1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. UP Election 2022 : सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा-'यह चुनाव ‘छलिया’ बनाम बलिया है'

UP Election 2022 : सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा-'यह चुनाव ‘छलिया’ बनाम बलिया है'

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 01, 2022 02:58 pm IST,  Updated : Mar 01, 2022 02:58 pm IST

 न जाने कितनी बार भाजपा के लोगों ने ‘छला’ है, इतना ‘छला’ है कि ‘‘यह चुनाव छलिया बनाम बलिया दिखाई दे रहा है।" 

Akhilesh Yadav, SP- India TV Hindi
Akhilesh Yadav, SP Image Source : PTI

Highlights

  • लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव-अखिलेश
  • भाजपा ने लोगों को छलने का काम किया-अखिलेश

बलिया : समाजवादी पार्टी (सप) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भाजपा पर जनता के साथ ‘छल’ करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि उत्तर प्रदेश का मौजूदा विधानसभा चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। अखिलेश ने बलिया जिले के फेफना में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बलिया के लोग जानते हैं कि न जाने कितनी बार भाजपा के लोगों ने उन्हें ‘छला’ है, इतना ‘छला’ है कि ‘‘यह चुनाव छलिया बनाम बलिया दिखाई दे रहा है।" 

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के लोगों ने कहा था कि उनकी सरकार आ जाएगी तो किसानों की आमदनी दोगुनी हो जाएगी, किसान बताएं कि क्या किसी की आमदनी दोगुनी हुई है?क्या किसानों को खाद मिली?,क्या समर्थन मूल्य पर उनकी फसल खरीदी गई? अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा, "अब तो भाजपा के सहयोगी भी जान गए हैं कि भाजपा के लोग झूठ बोलते हैं। भाजपा के छोटे नेता छोटा झूठ बोल रहे हैं, जो बड़े नेता हैं वे बड़ा झूठ बोल रहे हैं और जो सबसे बड़े नेता हैं वह सबसे बड़ा झूठ बोल रहे हैं।" 

उन्होंने कहा कि बलिया के लोगों ने हमेशा राजनीति को नई दिशा दिखाई है, यह चुनाव कोई छोटा-मोटा चुनाव नहीं है। यह भारत के संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। सपा प्रमुख ने कहा कि बलिया वालों ने हमेशा क्रांतिकारी रास्ता चुना है, मुझे खुशी है कि ‘समाजवादियों’ के साथ ‘अंबेडकरवादी’ मिलकर इस देश का संविधान और लोकतंत्र बचाने में लगे हैं। अखिलेश ने सपा और गठबंधन के सभी प्रत्याशियों को ऐतिहासिक मतों से जीत दिलाने की अपील की। 

उन्होंने कहा, "मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि जो विकास की गति समाजवादी सरकार में थी उसे और तेज किया जाएगा, क्योंकि जब विकास होगा तो हमारा किसान खुशहाल होगा हमारे नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलेगा।’’ 

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024