1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. भोजपुरी
  4. खेसारी लाल यादव के शो में बवाल, खुर्दा महोत्सव में भोजपुरी स्टार पर फेंकी गई चप्पल, चढ़ा पप्पू यादव का पारा

खेसारी लाल यादव के शो में बवाल, खुर्दा महोत्सव में भोजपुरी स्टार पर फेंकी गई चप्पल, चढ़ा पप्पू यादव का पारा

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 25, 2026 12:26 pm IST,  Updated : Oct 25, 2026 12:26 pm IST

बिहार के खुर्दा महोत्सव में परफॉर्मेंस के दौरान खेसारी लाल यादव पर किसी ने चप्पल फेंककर मार दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर पप्पू यादव की नाराजगी भी देखने को मिली।

khesari yadav- India TV Hindi
पप्पू यादव, खेसारी लाल यादव। Image Source : X/@CHAPRAZILA

खेसारी लाल यादव भोजपुरी सिनेमा के बड़े स्टार हैं और स्टारडम के मामले में वह दिनेश लाल यादव और पावरस्टार पवन सिंह जैसे स्टार्स को टक्कर देते हैं। खेसारी लाल यादव रियेलिटी शो बिग बॉस में भी नजर आ चुके हैं और  अब एक चौंकाने वाली घटना को लेकर चर्चा में हैं। दरअसल, खेसारी हाल ही में पूर्णिया के खुर्दा महोत्सव में परफॉर्म करने पहुंचे थे। भोजपुरी स्टार जब स्टेज पर परफॉर्म कर रहे थे, इसी दौरान उन पर किसी ने चप्पल फेंककर मार दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है। खेसारी लाल के साथ ऐसी हरकत देखकर वहां मौजूद सांसद पप्पू यादव का भी पारा चढ़ गया और उन्होंने कार्यक्रम के दौरान इसे लेकर गुस्सा भी जाहिर किया।

खुर्दा वार्षिक महोत्सव में खेसारी लाल पर फेंकी गई चप्पल

पूर्णिया में इन दिनों खुर्दा वार्षिक महोत्सव चल रहा है। इसी जश्न में भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव भी शामिल हुए थे। मेले में उन्होंने भी संगीतमय और जोश से भरी परफॉर्मेंस दी। जब खेसारी परफॉर्म कर रहे थे, इवेंट में मौजूद सभी लोग जश्न में डूबे थे। लेकिन, तभी अचानक भीड़ में से किसी ने खेसारी लाल यादव पर चप्पल फेंककर मार दी, इस घटना से भोजपुरी स्टार भी हैरान रह गए और फिर उन्होंने अपनी परफॉर्मेंस रोक दी। वहीं खेसारी पर चप्पल फेंकने की घटना देखकर इवेंट में मौजूद सांसद पप्पू यादव नाराज हो गए।

खेसारी ने दिया जवाब

चप्पल फेंके जाने पर खेसारी लाल यादव भी नाराज हो गए और परफॉर्मेंस रोक दी और मंच से ही इस व्यवहार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने तीखे शब्दों में इस हरकत पर उस शख्स को खरी-खोटी सुना दी, जिसने उन पर चप्पल फेंकी थी। हालांकि, इस दौरान भी वह संयम में ही रहे और अभद्र भाषा इस्तेमाल नहीं की। उन्होंने कहा- 'अच्छा किए बेटा, आई लव यू। क्या लड़का है, बहुत आगे जाओगे तुम। इतना आगे जाओगे कि वहां जमीन भी नहीं होगी। जो लोग गलती करते हैं, मैं उनका सम्मान करता हूं, क्योंकि इनकी गलती से दुनिया सीखेगी।'

पप्पू यादव ने दी चेतावनी

इस घटना को देखकर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव अपनी नाराजगी जाहिर किए बिना नहीं रह पाए। उन्होंने सिंगर पर चप्पल फेंके जाने की घटना की कड़े शब्दों में आलोचना की और चेतावनी देते हुए कहा कि ये घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है और चप्पल फेंकने वाले को जल्द से जल्द ढूंढ लिया जाएगा। इसी के साथ उन्होंने उन लोगों पर भी गुस्सा जाहिर किया, जो अपनी जान जोखिम में डालकर बिजली के खंभों में चढ़कर खेसारी लाल यादव की परफॉर्मेंस का लुत्फ उठा रहे थे। उन्होंने लोगों को बिजली के खंभों से नीचे उतरने को कहा। उन्होंने कहा कि अगर लोग नीचे नहीं उतरे तो शो को बंद कर दिया जाएगा।

पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में खेसारी लाल यादव

खेसारी लाल यादव पिछले दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रहे। 'राइज एंड फॉल 2' में काजल राघवानी ने शादीशुदा खेसारी लाल यादव के साथ अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बात की और इसी दौरान उन्होंने बताया कि उन्हें खेसारी से कैसे प्यार हुआ। भोजपुरी बवाल के दौरान भी काजल ने एक शादीशुदा शख्स के साथ प्यार का किस्सा साझा किया था। उन्होंने तब कहा था कि वह जानती थीं कि वो शख्स शादीशुदा है, इसके बाद भी उन्हें उससे प्यार हो गया था।

ये भी पढ़ेंः सोनाक्षी सिन्हा के व्लॉग में रणवीर सिंह ने मारी सरप्राइज एंट्री, फिर पुराने अवतार में दिखे 'धुरंधर' स्टार, मांगी कैमियो की फीस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bhojpuri से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।