1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. रविवार को SP का दामन थामेंगे कई नेता, अखिलेश 12.30 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

रविवार को SP का दामन थामेंगे कई नेता, अखिलेश 12.30 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 11, 2021 07:37 pm IST,  Updated : Dec 11, 2021 07:40 pm IST

बीजेपी के विधायक भी कल सपा में शामिल होंगे। बताया जाता है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इन लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे।

रविवार को SP का दामन थामेंगे कई नेता, अखिलेश 12.30 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस- India TV Hindi
रविवार को SP का दामन थामेंगे कई नेता, अखिलेश 12.30 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस Image Source : PTI

Highlights

  • हरिशंकर तिवारी के बेटे और बीएसपी विधायक विनय शंकर तिवारी SP में होंगे शामिल
  • भीम शंकर तिवारी, पूर्व सांसद संत कबीर नगर भी SP में शामिल होंगे

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले नेताओं के दल बदलने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में कल कई नेता अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। जानकारी के मुताबिक गोरखपुर से कभी बड़े बाहुबली रहे हरिशंकर तिवारी का परिवार भी समाजवादी में शामिल होगा। हरिशंकर तिवारी के बेटे और बीएसपी विधायक विनय शंकर तिवारी, बीएसपी एमएलसी गणेश शंकर पांडेय, भीम शंकर तिवारी पूर्व सांसद संत कबीर नगर समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे। वहीं बीजेपी के विधायक भी कल सपा में शामिल होंगे। बताया जाता है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव दिलाएंगे इन लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। 

अखिलेश ने भाजपा सरकार को 'कैंचीजीवी' कहा 

अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार को 'कैंचीजीवी' करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना का उद्घाटन किया, जिसका तीन चौथाई कार्य पूर्ववर्ती सपा सरकार के कार्यकाल में ही पूरा हो गया था। अखिलेश यादव ने बलरामपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सरयू नहर परियोजना का उद्घाटन किए जाने के बाद एक ट्वीट में कहा, "दुनिया में मूलतः दो तरह के लोग होते हैं। कुछ वो जो सच में काम करते हैं और कुछ वो जो दूसरों का काम अपने नाम करते हैं…सपा की काम करनेवाली सरकार में और आज की ‘कैंचीजीवी’ सरकार में ये फ़र्क़ साफ़ है… इसीलिए 2022 के चुनाव में भाजपा पूरी तरह होने वाली साफ़ है।’’ 

इसके पूर्व प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले अखिलेश ने एक अन्य ट्वीट में कहा था, "सपा के समय तीन चौथाई बन चुकी सरयू राष्ट्रीय परियोजना के शेष बचे काम को पूर्ण करने में उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने पांच साल लगा दिए। 2022 में फिर सपा का नया युग आएगा… विकास की नहरों से प्रदेश लहलहाएगा।" इससे पहले, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिलसिलेवार ट्वीट करके कहा, "आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश 'सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना' के माध्यम से श्रद्धेय अटल जी के स्वप्न 'नदी जोड़ो परियोजना' को साकार करने वाला देश का प्रथम राज्य है। प्रदेश के आठ आकांक्षात्मक जनपदों में से चार जनपद भी इससे लाभान्वित होंगे।" 

मुख्यमंत्री ने कहा, "पांच नदियों घाघरा, सरयू, राप्ती, बाणगंगा व रोहिणी को जोड़ने वाली 'सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना' जल संसाधनों के समुचित उपयोग को सुनिश्चित करती 'प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना' की सबसे बड़ी परियोजना है। इस युगांतकारी सौगात हेतु आदरणीय प्रधानमंत्री जी का हार्दिक आभार। जनविरोधी विपक्षी सरकारों की अकर्मण्यता के कारण विगत पांच दशकों से उत्तर प्रदेश में 18 कृषि कल्याणकारी परियोजनाएं लंबित थीं।" उन्होंने दावा करते हुए कहा, ‘‘आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में किसान हित को समर्पित वर्तमान प्रदेश सरकार ने उनमें से 17 परियोजनाओं को धरातल पर उतार दिया है।

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024