1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. LIVE: हिरासत में राहुल गांधी और प्रियंका, आकाशवाणी भवन के अंदर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कर रहे थे प्रदर्शन
  Live Now

LIVE: हिरासत में राहुल गांधी और प्रियंका, आकाशवाणी भवन के अंदर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कर रहे थे प्रदर्शन

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Updated : Oct 06, 2026 09:05 pm IST

विपक्षी सांसदों के प्रोटेस्ट को लेकर दिल्ली में सुरक्षा कड़ी की गई है। संसद से भारतीय चुनाव आयोग की बिल्डिंग तक जाने वाले रास्ते पर कई जगह बैरिकेडिंग भी लगाई गई है।

आकाशवाणी भवन के परिसर में बैठे राहुल और प्रियंका- India TV Hindi
आकाशवाणी भवन के परिसर में बैठे राहुल और प्रियंका Image Source : PTI

SIR के विरोध और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में आज विपक्षी पार्टियां सड़क उतरीं हैं। INDIA गठबंधन के नेता संसद के मकर द्वार से लेकर चुनाव आयोग की बिल्डिंग तक मार्च निकाल रहे हैं। विपक्ष के इस मार्च में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत समेत कई अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए हैं। INDIA ब्लॉक ने आज के इस मार्च को 'सेव डेमोक्रेसी मार्च' नाम दिया है। प्रोटेस्ट में जिन 19 विपक्षी दलों के सांसद शामिल हुए हैं, उनमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, NCP (SP), शिवसेना (UBT), RJD, CPM, CPI, NC, PDP, JMM, CPI-ML, IUML, KC (M), MDMK, VCK, RSP, AIFB और KC (J) हैं।

Live updates :INDIA Alliance Protest:

Auto Refresh
Refresh
  • 9:05 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    चुनाव आयोग ने जारी किया प्रेस नोट

    चुनाव आयोग ने प्रेस नोट जारी करते हुए कहा, आज दिन में कुछ राजनीतिक दलों के निर्वाचन आयोग की ओर मार्च के दौरान मीडिया के माध्यम से यह जानकारी मिली कि कुछ सांसद अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ आयोग से मिलना चाहते हैं। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया कि आज शाम 4 बजे तक किसी भी राजनीतिक दल ने अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से आयोग से बैठक के लिए समय नहीं मांगा था। इसके बाद शाम करीब 4 बजे दिल्ली पुलिस से सूचना मिली कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल आयोग से मिलकर ज्ञापन सौंपना चाहता है। आयोग ने बताया कि वर्ष 2025 में राजनीतिक दलों के साथ बैठकों के लिए एक प्रक्रिया निर्धारित की गई थी, जिसकी जानकारी सभी दलों को दी गई है। इसके तहत किसी दल या संयुक्त प्रतिनिधिमंडल को आयोग से मिलने के लिए अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से समय मांगना होता है और दोनों पक्षों की सहमति से बैठक का समय तय किया जाता है। आयोग के अनुसार, जब वह सांसदों के इस प्रस्ताव पर विचार कर रहा था, तब दिल्ली पुलिस के DCP ने बताया कि करीब 240 सांसदों के समूह के साथ बैठक संसद भवन एनेक्सी में प्रस्तावित थी। आयोग ने इसे असामान्य अनुरोध बताते हुए कहा कि प्रोटोकॉल के अनुसार ऐसी बैठक निर्वाचन आयोग परिसर में होती है। हालांकि, आयोग ने सांसदों का ज्ञापन लेने के लिए अपने सबसे वरिष्ठ कार्यरत अधिकारी को बैठक स्थल पर भेजने का प्रस्ताव दिया, लेकिन सांसदों ने इसे भी स्वीकार नहीं किया। आयोग ने कहा कि वह देश की संसदीय और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के साथ-साथ अपने प्रोटोकॉल और परंपराओं का भी सम्मान करता है। किसी भी राजनीतिक दल को आयोग से मिलने का अनुरोध करने का अधिकार है और आयोग आपसी सुविधा के अनुसार बैठक की तारीख और समय तय कर सकता है।

     

