1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. Assembly Election Result 2022: यूपी सहित 4 राज्यों में बीजेपी का परचम, पंजाब में 'आप' ने दिखाया जीत का दम

Assembly Election Result 2022: यूपी सहित 4 राज्यों में बीजेपी का परचम, पंजाब में 'आप' ने दिखाया जीत का दम

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 11, 2022 07:12 am IST,  Updated : Mar 11, 2022 08:34 am IST

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाने वाले राज्य उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में अपनी सत्ता बरकरार रखी, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) ने तीन चौथाई बहुमत के साथ पंजाब में प्रचंड जीत हासिल की है।

Assembly Election Result 2022- India TV Hindi
Assembly Election Result 2022 Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाने वाले राज्य उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में अपनी सत्ता बरकरार रखी, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) ने तीन चौथाई बहुमत के साथ पंजाब में प्रचंड जीत हासिल की है। आप ने पंजाब में अपने जबरदस्त प्रदर्शन के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव के पहले विपक्षी खेमे में राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की बदौलत ‘नया इतिहास’ रचते हुए करीब तीन दशकों बाद उत्तर प्रदेश में निवर्तमान सरकार की सत्ता में वापसी हुई है। इसके साथ ही, भाजपा के लिए होली का जश्न मनाने का मौका एक सप्ताह पहले आ गया। 

अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप को दिल्ली के बाहर अप्रत्याशित जनादेश और गोवा में दो सीटों से विपक्षी खेमे में उसकी मजबूत स्थिति बनने की संभावना है। केजरीवाल ने पंजाब में पार्टी के प्रदर्शन को ‘क्रांति’ बताया। मोदी ने दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह नतीजे पार्टी के ‘गरीब हितैषी और अति सक्रिय शासन’ पर जनता की ‘बड़ी मजबूत मुहर’ है। उन्होंने कहा, ‘जो लोग उत्तर प्रदेश को जाति के चश्मे से देखते हैं, वे इसका अपमान करते हैं, राज्य के लोगों ने 2014 से विकास की राजनीति के लिए बार-बार वोट दिया है।’ फरवरी और मार्च में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम लोगों के मिजाज को भांपने का भी मौका था। 

प्रियंका का प्रचार नहीं आया काम, कांग्रेस सिर्फ 2 सीटों पर सिमटी

चुनावी मुकाबले में सभी राज्यों में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। कांग्रेस, जो अब केवल राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सत्ता में है, पंजाब हार गई और गांधी भाई-बहनों, राहुल और प्रियंका के जोरदार चुनाव प्रचार अभियान के बावजूद उत्तर प्रदेश में केवल दो सीटें हासिल कर सकी। अब कांग्रेस की तरह आम आदमी पार्टी भी दो राज्यों में सत्ता में होगी। अंतिम रूझान और नतीजों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में आदित्यनाथ ने पूर्ण कार्यकाल के बाद राज्य में सत्ता में वापसी की है। भाजपा बहुमत से कहीं आगे निकल चुकी है। उत्तर प्रदेश में भाजपा के प्रदर्शन ने यह भी संकेत दिया कि पिछले साल कोविड-19 की विनाशकारी दूसरी लहर और तीन विवादास्पद कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों द्वारा किए गए विरोध का राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ा। 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य के लोगों ने जाति और धर्म की राजनीति को दरकिनार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा और उसके सहयोगियों की जीत सुनिश्चित की है। उन्होंने लखनऊ स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष द्वारा पिछले दो-तीन दिनों से चलाए जा रहे 'भ्रामक' अभियान को उन लोगों ने दरकिनार कर दिया है, जिन्होंने भाजपा के अच्छे शासन में विश्वास जताया।

‘बुलडोजर बाबा जिंदाबाद’ के नारों से गूंजा गोरखपुर

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव, 2022 में अपराधियों और माफिया के खिलाफ ‘बुलडोजर’ चलाने का स्लोगन देकर बहुमत से सत्ता में लौटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके समर्थकों ने ‘बुलडोजर बाबा’ का नया नाम दिया है। लखनऊ, प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय जिला वाराणसी और योगी के अपने क्षेत्र गोरखपुर सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में जीत से उत्साहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला और ‘बुलडोजर बाबा जिंदाबाद’ का नारा लगाते हुए मुख्यमंत्री को नया नाम देते दिखे। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में 99 सीटों पर जीत दर्ज की और 11 पर बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल (सोनेलाल) ने 11 सीटों पर जीत हासिल की है और एक पर आगे है। मायावती की बहुजन समाज पार्टी ने 2017 में 19 सीटें जीती थी लेकिन इस बार केवल एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है।

पंजाब: आप की आंधी में उड़ गए कई दिग्गज 

भाजपा ने लगभग सभी राज्यों में अपने मत प्रतिशत में वृद्धि की, जिसमें पंजाब में मामूली वृद्धि भी शामिल है, जहां वह सिर्फ दो सीटें जीतने में सफल रही। पंजाब चुनावों में आप भी दिल्ली से बाहर अपनी पकड़ मजबूत करने में कामयाब हो गई। पंजाब में आप की मजबूत लहर में कई कद्दावर नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। इनमें शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और उनके पिता प्रकाश सिंह बादल, कांग्रेस नेता एवं मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू शामिल हैं। 

भगतसिंह के पैतृक गांव में होगा शपथ समारोह: मान

केजरीवाल ने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में कहा, ‘पहले यह क्रांति दिल्ली में हुई, फिर पंजाब में और अब यह पूरे देश में होगी।’ पंजाब में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने कहा कि राज्य के नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह नवांशहर जिले के खटकरकलां में होगा जो महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह का पैतृक गांव है। पंजाब में 2017 के चुनाव में आप ने 18 सीटों पर जीत हासिल की थी। आप के नेता राघव चड्ढा ने संगरूर में भगवंत मान के किराए के आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, आने वाले दिनों में आप एक राष्ट्रीय दल के रूप में उभरेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024