मुंबई: फिल्म अभिनेता जिम्मी शेरगिल, हिन्दी फिल्म जगत में अपने सफर को लेकर संतुष्ट हैं और उन्हें लगता है कि फिल्म उद्योग से उन्हें बहुत कुछ मिला है।
जिम्मी ने पीटीआई भाषा को बताया, मैं बेहतरीन देने और कड़ी मेहनत करने में यकीन रखता हूं। मुझे लगता है कि हिन्दी सिनेमा से मुझे बहुत कुछ मिला है जिसके कारण मुझे रिपीट अब भी काम मिल रहा है। आज भी काम के हिसाब से मेरे लिए यह सीखने की एक प्रक्रिया है।
उन्होंने बताया, जब तक आप काम कर रहे हैं तो यही मायने रखता है। मैं खुश हूं... मैं हाथ पर हाथ रख कर बैठा नहीं रह सकता। मैं धीमे और लगन से काम करने में विश्वास रखता हूं। यहां लगभग दो दशक हो गया है और मैं अब भी रोमांचक भूमिकाएं करना चाहता हूं।
जिम्मी ने अमिताभ बच्चन, शाहरूख खान, संजय दत्त, रितिक रोशन जैसे कलाकारों के साथ काम किया है और उनका मानना है कि उनके साथ काम करने का मौका मिलना सौभाग्य की बात है।
उन्होंने बताया कि वह अनुभव के लिए इन अभिनेताओं के साथ काम करना चाहते थे। वह इसे एक अवसर के रूप में देखते हैं।
जिम्मी ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी हालिया प्रदर्शित फिल्म तनु वेड्स मनु रिटन्र्स बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करेगी लेकिन वह खुश हैं कि यह उनकी पहली फिल्म है जो 100 करोड़ रूपये के क्लब में शामिल हो गयी है।
खबरों के मुताबिक अभी तक इस फिल्म ने 150 करोड़ रूपये का कारोबार किया है।