नई दिल्ली: बॉलीवुड की चांदनी श्रीदेवी ने अपने फैंस और बॉलीवुड के भयानकर सदमा दे दिया है। 24 फरवरी की रात श्रीदेवी को हार्ट अटैक आया और वो इस दुनिया से चल बसीं। श्रीदेवी महज 54 साल की थीं। वो दुबई में कपूर परिवार के रिश्तेदार मोहित मारवाह की शादी अटेंड करने पहुंची थीं, वहीं उनका देहांत हो गया।
Related Stories
श्रीदेवी के साथ दुबई में उनके पति बोनी कपूर और बेटी खुशी कपूर थी। वहीं जाह्नवी कपूर अपनी अपकमिंग फिल्म ‘धड़क’ की शूटिंग में व्यस्त थीं। लेकिन जाह्नवी कपूर को हमेशा इस बात का अफसोस रहेगा कि उनकी पहली फिल्म उनकी मां श्रीदेवी के बिना रिलीज़ होगी। श्रीदेवी का अरमान था कि वो बेटी को हिट होते हुए देखें, लेकिन उनका ये सपना दिल में ही दफन होकर रह गया।
श्रीदेवी अपनी बेटी के लॉन्च को लेकर बेहद उत्साहित थीं। हर कदम पर वो जाह्नवी के साथ होती थीं। चाहे हो शूटिंग का वक्त हो या किसी प्रमोशन का। वो हमेंशा जाह्नवी के साथ होती थीं। अपने ट्विटर और इंस्टाग्राम अकाउंट से भी श्रीदेवी अक्सर ‘धड़क’ की शूटिंग की तस्वीरें और पोस्टर शेयर करती रहती थीं। जब बेटी जाह्नवी के डेब्यू की खबर आई थी उस वक्त भी श्रीदेवी ने पोस्टर शेयर करके बेटी के सफल होने की कामना की थी।
फिल्म तो इस साल रिलीज हो जाएगी मगर उसे देखने के लिए श्री देवी नहीं रहेंगी। जाह्नवी को भी इस बात का गम हमेशा सताएगा कि उनकी पहली फिल्म उनकी मां नहीं देख पाएंगी। एक बेटी के लिए इससे ज्यादा दुख की बात क्या होगी कि उसकी मां उसके साथ नहीं होगी और श्रीदेवी का भी बेटी की फिल्म देखने का सपना अधूरा ही रह गया।
मां की मौत की खबर सुनकर जाह्नवी तुरंत दुबई रवाना हो गई हैं। जाह्नवी को आखिरी वक्त में मां के साथ न होने का हमेशा अफसोस रहेगा। आज भी श्रीदेवी के ट्विटर अकाउंट पर बेटी जाह्नवी की फिल्म का पोस्टर पिन किया हुआ है।