1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Aakhri Sawal: 'धुरंधर 2' के बाद फिर हुंकार भरेंगे संजय दत्त, नेशनल अवॉर्ड फिल्ममेकर संग देंगे सबसे बड़े सवाल का जवाब, सामने आई रिलीज डेट

Aakhri Sawal: 'धुरंधर 2' के बाद फिर हुंकार भरेंगे संजय दत्त, नेशनल अवॉर्ड फिल्ममेकर संग देंगे सबसे बड़े सवाल का जवाब, सामने आई रिलीज डेट

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Mar 26, 2026 01:34 pm IST,  Updated : Mar 26, 2026 01:34 pm IST

'धुरंधर 2' की सफलता के बाद अब संजय दत्त की एक और फिल्म रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म की रिलीज डेटा का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें सालों से उठ रहे सवाल का जवाब संजय दत्त देते नजर आएंगे।

Aakhri Sawal- India TV Hindi
संजय दत्त। Image Source : NIKHILNANDA_MOTIONPICTURES/INSTAGRAM

'धुरंधर' और 'धुरंधर द रिवेंज' की भारी सफलता को इस वक्त संजय दत्त एंजॉय कर रहे हैं। लोगों ने एपसी असलम चौधरी का उनका किरदार खूब पसंद किया। उनके डायलॉग काफी वायरल भी हुए, लेकिन अब वो इससे आगे बढ़ते हुए एक नई फिल्म में नजर आने के लिए पूरी तरह तैयार हो चुके हैं। संजय दत्त की अपकमिंग फिल्म 'आखरी सवाल' का ऐलान हो गया है। पहले इसकी सिर्फ पहली झलक ही सामने आई थी और उसी से खलबली मच गई थी, लेकिन अब मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। दमदार पोस्टर के साथ मेकर्स ने संजू बाबा की पर्दे पर वापसी की तारीख बता दी है।

क्या है रिलीज डेट?

बढ़ती उत्सुकता के बीच अब रिलीज की तारीख 15 मई 2026 का भी खुलासा कर दिया गया है। ​'आखरी सवाल' का यह पोस्टर वास्तव में उस गंभीरता और विषय की सही झलक है जिसे फिल्म में दिखाया गया है। एक बड़े क्वेश्चन मार्क के बीच संजय दत्त का संजीदा चेहरा इस पोस्टर को काफी दिलचस्प बना रहा है, जिससे फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। इसकी टैगलाइन इसे और भी दमदार बनाती है, 'वो सवाल जो भारत ने पूछना कभी बंद नहीं किया।' यह अपने आप में इशारा करता है कि फिल्म एक ऐसे विषय पर आधारित है जिससे भारत लंबे समय से जूझ रहा है। पोस्टर पर रिलीज की तारीख भी साफ तौर पर 15 मई 2026 दिखाई गई है।'

फिल्म का प्लॉट

इसके अलावा 'आखरी सवाल' दर्शकों के सामने भारत के सबसे पुराने और एकजुट संगठनों में से एक 'राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ' (RSS) की 100 साल की यात्रा की सच्ची कहानी लेकर आने वाली है, जिसकी स्थापना 1925 में केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी। दर्शकों को एक ऐसी महत्वपूर्ण मीटिंग देखने को मिलेगी जिसने भारत के भविष्य को बदल दिया, यह फिल्म इतिहास की उन कहानियों से कहीं आगे जाएगी जो हमारी किताबों में भी नहीं मिलतीं। यह राष्ट्र के लिए निस्वार्थ सेवा के मूल विचार पर रोशनी डालती है और दर्शकों को उन सच्चाइयों से रूबरू कराने का वादा करती है जो अब तक अनकही और अनदेखी रही हैं। भारत के युवाओं के मन में इस संगठन को लेकर कई सवाल और गहरी उत्सुकता है, जो ज्यादातर लोगों के लिए एक रहस्य जैसा रहा है, क्योंकि यह संगठन खुद का प्रचार करने या प्रेस कॉन्फ्रेंस करने में विश्वास नहीं रखता।

फिल्म की कास्ट

इस फिल्म में संजय दत्त, अमित साध, नमाशी चक्रवर्ती, समीरा रेड्डी, त्रिधा चौधरी और नीतू चंद्रा जैसे सितारों की एक बेहतरीन कास्ट शामिल है। अनुभवी और टैलेंटेड कलाकारों के साथ यह फिल्म दर्शकों पर एक गहरा प्रभाव छोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। अभिजीत मोहन वारंग जिन्होंने 2021 में मराठी ड्रामा 'पिकासो' के साथ अपने निर्देशन की शुरुआत की थी, उन्हें 67वें नेशनल फिल्म अवार्ड्स में स्पेशल मेंशन मिला था। उन्होंने लगातार मराठी और हिंदी दोनों भाषाओं में शानदार फिल्में दी हैं। उनके कुछ कामों में 'डेजा वू', 'प्रेम प्रथा धूमशान', 'पिकोलो' और शॉर्ट फिल्म 'वर्चुअल रियलिटी' शामिल हैं।

फिल्म के मेकर्स से जुड़ी जानकारी

​नीम ट्री एंटरटेनमेंट और निखिल नंदा मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म के मेकर्स हॉटस्टार और अन्य प्लेटफार्मों के लिए कई प्रोजेक्ट्स पहले ही पूरे कर चुके हैं। 'आखरी सवाल' का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विनर फिल्म मेकर अभिजीत मोहन वारंग ने किया है। निखिल नंदा और धनराज नथवानी द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म के निर्माता निखिल नंदा और संजय दत्त हैं, जबकि पुनीत नंदा, डॉ. दीपक सिंह, गौरव दुबे और उज्ज्वल आनंद इसके सह-निर्माता हैं। फिल्म की कहानी, स्क्रीनप्ले और डायलॉग उत्कर्ष नैथानी ने लिखे हैं। यह फिल्म 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।

ये भी पढ़ें: 'धुरंधर 2' बनी असली बाहुबली, एक हफ्ते में छापे 1000 करोड़, 7 दिन में 7 बड़े रिकॉर्ड से सबको कर रही चारों खाने चित

एक साल पहले आया ट्रेलर, लेकिन लटक गई राजकुमार राव की मूवी, अब OTT पर होगी तगड़ी एंट्री, सामने आई रिलीज डेट

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन