि इस फैसले की आड़ में अस्थिरता और अविश्वास फैलाने की तमाम को कोशिशें सीमा पार से हो रही हैं। जम्मू-कश्मीर में हिंसा भड़काने की भरपूर कोशिश हो रही है। लेकिन जम्मू कश्मीर की आवाम इस हिंसा से बाहर निकलने का मन बना चुकी है।

कश्मीर को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना

विपक्ष पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख नई संभावनाओं को गले लगा रहा है लेकिन विपक्ष के साथी इसमें भी राजनैतिक स्वार्थ ढूंढ रहे हैं। दुर्भाग्य है कि इस फैसले के बाद कांग्रेस, NCP के वरिष्ठ नेताओं को जिस तरह का बर्ताव और सहयोग करना चाहिए था, वैसा दिख नहीं रहा।

एनसीपी प्रमुख शरद पवार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, “ये दुर्भाग्य है कि शरद पवार जैसे वरिष्ठ नेता गलत बयान दे रहे हैं। उन्हें पड़ोसी देश अच्छा लगता है। वहां के शासक-प्रशासक उनको कल्याणकारी लगते हैं। लेकिन पूरा महाराष्ट्र, पूरा भारत जानता है और पूरी दुनिया जानती है कि आतंक की फैक्ट्री कहां पर है।”

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Maharashtra Vidhan Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024