  • 9:01 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    खाली कराया गया आकाशवाणी भवन खाली, खोले जा रहे रास्ते

    आकाशवाणी भवन को खाली करा दिया गया है। वहीं, पुलिस संसद मार्ग से बैरिकेडिंग हटा रही है। रास्ते खोले जा रहे हैं।

  • 8:01 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    हिरासत में लिए गए राहुल-प्रियंका गांधी

    दिल्ली में आकाशवाणी भवन के अंदर धरने पर बैठे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के अन्य नेताओं को दिल्ली पुलिस ने डिटेन कर लिया। कांग्रेस नेता मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

  • 8:00 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    राहुल समेत अन्य सांसदों को हटाने पहुंची पुलिस

     
    आकाशवाणी भवन के अंदर धरने पर बैठे लोकसभा सांसद राहुल गांधी और अन्य सांसदों को हटाने की पुलिस ने कोशिश की।
  • 7:58 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    डिटेन किए गए कांग्रेस कार्यकर्ता

    दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया।

  • 6:43 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    चंडीगढ़ में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का इस्तेमाल

    मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पंजाब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

  • 6:40 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    पुलिस से बातचीत करतीं प्रियंका गांधी

    आकाशवाणी परिसर में धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा की पुलिस के साथ बातचीत।

  • 5:23 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    यह विरोध प्रदर्शन राजनीति से परे है: शफी परम्बिल

    INDIA ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद शफी परम्बिल ने कहा, "हम निर्वाचित प्रतिनिधि हैं और हमने किसी भी तरह की हिंसा नहीं की है। यह विरोध प्रदर्शन राजनीति से परे है; यह देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए है और यह जारी रहेगा।"

  • 4:45 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    आकाशवाणी भवन में राहुल गांधी समेत कई नेता मौजूद

    आकाशवाणी भवन के अंदर के दृश्य, जहां लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, के.सी. वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, दीपेंद्र हुड्डा समेत कांग्रेस के अन्य सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

  • 4:44 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    "मुझे बताइए कि मैं कहां बैठ सकता हूं?"

    आकाशवाणी भवन परिसर में खड़े लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "मैंने पुलिस से कहा, ‘मैं पहले वहां बैठा हुआ था। आपने मुझे वहां से हटा दिया। अब मैं यहां आया हूं, तो आप मुझे यहां से भी हटाना चाहते हैं। मैं पुलिस से बस इतना पूछ रहा हूं- ठीक है, अगर आप मुझे यहां से हटाना चाहते हैं, तो हटा दीजिए, लेकिन सिर्फ इतना बता दीजिए कि इस देश में मैं कहां बैठ सकता हूं? मैं बस कहीं बैठना चाहता हूं। मैंने पुलिस से विनम्रता से पूछा कि कृपया मुझे बताइए कि मैं कहां बैठ सकता हूं। क्या मैं इंडिया गेट पर बैठ सकता हूं? क्या मैं जंतर-मंतर पर बैठ सकता हूं? क्या मैं सड़क पर बैठ सकता हूं? मैं कहां बैठूं? बस एक जगह का नाम बता दीजिए, मैं वहीं बैठ जाऊंगा।"

  • 4:42 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    लोकतंत्र पूरी तरह खत्म हो चुका है: राहुल गांधी

    राहुल गांधी ने कहा, "लोकतंत्र पूरी तरह खत्म हो चुका है, क्योंकि पूरा देश जानता है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार ने मिलकर चुनावी प्रक्रिया को बर्बाद कर दिया है। देश यह बात समझ चुका है। एक तरह से नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने देश को हाईजैक कर लिया है और हम संविधान और लोकतंत्र को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। विपक्ष के 300 सांसद उस कथित तौर पर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव आयोग से मिलना चाहते हैं। हम बंगाल, हरियाणा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को लेकर सवाल पूछना चाहते हैं। लेकिन वे जवाब नहीं देना चाहते। अगर उन्होंने वोटों की चोरी नहीं की होती, तो वे हमसे एक मिनट में मिलने के लिए तैयार हो जाते।"

  • 4:40 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    चुनाव आयोग हमसे बात क्यों नहीं करना चाहता: राहुल गांधी

    आकाशवाणी भवन परिसर में खड़े लोकसभा में विपक्ष के नेता (LoP) राहुल गांधी ने कहा, "हम बस चुनाव आयुक्तों- ज्ञानेश कुमार और अन्य दो चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते हैं। हम लोकसभा और राज्यसभा, दोनों के विपक्षी सांसद हैं और हम केवल उनसे बात करना चाहते हैं। मुझे समझ नहीं आता कि चुनाव आयोग हमसे बात क्यों नहीं करना चाहता। लाखों लोगों ने हमें वोट दिया है, इसलिए हम केवल चुनाव आयुक्तों से सवाल पूछना चाहते हैं, लेकिन वे जवाब देना नहीं चाहते।"

  • 4:01 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    राहुल बोले- मुझे बताइए कि इस देश में मैं आखिर कहां बैठूं?

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “कथित तौर पर हम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों के लिए चुनाव आयोग से मिलना चाहते हैं। लेकिन वे हमें मिलने नहीं दे रहे हैं। हम उनसे सवाल पूछना चाहते हैं। हम SIR को लेकर सवाल पूछना चाहते हैं। अगर उन्होंने ‘वोट चोरी’ नहीं की होती, तो वे हमसे मिलने के लिए तैयार होते। मैंने पुलिस अधिकारियों से कहा है कि मैं पहले वहीं बैठा हुआ था। आपने मुझे वहां से हटा दिया। अब मैं यहां आ गया हूं। आप मुझे यहां से भी हटाना चाहते हैं। अगर आप मुझे यहां से हटाना चाहते हैं, तो हटा दीजिए। लेकिन मुझे बताइए कि इस देश में मैं आखिर कहां बैठूं?”

  • 3:29 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    राहुल गांधी की पोस्ट- चुनाव आयुक्त हमसे क्यों नहीं मिल रहे?

    राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट किया, "आज 300 से ज्यादा विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयुक्तों से मिलने के लिए संसद से चुनाव आयोग तक मार्च किया। हम करोड़ों भारतीयों का प्रतिनिधित्व करते हैं। चुनाव आयुक्त हमसे क्यों नहीं मिल रहे हैं। पुलिस हमें क्यों रोक रही है और धमका रही है?

  • 3:25 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    पुलिस यहां से मीडियाकर्मियों को हटा रही: राहुल गांधी

    आकाशवाणी भवन परिसर में खड़े होकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "मैं पूरे देश को बताना चाहता हूं कि पुलिस यहां से मीडियाकर्मियों को हटा रही है।"

  • 3:08 PM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    भारत के लोकतंत्र को बचाने के लिए खड़ा हूं- राहुल गांधी

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आकाशवाणी परिसर के अंदर से कहा, 'हम सिर्फ उनका (BJP) मुकाबला नहीं कर रहे हैं। हम उन्हें खत्म करने जा रहे हैं। बीजेपी क्या कहती है, इसमें मेरी कोई दिलचस्पी नहीं है। मैं यहां भारत के लोकतंत्र को बचाने के लिए खड़ा हूं।'

  • 2:33 PM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    आकाशवाणी के बाहर से NSUI कार्यकर्ता लिए गए हिरासत में

    आकाशवाणी भवन के बाहर इंडियन यूथ कांग्रेस और NSUI के कार्यकर्ता जमा हुए, उन्हें हिरासत में लिया गया है।  इलाके में BNSS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। वहीं, आकाशवाणी भवन के अंदर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, पवन खेड़ा, दीपेंद्र हुड्डा और केसी वेणुगोपाल मौजूद हैं। कांग्रेस ने एक्स पर कहा कि अब आकाशवाणी पर डेरा जमा लिया गया है।

  • 1:47 PM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    आकाशवाणी परिसर में ही करते रहेंगे इंतजार- पवन खेड़ा

    INDIA ब्लॉक के विरोध-प्रदर्शन के बीच आकाशवाणी भवन परिसर से बोलते हुए कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा, 'भले ही भारत के चुनाव आयोग का कार्यालय यहां से सिर्फ़ 100 मीटर दूर है, लेकिन लोकसभा में विपक्ष के नेता को वहां जाने नहीं दिया जा रहा है। उन्हें यहीं रोक दिया गया है। हम सभी आकाशवाणी परिसर में विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी में लोकतंत्र का यही हाल है। हम यहां इंतजार करते रहेंगे। विपक्षी सांसद देश की 64% आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं; आप कह सकते हैं कि देश का 64% हिस्सा आज राष्ट्रीय राजधानी में सड़कों पर है। आप देख सकते हैं कि उन्हें कैसे रोका जा रहा है।'

  • 1:15 PM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    आकाशवाणी भवन में डेरा जम गया

    आकाशवाणी भवन के अंदर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा बैठे हुए हैं। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि चुनाव आयोग से बद 300 मीटर दूर है। आकाशवाणी भवन में डेरा जम गया है। इसके साथ ही एक अन्य ट्वीट में कहा गया कि दोस्तों आकाशवाणी से जन की बात हो रही है। 

  • 12:39 PM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    चुनाव आयोग के दफ्तर तक जाने की कोशिश में राहुल गांधी

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आकाशवाणी दफ्तर के रास्ते से चुनाव आयोग के दफ्तर तक जाने की कोशिश में हैं। वह अपने समर्थकों के साथ आकाशवाणी के गेट के पास खड़े हैं। आकाशवाणी दफ्तर के सिक्योरिटी गार्ड से राहुल गांधी काफी देर से बात कर रहे हैं। उसे मनाने की कोशिश में लगे हुए हैं।

  • 12:24 PM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    आकाशवाणी भवन के अंदर घुसे राहुल गांधी

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आकाशवाणी भवन के अंदर घुस गए हैं। राहुल गांधी के साथ बड़ी संख्या पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक भी उनके साथ हैं। प्रियंका गांधी भी आकाशवाणी के गेट के पास खड़ी हैं। इस बीच, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को हिरासत में ले लिया है। 

  • 12:17 PM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    Gyanesh, it’s done, bro..., बोले राहुल गांधी

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बैरिकेडिंग पर चढ़ कर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि Gyanesh, it’s done, bro... कुछ ही देर बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को पुलिस की बस में बैठा दिया गया। हालांकि, वह बस से खुद ही बाहर निकल आईं। वहीं, राहुल गांधी ने बस से निकल कर आकाशवाणी भवन के अंदर जाने की कोशिश की।

  • 11:58 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    बैरेकेडिंग पर चढ़े राहुल गांधी

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी INDIA ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस बैरियर पर चढ़ गए। राहुल गांधी ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर राष्ट्रीय ध्वज लहराया। इस दौरान राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा भी बैरिकेडिंग पर बैठी हुई दिखीं।

  • 11:49 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    चोरी से बनी सरकार में कोई नैतिकता नहीं- संदीप दीक्षित

    INDIA ब्लॉक के सांसदों के विरोध मार्च पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा, 'अब यह साफ हो गया है कि यह सरकार चोरी से बनी है। चोरी से बनी सरकार में कोई नैतिकता नहीं होती है। मेरा मानना ​​है कि इस सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए और फिर से लोकसभा चुनाव होने चाहिए।'

  • 11:24 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    सपा के कई सांसद पुलिस की बैरिकेडिंग के ऊपर बैठे

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, INDIA ब्लॉक के सांसदों के साथ भारत निर्वाचन आयोग के कार्यालय जाते समय नीति आयोग कार्यालय के पास विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सपा के कई सांसद पुलिस की बैरिकेडिंग के ऊपर बैठे हुए हैं।

  • 11:13 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    राहुल और प्रियंका गांधी धरने पर बैठे

    संसद के मकर द्वार से शुरू हुए विपक्ष के मार्च को दिल्ली पुलिस ने चुनाव आयोग की बिल्डिंग तक जाने से रोक दिया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए हैं। इस दौरान विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

  • 11:01 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    विपक्षी सांसदों का 3 किलोमीटर लंबा मार्च

    आज 19 विपक्षी दलों के सांसद दिल्ली में चुनाव आयोग के मुख्यालय का घेराव कर रहे हैं। विपक्षी पार्टी के सांसद और कार्यकर्ता संसद भवन से EC मुख्यालय तक 3 किमी तक के मार्च की शुरुआत संसद के मकर द्वार की है।

  • 10:53 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    संसद से ECI बिल्डिंग तक मार्च

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, INDIA गठबंधन के अन्य सांसदों के साथ, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए संसद से ECI बिल्डिंग तक मार्च कर रही है। विपक्षी सांसदों के के मार्च को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इतंजाम किए गए हैं।

  • 10:41 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    यह इमरजेंसी नहीं तो क्या- कांग्रेस सांसद इमरान मसूद

    INDIA ब्लॉक के विरोध मार्च पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, 'दिल्ली को चारों तरफ से पूरी तरह सील कर दिया गया है। किसी को भी अंदर नहीं आने दिया जा रहा है। अगर यह इमरजेंसी नहीं है, तो क्या है? जिस संस्था पर देश के लोगों ने 70 साल तक भरोसा किया, उस भरोसे को एक व्यक्ति ने पूरी तरह तोड़ दिया है। सुप्रीम कोर्ट की इतनी सख्त टिप्पणियों के बाद भी, उनमें पद छोड़ने की नैतिकता नहीं है। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए।'

  • 10:30 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    विपक्ष के मार्च को लेकर बढ़ाई गई सुरक्षा, जानिए क्या बोले संजय राउत

    INDIA ब्लॉक के सांसदों के चुनाव आयोग तक विरोध मार्च से पहले दिल्ली में सुरक्षा इंतजामों पर शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत का बयान सामने आया है। राउत ने कहा, 'सुरक्षा बहुत ज्यादा है। इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने बॉर्डर सिक्योरिटी फ़ोर्स को तैनात किया है। हजारों CISF जवानों को बुलाया है। संसद भवन से लेकर चुनाव आयोग के हेडक्वार्टर और सभी मंत्रियों के घरों तक, हर जगह सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुझे अभी इसके बारे में पता चला। इसकी क्या जरूरत है?'

     

  • 10:20 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    पुलिसकर्मियों ने शरीर पर लगाए बॉडी कैम

    दिल्ली पुलिस ने इस बार पुलिस कर्मियों के शरीर पर बॉडी कैम लगाए हैं ताकि प्रदर्शन के दौरान होने वाली हर एक गतिविधि की रिकॉर्डिंग हो सके। संसद से इलेक्शन कमिशन आने वाली मुख्य सड़क को बंद कर दिया गया है।

  • 10:17 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    मार्च में शामिल होने के लिए अपने आवास से निकले अभिषेक बनर्जी

    दिल्ली में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी संसद के लिए अपने आवास से निकल चुके हैं। INDIA गठबंधन के सांसदों ने CEC ज्ञानेश कुमार के मामले को लेकर आज मकर द्वार से भारत निर्वाचन आयोग तक विरोध मार्च निकालने की घोषणा की है। इसमें बंगाल से ममता बनर्जी के पार्टी के कई सांसद इस मार्च में हिस्सा लेने वाले हैं।

  • 10:14 AM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा- सांसद संतोष कुमार

    विपक्षी पार्टियों के इस प्रदर्शन को लेकर CPI सांसद पी. संतोष कुमार ने कहा, 'हम सुबह 10:30 बजे मकर द्वार से मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यालय तक अपना मार्च शुरू करेंगे। फिर, INDIA गठबंधन के लगभग सभी सांसद इसमें शामिल होंगे। कुछ अन्य प्रमुख नेताओं के भी शामिल होने की उम्मीद है। इससे चल रहा आंदोलन और तेज़ होगा। कल सुप्रीम कोर्ट ने कुछ अहम बातें कहीं। इससे माहौल पूरी तरह बदल गया है। इसलिए विपक्ष अब और ज्यादा जोश में है। हमारी तरफ से सभी प्रमुख नेता वहां मौजूद रहेंगे। यह एक ऐतिहासिक मार्च होगा। ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा, इसमें कोई शक नहीं है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।