1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. आखिर अर्जुन कपूर ने क्यों कहा, लोगों में बहस शुरु करवा सकती है 'हाफ गर्लफ्रेंड'

आखिर अर्जुन कपूर ने क्यों कहा, लोगों में बहस शुरु करवा सकती है 'हाफ गर्लफ्रेंड'

 Published : Apr 10, 2017 06:39 pm IST,  Updated : Apr 10, 2017 06:39 pm IST

अर्जुन कपूर इस दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं। हाल ही में उनकी इस फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज किया जा चुका है। इस फिल्म में अर्जुन एक बिहारी लड़के का किरदार निभाते हुए नजर आ रहे हैं।

arjun kapoor- India TV Hindi
arjun kapoor

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर इस दिनों अपनी आगामी फिल्म हाफ गर्लफ्रेंड को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं। हाल ही में उनकी इस फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज किया जा चुका है। इस फिल्म में अर्जुन एक बिहारी लड़के का किरदार निभाते हुए नजर आ रहे हैं। फिल्म में बोली गई अपनी भाषा को लेकर अर्जुन का कहना है कि फिल्म से लोग अंग्रेजी के बजाए अपनी स्थानीय भाषा जानने के महत्व पर बहस शुरू कर सकते हैं। यह फिल्म चेतन भगत के प्रसिद्ध उपन्यास पर आधारित है।

सोमवार को फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर मौजूद अर्जुन ने कहा, "चूंकि किरदार को अंग्रेजी भाषा बोलने में परेशानी होती है, लिहाजा मैं समझता हूं कि फिल्म देखने के बाद लोग अंग्रेजी के बदले अपनी स्थानीय भाषा जानने के महत्व के बारे में बातचीत शुरू कर देंगे।" इस मौके पर फिल्म के निर्देशक मोहित सूरी, लेखक चेतन भगत और अभिनेत्री श्रद्धा कपूर भी मौजूद थे।

अभिनेता ने कहा, "हमारे देश में, कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप कितने ज्ञानी हैं। लेकिन यदि आप अंग्रेजी भाषा बोलने में सहज नहीं हैं, तो लोग आपको तुच्छ समझने लगते हैं। यह शर्मनाक है।" उन्होंने आगे कहा, "अंग्रेजी जानना अच्छी बात है, लेकिन हमें अपनी भाषा बोलने में क्यों शर्मिदगी महसूस होनी चाहिए? क्यों लोग केवल इसके कारण आपके प्रति राय बनाते हैं?"

इस उपन्यास में ग्रामीण भोजपुरी की पृष्ठभूमि पर आधारित बिहार के एक हिंदी भाषी लड़के की भावनाओं और भाषागत संघर्ष को व्यक्त किया गया है, जो एक अंग्रेजी माध्यम के कॉलेज में दाखिला लेता है और बड़े परिवार की अंग्रेजी बोलने वाली अमीर दिल्ली की लड़की से प्रेम करने लगता है।

अपने अनुभव शेयर करते हुए चेतन भगत ने कहा, "मेरी किताब 'हाफ गर्लफ्रेंड' के लॉन्च के दौरान मैंने एक सर्वेक्षण किया और जब मैंने एक लड़की से पूछा कि क्या वह किसी लड़के को अपना बॉयफ्रेंड बनाएगी जो अंग्रेजी न जानता हो? उसने उत्तर दिया- नहीं, कभी नहीं। भारत जैसे देश में मैंने खुद को एक अंग्रेजी भाषी लेखक के नाते खुद को अजनबी और कभी-कभी दुख महसूस किया।"

मोहित सूरी द्वारा निर्देशित 'हाफ गर्लफ्रेंड' को एकता कपूर ने निर्मित किया है। यह फिल्म 19 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन