1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. मिस वर्ल्ड 2026 विनर का ऐलान, डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहैरी मोला बनीं विजेता, थाईलैंड की सुंदरी ने पहनाया ताज

मिस वर्ल्ड 2026 विनर का ऐलान, डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहैरी मोला बनीं विजेता, थाईलैंड की सुंदरी ने पहनाया ताज

 Written By: Priya Shukla
 Published : Sep 05, 2026 11:01 pm IST,  Updated : Sep 05, 2026 11:14 pm IST

73वां मिस वर्ल्ड 2026 वियतनाम में आयोजित किया गया, जिसके ग्रैंड फिनाले में डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोला को मिस वर्ल्ड 2026 का ताज पहनाया गया।

joheirry mola- India TV Hindi
मिस वर्ल्ड 2026, जोहेरी मोला। Image Source : INSTAGRAM/@JOHEIRRY_MOLA

आज यानी 5 सितंबर, 2026 को वियतनाम में में मिस वर्ल्ड 2026 का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में निकिता पोरवाल ने भारत का प्रतिनिधित्व किया, जो भारतीय मनोरंजन जगत का भी जाना-माना नाम हैं। मगर निकिता टॉप-20 में भी अपनी जगह नहीं बना सकीं और प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। इसके बाद सभी की नजरें इस साल की विजेता पर टिकी थीं, जिसका ऐलान अब हो चुका है। ग्रैंड फिनाले के दौरान डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोला इस साल की विजेता घोषित की गईं और इसी के साथ थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगसरी ने जोहेरी को ताज पहनाया, जो पिछले साल की मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की विनर थीं। ओपल सुचाता चुआंगसरी अपने देश की पहली कंटेस्टेंट थीं, जिन्होंने ये खिताब अपने नाम किया था।

फर्स्ट रनरअप रहीं स्पेन की एलिजाबेथ रेयनेस

मिस वर्ल्ड स्पेन की एलिज़ाबेथ रेयनेस ने इस प्रतियोगिता में डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोला को जबरदस्त टक्कर दी, लेकिन एलिजाबेथ को पीछे छोड़ते हुए जोहेरी ने ताज अपने नाम कर लिया और इसी के साथ एलिजाबेथ रेयनेस को फर्स्ट रनर-अप चुना गया, जबकि मिस वर्ल्ड मलेशिया की तानुसिया चेट्टी सेकंड रनर-अप चुनी गईं।

टॉप 6 में शामिल रहीं ये हसिनाएं

मिस वर्ल्ड के 73वें संस्करण में जिन 6 हसिनाओं ने टॉप 6 फाइनलिस्ट में अपनी जगह बनाई उनमें मिस वर्ल्ड डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोला (अमेरिका और कैरिबियन) के साथ मिस वर्ल्ड इरिट्रिया की स्निट हबटैब (पीपल्स चॉइस), मिस वर्ल्ड वियतनाम की ले गुयेन बाओ एनगोक (एशिया और ओशिनिया), मिस वर्ल्ड मलेशिया की तानुसिया चेट्टी (ब्यूटी विद अ पर्पस), मिस वर्ल्ड स्पेन की एलिज़ाबेथ रेन्स (यूरोप) और मिस वर्ल्ड साउथ अफ्रीका की रोमांडा होमबीर (अफ्रीका) शामिल रहीं, जिन्हें पछाड़ते हुए जोहेरी ने ये खिताब हासिल किया।

टॉप 20 में भी जगह नहीं बना सकीं निकिता पोरवाल

वहीं भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं निकिता पोरवाल की बात करें तो वह टॉप 20 में भी अपनी जगह नहीं बना सकीं और कॉन्टेस्ट से बाहर हो गईं। निकिता की बात करें तो उन्होंने महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स की पढ़ाई की है और ड्रामेटिक्स/एक्टिंग में स्पेशलाइजेशन किया है। उन्होंने 2018 में बतौर टीवी एंकर अपना करियर शुरू किया और 60 से ज्यादा नाटकों का हिस्सा रह चुकी हैं। 2024 में फेमिना मिस इंडिया मध्यप्रदेश और फिर फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 का टाइटल जीता। मिस वर्ल्ड 2026 में टॉप-40 राउंड तक पहुंचने के बाद वह टॉप 20 में जगह नहीं बना सकीं और कॉन्टेस्ट से बाहर हो गईं।

ये भी पढ़ेंः मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 की विजेता बनीं केरल की सुंदरी कैजिया, मनिका विश्वकर्मा ने पहनाया ताज, टॉप-5 तक कौन पहुंचा?

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन