1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. सोनिया गांधी से मिलकर चुपचाप निकले सिद्धू, हरीश रावत ने कहा-पंजाब पर अभी कोई फैसला नहीं

सोनिया गांधी से मिलकर चुपचाप निकले सिद्धू, हरीश रावत ने कहा-पंजाब पर अभी कोई फैसला नहीं

 Reported By: Vijai Laxmi @Vijai_laxmi
 Published : Jul 16, 2021 12:54 pm IST,  Updated : Jul 16, 2021 12:54 pm IST

सोनिया गांधी और सिद्धू की मुलाकात को लेकर जब हरीश रावत से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें बातचीत की कोई जानकारी नहीं है और वह सिर्फ पंजाब को लेकर अपना नोट देने के लिए कांग्रेस अध्यक्षा से मिलने आए थे।

नवजोत सिंह सिद्धू ने...- India TV Hindi
नवजोत सिंह सिद्धू ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी से मुलाकात की है Image Source : PTI

नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस में नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच मची कलह को खत्म करने के लिए कांग्रेस पार्टी के सामने फिलहाल कोई हल नजर नहीं आ रहा है। शुक्रवार सुबह नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब से दिल्ली आए और उन्होंने कांग्रेस पार्टी की अध्यक्षा सोनिया गांधी के साथ मुलाकात की, 10 जनपथ पर हुई इस मुलाकात के बाद सिद्धू चुपचाप निकल गए और उन्होंने इसपर कोई बयान नहीं दिया कि सोनिया गांधी के साथ क्या बात हुई है। इस मुलाकात में कांग्रेस पार्टी के पंजाब प्रभारी हरीश रावत भी मौजूद थे। 

मुलाकात को लेकर जब हरीश रावत से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें बातचीत की कोई जानकारी नहीं है और वह सिर्फ पंजाब को लेकर अपना नोट देने के लिए कांग्रेस अध्यक्षा से मिलने आए थे। हरीश रावत से जब पूछा गया कि क्या कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने सिद्धू को पार्टी की पंजाब इकाई का अध्यक्ष बनाने का फैसला किया है तो इसपर उन्होंने कहा कि ऐसा कौन कहता है। हरीश रावत ने कहा कि जबतक कांग्रेस अध्यक्षा बात को स्पष्ट नहीं करती है तबतक उन्हें भी पता नहीं होगा कि उनका क्या निर्णय होगा। 

विधानसभा चुनावों से ठीक पहले पार्टी नेता नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच छिड़ी राजनीतिक जंग कांग्रेस के लिए बड़ा सिरदर्द साबित हो रही है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने आज सिद्धू दिल्ली बुलाया था और नवजोत सिंह सिद्धू सुबह 6 बजे पटियाला से दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे और दोपहर लगभग 12 बजे वे सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर पहुंचे और वहीं पर मुलाकात की।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सिद्धू और कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच कहल को कम करने के लिए कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने सिद्धू को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला किया था और अमरिंदर सिंह को विधानसभा चुनावों में पार्टी के मुख्यमंत्री के तौर पर आगे रखने की बात हुई थी। सूत्रों के अनुसार सिद्धू ने अपने समर्थकों के बीच यह कहना शुरू कर दिया था कि कांग्रेस पार्टी उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त कर रही है।

लेकिन सूत्रों का यह भी कहना है कि अमरिंदर सिंह नहीं चाहते कि विधानसभा चुनाव सिद्धू के नेतृत्व में लड़ा जाए। अमरिंदर सिंह ने सिद्धू को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने के प्रस्ताव पर नाराजगी जताई थी और पार्टी शीर्ष नेतृत्व को यहां तक कह दिया था कि अगर सिद्धू को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाकर चुनाव लड़ा जाता है तो वे सिद्धू के नेतृत्व में चुनाव नहीं लड़ेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024