1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2018
  4. TRS के साथ खड़ी रहेगी AIMIM, KCR से मिलने के बाद ओवैसी का बयान

TRS के साथ खड़ी रहेगी AIMIM, KCR से मिलने के बाद ओवैसी का बयान

 Written By: India TV News Desk
 Published : Dec 10, 2018 01:44 pm IST,  Updated : Dec 10, 2018 08:12 pm IST

नतीजों से पहले दोनो दलों के नेताओं की एक दूसरे से मुलाकात नतीजों के बाद के गठजोड़ की तरफ इशारा कर रही है

KCR Owaisi meeting live updates- India TV Hindi
KCR Owaisi meeting live updates

हैदराबाद AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने सोमवार को कहा कि तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) अपने बलबूते तेलंगाना में अगली सरकार बनायेगी और उनकी पार्टी TRS तथा उसके प्रमुख के चन्द्रशेखर राव के साथ खड़ी रहेगी। मतगणना से एक दिन पहले राव से करीब तीन घंटे तक बैठक करने के बाद उन्होंने इस संभावना को तवज्जो नहीं दिया जहां भाजपा के TRS के साथ जाने पर उनकी पार्टी अलग हो जाएगी । उन्होंने कहा कि KCR को जीत का पूरा विश्वास है। 

उन्होंने कहा, ‘‘अपनी पार्टी की ओर से मैं कार्यवाहक मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव से मिला। मुझे पक्का यकीन है और KCR साब को भी विश्वास है..... कि तेलंगाना के लोग एक बार फिर केसीआर को मुख्यमंत्री पद का आशीर्वाद देंगे और वह अपने बलबूते नयी सरकार बनायेंगे। ’’ जब उनसे पूछा गया कि यदि भाजपा TRS के साथ जाती है तो क्या AIMIM पीछे हट जाएगी तो उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा परिदृश्य नहीं उभरेगा। भाजपा की (भंग विधानसभा में) पांच सीटें हैं और यह घटेगी ही, कल पूर्वाह्न तक आप देखेंगे।’’ 

उनका बयान ऐेसे समय में आया है जब भाजपा ने संकेत दिया है कि यदि टीआरएस बहुमत से पीछे रह जाती है तो उसे समर्थन देने का विकल्प बंद नहीं हुआ है। 

तेलंगाना में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में भाजपा के विकल्पों के बारे में पूछे जाने पर पार्टी प्रवक्ता जी वी एल नरसिम्हा राव ने कहा था कि भाजपा निश्चित ही स्थिर सरकार चाहती है। उन्होंने कहा था,‘‘त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में हम देखेंगे कि कौन हमारा समर्थन मांगता है, हमारा समर्थन निश्चित ही कांग्रेस या AIMIM के लिए नहीं होगा।’’ 

मोटरसाइिकल से मुख्यमंत्री के कैंप ऑफिस सह आवास ‘प्रगति भवन’ तक गये ओवैसी ने कहा, ‘‘कल जब नतीजा घोषित होगा तब के चंद्रशेखर राव फिर तेलंगाना के मुख्यमंत्री होंगे और इस संबंध में कोई संदेह नहीं है। वह बिना किसी के समर्थन के सरकार बनायेंगे। AIMIM पार्टी KCR के साथ खड़ी है और उन्हें हमारी पार्टी के समर्थन की जरुरत नहीं होगी।’’ जब उनसे पूछा गया कि क्या AIMIM सरकार में शामिल होगी तो उन्होंने कहा, ‘‘हमारी इच्छा सरकार का हिस्सा बनने की नहीं हैँ........... ।’’ 

AIMIM ने सात दिसम्बर को हुए विधानसभा चुनाव में आठ सीटों पर चुनाव लड़ा था जबकि 2014 के चुनाव में इस पार्टी ने सात सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किये थे और टीआरएस का समर्थन किया था। तेलंगाना में सात दिसंबर को विधानसभा चुनाव हुआ था जिसकी मतगणना मंगलवार को होगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Telangana Assembly Election 2018 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024