1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. शाहिद कपूर संग फिल्म बनाने को लेकर इम्तियाज अली का खुलासा

शाहिद कपूर संग फिल्म बनाने को लेकर इम्तियाज अली का खुलासा

 Published : Aug 18, 2018 07:12 am IST,  Updated : Aug 18, 2018 07:12 am IST

शाहिद कपूर को लेकर हाल ही में खबर आई थी कि वह एक बार फिर से फिल्मकार इम्तियाज अली की फिल्म में नजर आने वाले हैं। उन्होंने जब यह बात अपने चाहने वालों को बताई तो उनकी  खुशी का ठिकाना ही नहीं था। लेकिन  इम्तियाज का कहना है कि उन्होंने शाहिद को लेकर फिल्म बनाने की घोषणा कभी नहीं की।

Shahid Kapoor Imtiaz Ali- India TV Hindi
Shahid Kapoor Imtiaz Ali

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर को लेकर हाल ही में खबर आई थी कि वह एक बार फिर से फिल्मकार इम्तियाज अली की फिल्म में नजर आने वाले हैं। उन्होंने जब यह बात अपने चाहने वालों को बताई तो उनकी  खुशी का ठिकाना ही नहीं था। लेकिन वहीं दूसरी ओर यह फिल्म बनी ही नहीं है और निर्माता निर्देशक इम्तियाज अली का कहना है कि उन्होंने शाहिद को लेकर फिल्म बनाने की घोषणा कभी नहीं की। सुपरहिट रही फिल्म ‘जब वी मेट’ के निर्देशक इम्तियाज कहते हैं कि इस फिल्म के बारे में उनसे सवाल पूछा ही नहीं जाना चाहिए क्योंकि उन्होंने कभी ऐसी घोषणा नहीं की थी।

पिछले साल दिसंबर में शाहिद ने निर्देशक के साथ एक ‘दिलचस्प’ विषय पर एक नई फिल्म में काम करने को लेकर उत्साह जाहिर किया था। उन्होंने कहा था कि वह अपनी फिल्म ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ पूरी होने के बाद इस फिल्म की शूटिंग करेंगे। बता दें कि ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ जल्द ही रिलीज होने वाली है। इसके बाद खबरें आई कि इम्तियाज की फिल्म रद्द हो गई। शाहिद ने संवाददाताओं से कहा कि फिल्म इस साल नहीं बन रही है और वह संभवत: किसी और विषय पर काम कर सकते हैं।

शाहिद के साथ बनने वाली फिल्म के बारे में पूछे जाने पर इम्तियाज ने कहा, “इस तरह की और खबरें होंगी क्योंकि तथ्य यह है कि मैं अभिनेताओं से मिलता रहता हूं और हमेशा इस तरह की अटकलें लगती रहती हैं...।’’ निर्देशक ने कहा कि उन्होंने कभी भी ऐसी किसी फिल्म की घोषणा नहीं की थी। उन्होंने कभी नहीं कहा था कि वह शाहिद कपूर के साथ फिल्म बनाने जा रहे हैं। ‘‘जब लोग मुझसे पूछते हैं कि फिल्म नहीं बन रही है तो मेरा खुद का सवाल होता है ‘कौन सी फिल्म? मैंने तो कभी ऐसी फिल्म के बारे में नहीं कहा। जिसने बोला है, उससे पूछिये।’’

इम्तियाज के निर्देशन में बनी आखिरी फिल्म थी शाहरुख खान अभिनीत ‘‘जब हैरी मेट सेजल’’। आगामी परियोजनाओं के बारे में इम्तियाज ने बताया कि उन्होंने चार कहानियां लिखी हैं और दो पटकथाओं पर काम किया है। उन्होंने कहा ‘‘मैं निर्माता हूं इसलिए कुछ काम तैयार रखना पड़ता है। हमारे लिए पटकथा अहम होती है। जब मेरी चारों पटकथाएं तैयार हो जाएंगी तब मैं देखूंगा कि कौन कौन से कलाकार उपलब्ध होते हैं। फिर मैं काम शुरू करूंगा।’’

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन