1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. सोनिया गांधी ने चुनावी राज्यों के कांग्रेस अध्यक्षों से इस्तीफा मांगा, लल्लू और गोदियाल ने पद छोड़ा

सोनिया गांधी ने चुनावी राज्यों के कांग्रेस अध्यक्षों से इस्तीफा मांगा, लल्लू और गोदियाल ने पद छोड़ा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 15, 2022 11:40 pm IST,  Updated : Mar 16, 2022 07:13 am IST

सुरजेवाला ने ट्वीट किया, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर की प्रदेश इकाइयों के अध्यक्षों को इस्तीफा देने के लिए कहा है।

Ajay Kumar Lallu, Ganesh Godiyal Resigns, Ajay Kumar Lallu Resigns, Sonia Gandhi- India TV Hindi
Congress interim President Sonia Gandhi. Image Source : PTI FILE

Highlights

  • उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने इस्तीफा दे दिया है।
  • मैं परिणाम के दिन ही इस्तीफा देना चाहता था पर आलाकमान के आदेश की प्रतीक्षा पर रुका था: गणेश गोदियाल
  • उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

नयी दिल्ली: हालिया विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पांचों चुनावी राज्यों के पार्टी अध्यक्षों से इस्तीफा देने को कहा। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के इस निर्देश के कुछ देर बाद ही उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अपने त्यागपत्र की घोषणा की। सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्य समिति की बैठक के 2 दिनों बाद यह कदम उठाया है।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, गोवा इकाई के अध्यक्ष गिरीश चोडानकर और मणिपुर इकाई के अध्यक्ष एन लोकेन सिंह से इस्तीफा देने को कहा गया है। सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर की प्रदेश इकाइयों के अध्यक्षों को इस्तीफा देने के लिए कहा है ताकि प्रदेश कांग्रेस कमेटियों का पुनर्गठन किया जा सके।’


गत रविवार को हुई कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए कहा था कि वह संगठनात्मक चुनाव पूरा होने तक पद पर बनी रहें और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए जरूरी कदम उठाएं। कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश के कुछ देर बाद गोदियाल ने अपने इस्तीफे की घोषणा की। गोदियाल ने अपना इस्तीफा ट्वीट करते हुए कहा, ‘प्रदेश में हुये विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए आज मैंने अपना इस्तीफा सौंप दिया है। मैं परिणाम के दिन ही इस्तीफा देना चाहता था पर आलाकमान के आदेश की प्रतीक्षा पर रुका था।’

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार कर सामना करना पड़ा है। उसे 70 सदस्यीय विधानसभा में सिर्फ 19 सीट मिलीं, जबकि भाजपा ने 47 सीट जीतकर सत्ता बरकरार रखी है। गोदियाल को भी राज्य की श्रीनगर विधानसभा सीट से हार का सामना करना पड़ा। गोदियाल के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। लल्‍लू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र भेजकर अपना इस्तीफा सौंपा और मंगलवार रात को इस पत्र को ट्विटर पर साझा कर यह जानकारी दी।

पंजाब में कांग्रेस को आम आदमी पार्टी से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी और उसे सिर्फ 18 सीटें मिलीं। प्रदेश अध्यक्ष सिद्धू भी अमृतसर पूर्व से चुनाव हार गए। उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी वाद्रा के पूरी ताकत झोंकने के बावजूद कांग्रेस सिर्फ दो सीटों पर सिमट गई। पार्टी को गोवा में 11 और मणिपुर में सिर्फ पांच सीटों से संतोष करना पड़ा। अजय कुमार लल्लू को अगस्त, 2019 में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी, सिद्धू को जुलाई, 2021 में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी, गोदियाल को जुलाई, 2021 में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी, चोडानकर को अप्रैल, 2018 में गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी और लोकेन सिंह को सितंबर, 2021 में मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

सोनिया गांधी ने चुनावी राज्यों के अध्यक्षों के खिलाफ यह कार्रवाई उस वक्त की है जब पार्टी के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने कहा है कि गांधी परिवार को पार्टी नेतृत्व छोड़ देना चाहिए और किसी अन्य नेता को मौका देना चाहिए। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024