1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. Uttarakhand Election 2022: योगी आदित्यनाथ बोले- चुनाव में छोटी सी चूक राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है

Uttarakhand Election 2022: योगी आदित्यनाथ बोले- चुनाव में छोटी सी चूक राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 12, 2022 05:49 pm IST,  Updated : Feb 12, 2022 05:49 pm IST

उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों पर 14 फरवरी को हो रहे मतदान से पहले टिहरी में भाजपा प्रत्याशी किशोर उपाध्याय के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘अगर उत्तराखंड में भाजपा की सरकार नहीं होगी तो उत्तर प्रदेश से भागने वाले सभी अपराधी यहां शरण लेकर तबाही मचाएंगे।’’

Yogi Adityanath - India TV Hindi
Yogi Adityanath  Image Source : @MYOGIADITYANATH

Highlights

  • योगी ने टिहरी में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार किया
  • उत्तराखंड सही दिशा में जा रहा है और उसे उसी रास्ते पर चलते रहना चाहिए- योगी
  • जिसे खुद को हिंदु कहने में गौरव नहीं है, वह हिंदु शब्द को परिभाषित नहीं कर सकता- योगी

नई टिहरी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने शनिवार को उत्तराखंड की जनता से विधानसभा चुनाव में कोई गलती न करने की अपील करते हुए कहा कि थोड़ी सी भी चूक देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है। उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों पर 14 फरवरी को हो रहे मतदान से पहले टिहरी में भाजपा प्रत्याशी किशोर उपाध्याय के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘अगर उत्तराखंड में भाजपा की सरकार नहीं होगी तो उत्तर प्रदेश से भागने वाले सभी अपराधी यहां शरण लेकर तबाही मचाएंगे।’’ 

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखंड एक तो उनकी जन्मभूमि है और दूसरा सीमांत प्रदेश भी है। उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से इसका अपना महत्व है और उत्तर प्रदेश से सटा होने के कारण चिंता का विषय भी है। उत्तर प्रदेश में जब हम अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करेंगे तथा अगर यहां भाजपा की सरकार नहीं होगी तो वे सब यहां आकर शरण लेंगे और तबाही मचाएंगे।’’ 

योगी ने कहा कि आजकल आ रहे सभी सर्वेंक्षण और ओपिनियन पोल संकेत दे रहे हैं कि भाजपा उत्तर प्रदेश में वापस सत्ता में आ रही है। उन्होंने कहा कि 2017 में भाजपा को जितनी सीटें मिली थीं, 2022 में भी उतनी ही मिलेंगी। उत्तराखंड जैसे 'राष्ट्रीय सुरक्षा के अभेद्य दुर्ग' में छेद करने का प्रयास करने के​ लिए कांग्रेस की आलोचना करते हुए योगी ने कहा कि उसे यहीं रोक दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सही दिशा में जा रहा है और उसे उसी रास्ते पर चलते रहना चाहिए। 

प्रदेश में मुस्लिम विश्वविद्यालय की बात करने के लिए कांग्रेस पर हमला बोलते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि पार्टी के पास कोई नेतृत्व नहीं है। हिंदु को 'सांप्रदायिक की बजाय सांस्कृतिक शब्द' बताते हुए योगी ने कहा, ‘‘स्वामी विवेकानंद ने वैश्विक मंच पर हमें गर्व से कहना सिखाया कि हम हिंदु है, लेकिन राहुलजी के पूर्वज कहते थे कि हम 'एक्सीडेंटल हिंदु' हैं।’’ उन्होंने कहा कि जिसे खुद को हिंदु कहने में गौरव नहीं है, वह हिंदु शब्द को परिभाषित नहीं कर सकता और इसलिए उसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024