1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. केरल बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आए बॉलीवुड सेलेब्स, मदद के लिए लगाई गुहार

केरल बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आए बॉलीवुड सेलेब्स, मदद के लिए लगाई गुहार

 Published : Aug 17, 2018 03:58 pm IST,  Updated : Aug 17, 2018 07:53 pm IST

केरल इन दिनों भयंकर बाढ़ से जूझ रहा है। भारी बारिश और बाढ़ के चलते अब तक राज्य में 167 लोगों की मौत हुई है जबकि हजारों की संख्या में लोग फंसे हुए हैं। ऐसे में फिल्मी सितारों ने देश के लोगों से आगे आकर मदद करने का आह्वान किया है।

Varun Dhawan, Shraddha Kapoor- India TV Hindi
Varun Dhawan, Shraddha Kapoor Image Source : INSTAGRAM

नई दिल्ली: केरल इन दिनों भयंकर बाढ़ से जूझ रहा है। भारी बारिश और बाढ़ के चलते अब तक राज्य में 167 लोगों की मौत हुई है जबकि हजारों की संख्या में लोग फंसे हुए हैं। ऐसे में फिल्मी सितारों ने देश के लोगों से आगे आकर मदद करने का आह्वान किया है। वरुण धवन, अनुष्का शर्मा और अभिषेक बच्चन जैसी बॉलीवुड हस्तियों से लेकर दक्षिणी फिल्म जगत के दुलकेर सलमान और सिद्धार्थ जैसे दिग्गजों ने न केवल हेल्पलाइन नंबर साझा किए बल्कि जितनी संभव हो सके, मदद करने का आग्रह किया।

प्रमुख फिल्मी हस्तियों ने ट्वीट कर लोगों से मदद करने की बात कही।

वरुण धवन : केरल में बाढ़ से स्थिति काफी खराब है। राज्य को राष्ट्रीय मीडिया के ध्यान के साथ-साथ केंद्र सरकार और नागरिकों से मदद की जरूरत है। केरल के लोगों को इस तरह दुख में देखकर बुरा लग रहा है।

अनुष्का शर्मा : बाढ़ से केरल में तबाही मची हुई है। हम जो भी कर सकें, हमें करना चाहिए। केरल बाढ़।

अभिषेक बच्चन : केरल में बाढ़ से जो हो रहा है, उसे देखकर दिल रोता है। कृपया केरल की मदद को आगे आएं।

दुलकेर सलमान : देश की मीडिया से केरल में बाढ़ को लेकर संवेदनशील होने का आग्रह कर रहा हूं।

भूमि पेडनेकर : यह भयावह है। लोगों के लिए प्रार्थना करना ठीक है। मदद करने के लिए एकजुट होना चाहिए।

श्रद्धा कपूर : केरल बाढ़ से प्रभावित हर किसी के लिए प्रार्थना। राज्य को हमारी मदद की जरूरत है। कोई फर्क नहीं पड़ता कि यह मदद कितनी छोटी और बड़ी है। यहां कुछ डिटेल हैं, जिनसे आप केरल के मुख्यमंत्री के राहतकोष में दान कर बाढ़ पीड़ितों की मदद कर सकते हैं।

विक्की कौशल : किसी भी तरह की आर्थिक मदद छोटी नहीं होती। केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद करें।

फरहान अख्तर : आशा करता हूं कि केरल के बाढ़ पीड़ितों के पास रेस्क्यू टीम, मेडिकल हेल्प और खाना पहुंच रहा होगा।

उफान पर हैं नदियां, हजारों लोग कर रहे मदद की उम्मीद

पेरियार और इसकी सहायक नदियों में उफान से एनार्कुलम और त्रिशूर के कई कस्बे जलमग्न हो गए हैं। परावुर, कलाडी, चालाकुडी, पेरुं बवूर, मुवातुपुझा शामिल हैं। चालाकुडी से टीवी चैनलों को वीडियो क्लिप भेजने वाले लोगों के एक समूह ने कहा, ‘हमारे पास खाना नहीं है और 150 लोग राहत कार्य की प्रतीक्षा कर रहे हैं।’ हजारों लोग अभी भी ऊंची इमारतों पर बैठे हैं और बचाए जाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अकेले एनार्कुलम और त्रिशूर शिविरों में 50,000 से अधिक लोग फंसे हैं।

बचाव कार्यों में सरकार ने लाई तेजी

केरल के मुख्यमंत्री विजयन ने शुक्रवार को कहा कि राज्य भर में 1,568 राहत शिविरों में 2.25 लाख लोग रह रहे हैं। मध्य केरल का पत्तनमतिट्टा जिला सर्वाधिक प्रभावित रहा। यहां पंबा नदी के उफान के कारण रानी और कोझेनचेरी जैसे कस्बे पूरी तरह से जलमग्न हैं। कोल्लम से नौका बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंची और रक्षाकर्मियों की सहायता से बचाव अभियान जारी रहा। राज्य की राजधानी के तटीय गांवों से सैकड़ों अनुभवी मछुआरों पत्तनमतिट्टा पहुंचे और बचाव अभियान शुरू कर दिया। हेलीकॉप्टर भी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं।

 

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन