1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. PM मोदी बोले- स्थानीय प्रशासन के हाथ खड़े करने के कारण जालंधर मंदिर में नहीं कर सका पूजा

PM मोदी बोले- स्थानीय प्रशासन के हाथ खड़े करने के कारण जालंधर मंदिर में नहीं कर सका पूजा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 14, 2022 08:13 pm IST,  Updated : Feb 14, 2022 08:13 pm IST

पांच जनवरी को फिरोजपुर में प्रदर्शनकारियों द्वारा यातायात अवरूद्ध किए जाने के कारण उनका काफिला एक फ्लाईओवर पर फंस गया था और प्रधानमंत्री को वापस लौटना पड़ा था। उस दिन उनका एक रैली को संबोधित करने का भी कार्यक्रम था।

PM Modi- India TV Hindi
PM Modi Image Source : PTI

जालंधर (पंजाब): फिरोजपुर में सुरक्षा चूक के कारण अपनी पंजाब यात्रा बीच में ही रद्द करने के करीब एक महीने बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि वह यहां के एक मंदिर का दर्शन नहीं कर सके, क्योंकि स्थानीय प्रशासन आवश्यक व्यवस्था नहीं कर सका। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पंजाब की सरकार का हाल है। इसके साथ ही उन्होंने जोर दिया कि वह फिर जालंधर आएंगे और देवी तालाब मंदिर में पूजा करेंगे।

मोदी 20 फरवरी को पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पहली बार राज्य में लोगों को प्रत्यक्ष संबोधित कर रहे थे। इससे पहले पांच जनवरी को फिरोजपुर में प्रदर्शनकारियों द्वारा यातायात अवरूद्ध किए जाने के कारण उनका काफिला एक फ्लाईओवर पर फंस गया था और प्रधानमंत्री को वापस लौटना पड़ा था। उस दिन उनका एक रैली को संबोधित करने का भी कार्यक्रम था। प्रधानमंत्री ने यहां एक रैली में कहा कि उनकी इच्छा देवी तालाब मंदिर में पूजा करने की थी, ‘‘लेकिन यहां पुलिस और प्रशासन ने कहा कि वे व्यवस्था करने में असमर्थ हैं।’’ उन्होंने कहा कि पंजाब में अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी नीत गठबंधन की बनेगी और राज्य में विकास का एक नया अध्याय शुरू होगा।

उन्होंने कांग्रेस की पंजाब इकाई में आंतरिक कलह को लेकर पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने पार्टी पर कटाक्ष करते हुए सवाल किया कि जो लोग आपस में लड़ रहे हैं, क्या वे स्थिर सरकार दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि पूरा देश नए भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और यह तब साकार हो सकता है, जब "नवा (नया) पंजाब" होगा। उन्होंने कहा, "वह नवा पंजाब जो ऋण से मुक्त और अवसरों से भरा होगा, जहां हर दलित को सम्मान मिलेगा, और हर कदम पर समान अवसर मिलेगा, उस नवा पंजाब में भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश नहीं होगी।"

मोदी ने आठ फरवरी को डिजिटल तरीके से एक रैली को संबोधित किया था। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की नीतियों ने पंजाब में उद्योगों को नष्ट कर दिया और रोजगार को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के पास नए पंजाब के लिए एक दृष्टि है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "पंजाब में राजग गठबंधन सरकार बनाएगा। पंजाब में विकास का एक नया अध्याय शुरू होगा। मैं लोगों, खासकर युवाओं को आश्वस्त करना चाहता हूं कि उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।"

उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि कांग्रेस कभी पंजाब के लिए काम नहीं कर सकती। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग यहां झूठ का खेल खेलने के लिए आए हैं और वे पंजाब को नशा मुक्त बनाने की बात कर रहे हैं, लेकिन सड़कों पर शराब की दुकानें खोलने में कुशल हैं। पंजाब में मादक पदार्थों की समस्या का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, "मैं युवा पीढ़ी को बचाना चाहता हूं।"

भाजपा 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा के लिए अमरिंदर सिंह नीत पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव सिंह ढींढसा के शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रही है। जालंधर की इस रैली में ढींढसा और सिंह भी मौजूद थे।

(इनपुट- एजेंसी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024