1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. दर्द और दवा दोनों मिले सलमान को, सुबह सज़ा शाम को राहत

दर्द और दवा दोनों मिले सलमान को, सुबह सज़ा शाम को राहत

 Published : May 06, 2015 04:55 pm IST,  Updated : May 06, 2015 06:27 pm IST

मुंबई: हिट एंड रन मामले में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को एक स्थानीय अदालत द्वारा बुधवार को पांच साल जेल की सजा सुनाए जाने के कुछ घंटे बाद बंबई उच्च न्यायालय ने उन्हें दो दिनों

हिट एंड रन : सलमान को 5...- India TV Hindi
हिट एंड रन : सलमान को 5 साल की जेल, मिली 2 दिन की जमानत

मुंबई: हिट एंड रन मामले में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को एक स्थानीय अदालत द्वारा बुधवार को पांच साल जेल की सजा सुनाए जाने के कुछ घंटे बाद बंबई उच्च न्यायालय ने उन्हें दो दिनों की अंतरिम जमानत दे दी।

हिंदी फिल्मों के जाने माने अभिनेता सलमान खान को एक स्थानीय अदालत ने वर्ष 2002 के हिट एंड रन मामले में बुधवार को पांच साल कारावास की सजा सुनाई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और चार अन्य घायल हो गए थे।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश डी.डब्ल्यू. देशपांडे ने सलमान खान को यह सजा सुनाई। सजा सुनकर सलमान की आंखों मे आंसू आ गए।

उनकी बहन अलविरा व अर्पिता ने उन्हें सांत्वना देने की कोशिश की लेकिन वे सभी फफक पड़े।

सलमान बॉलीवुड में सर्वाधिक पारिश्रमिक पाने वाले अभिनेताओं में से एक हैं। उन्हें गैर इरादतन हत्या, बिना वैध लाइसेंस के गाड़ी चलाने और अन्य आरोपों के तहत सजा सुनाई गई है।

न्यायाधीश ने सलमान को तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का दोषी पाया। सितंबर 2002 में बांद्रा उपनगर में सलमान ने अपने लैंड क्रूजर से फुटपाथ पर सोए एक व्यक्ति को कुचल दिया था।

विशेष सरकारी वकील प्रदीप घारत ने कहा कि सभी आरोपों में सलमान को दोषी पाया गया है।

बचाव पक्ष के वकील श्रीकांत शिवडे ने अदालत से अभिनेता की सामाजिक सेवा तथा स्वास्थ्य समस्या को देखते हुए सजा कम देने की अपील की।

कानूनी विशेषज्ञों ने कहा कि सलमान के बचाव दल के पास बेहद कम समय है, क्योंकि अदालत में नौ मई से गर्मी की छुट्टी होने वाली है। अगले महीने सात तारीख को अदालत फिर से खुलेगी।

सलमान खान को उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'किक', 'वांटेड', 'एक था टाइगर' के लिए जाना जाता है। उन्होंने लगभग 100 फिल्मों में काम किया है। साल 1988 में फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' में सहायक अभिनेता के तौर पर उन्होंने बॉलीवुड में अपनी पारी की शुरुआत की थी।

साल 1989 में आई फिल्म 'मैंने प्यार किया' से उन्होंने नई बुलंदी को छुआ।

फिल्म निर्माताओं, संगीतकारों व अभिनेताओं ने सलमान के साथ एकजुटता दिखाई है।

मशहूर फिल्म निर्माता सुभाष घई ने कहा, "हम सब जानते हैं कि सलमान एक बेहतरीन इंसान हैं, जो किस्मत के साथ नहीं लड़ सकते।"

अभिनेता-निर्माता रीतेश देशमुख ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में सलमान सबसे बेहतरीन लोगों में से एक हैं।

अभिनेत्री बिपाशा बसु ने कहा, "सलमान एक बेहतरीन इंसान हैं। उनके बारे में सुनकर दुख हुआ।"

फिल्म 'दबंग' में सलमान की सह अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने कहा कि अदालत का फैसला बेहद बुरी खबर है। वहीं निर्देशक कुनाल कोहली ने कहा कि उन्हें बेहद दुख पहुंचा है।

अभिनेत्री आलिया भट्ट ने ट्वीट किया, "हम आपसे प्यार करते हैं और आपके लिए खड़े हैं।"

वहीं, अभियोजन पक्ष की वकील आभा सिंह ने कहा कि अंतत: न्याय हुआ है। उन्होंने मीडिया से कहा, "मैं बहुत खुश हूं। न्याय हुआ है। कानून सर्वोपरि है।"

सिंह ने कहा कि मामले के लंबा खिंचने से यह संदेश गया है कि धनी व्यक्ति देश में हत्या करके बच सकते हैं और धन कानून से ऊपर है।

अदालत ने बुधवार को ही पहले सलमान के खिलाफ मामले में लगाए गए अधिकांश आरोपों का उन्हें दोषी पाया।

मुंबई में किसी हाई-प्रोफाइल बॉलीवुड अभिनेता के जेल जाने का यह तीसरा मामला है।

मई 2013 में अभिनेता संजय दत्त को साल 1993 में मुंबई में हुए सीरियल बम विस्फोट मामले में दोषी ठहराते हुए पांच साल जेल की सजा सुनाई गई थी। फिलहाल वे पुणे के यरवदा जेल में बंद हैं।

वहीं मार्च 2011 में मुंबई सत्र न्यायालय ने अभिनेता शाइनी आहूजा को साल 2009 में अपनी नौकरानी से दुष्कर्म के आरोप में सात साल जेल की सजा सुनाई थी। अप्रैल 2011 से ही वह जमानत पर जेल से बाहर हैं।

 

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन