1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. FORBES: शाहरुख बने असली ‘रईस’, दीपिका और प्रियंका ने भी की सबसे ज्यादा कमाई

FORBES: शाहरुख बने असली ‘रईस’, दीपिका और प्रियंका ने भी की सबसे ज्यादा कमाई

 Published : Sep 01, 2017 08:17 am IST,  Updated : Sep 01, 2017 01:33 pm IST

हाल ही में फोर्ब्स मैगजीन की 2017 में सबसे अधिक कमाई करने वाले शीर्ष 10 बॉलीवुड कलाकारों की सूची सामने आई है। इसमें सिर्फ 2 अभिनेत्रियां दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा अपनी जगह बना सकी हैं। इस लिस्ट में पहले स्थान पर 'रईस' शाहरुख खान हैं।

forbes- India TV Hindi
forbes

मुंबई: बॉलीवुड के सितारे इन दिनों दुनियाभर में खूब नाम कमा कर रहे हैं। साथ ही कमाई क मामले में भी ये लगातार आगे निकलते जा रहे हैं। हाल ही में फोर्ब्स मैगजीन की 2017 में सबसे अधिक कमाई करने वाले शीर्ष 10 बॉलीवुड कलाकारों की सूची सामने आई है। इसमें सिर्फ 2 अभिनेत्रियां दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा अपनी जगह बना सकी हैं। इस लिस्ट में पहले स्थान पर 'रईस' शाहरुख खान हैं। वहीं दीपिका 1.10 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ छठे स्थान पर है, जबकि प्रियंका और रणवीर सिंह 1 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ संयुक्त रूप से 7वें स्थान पर हैं। बता दें कि पिछले दिनों दोनों ही अभिनेत्रियों ने हॉलीवुड में भी अपनी शुरुआत की है।

फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख ने अपने समकालीन अभिनेताओं सलमान खान, अक्षय कुमार और आमिर खान को पीछे छोड़ दिया है, हालांकि उनकी पिछली कुछ फिल्मों जैसे 'फैन', 'दिलवाले' और 'जब हैरी मेट सेजल' ने कुछ खास कमाई नहीं की थी। शाहरुख ने विज्ञापनों और उनके अपने रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के सफल प्रोजेक्ट की मदद से 1 जून, 2016 और 1 जून, 2017 के बीच 3.8 करोड़ डॉलर की कमाई की है।

सलमान उनसे ज्यादा पीछे नहीं हैं, वह इस सूची में 3.7 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ दूसरे स्थान पर हैं। सलमान ने विज्ञापनों के साथ साथ फिल्म 'सुल्तान' की सफलता से भी लाभ कमाया है। खान के बाद इस सूची में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अक्षय कुमार हैं। 'खिलाड़ी' स्टार 3.55 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ तीसरे स्थान पर हैं। उनकी कई फिल्में हिट रही हैं, जिनमें 'जॉली एलएलबी 2', 'नाम शबाना' और 'टॉयलेट एक प्रेम कथा' शामिल है। फिल्म 'दंगल' की अभूतपूर्व सफलता के साथ आमिर 1.25 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ सूची में चौथे स्थान पर हैं। (माधवन नहीं, बल्कि ये अभिनेता करेंगे ‘फन्ने खां’ में करेंगे ऐश्वर्या संग रोमांस)

अभिनेता ऋतिक रोशन 1.15 करोड़ डॉलर कमाई के साथ शीर्ष पांच में शामिल हैं। ऋतिक की 2016 में आई फिल्म 'मोहनजोदारो' बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थी। अभिनेता ने 2017 में फिल्म 'काबिल' से शानदार वापसी की। फोर्ब्स के अनुसार, मेगास्टार अमिताभ बच्चन 90 लाख डॉलर और रणबीर कपूर 85 लाख डॉलर की कमाई के साथ नौवें और 10वें स्थान पर हैं। कमाई का आंकड़ा बॉक्स ऑफिस इंडिया, बॉक्स ऑफिस मोजो और आईएमडीबी के आंकड़ों के साथ ही उद्योग के अंदरूनी सूत्रों के साक्षात्कार पर भी आधारित है। एक साथ बॉलीवुड के 10 सबसे अधिक भुगतान पाने वाले अभिनेताओं ने 1 जून, 2016 और 1 जून, 2017 के बीच 18.3 करोड़ डॉलर कमाया है। शाहरुख, सलमान और अक्षय को फोर्ब्स मैगजीन के दुनिया के उच्चतम भुगतान पाने वाले अभिनेताओं की 2017 की सूची में क्रमश: 8वां, 9वां और 10वां स्थान मिला है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन