बॉलीवुड में ऐसे कई स्टारकिड हैं जिन्होंने पहली ही फिल्म से कमाल कर दिया और कई साल तक फिल्मी दुनिया पर छाए रहे। लेकिन कुछ फिल्मी परिवार के ऐसे सितारे भी हैं जिन्होंने काम तो खूब किया और तारीफें भी बटोरीं लेकिन कभी भी सस्ती पॉपुलरिटी के पीछे नहीं भागे। एक ऐसे ही एक्टर हैं जिन्होंने 14 साल पहले बतौर लीड एक्टर सुपरहिट फिल्म दी थी। आज भी छोटे-मोटे किरदारों को निभाने से नहीं कतराते। खास बात ये है कि इनके एक भाई बॉलीवुड के सुपरस्टार हैं और एक भाई धाकड़ प्रोड्यूसर हैं। अब तक आप समझ ही गए होंगे कि हम बात कर रहे हैं कुणाल रॉय कपूर की।
टीवी से की थी करियर की शुरुआत
कुणाल रॉय कपूर ने साल 1996 में आए टीवी सीरियल 'जस्ट मोहब्बत' से अपने करियर की शुरुआत की थी। इस सीरियल में कुणाल ने संजू नाम का किरदार निभाया था और खूब शोहरत बटोरी थी। इसके बाद कुछ छोटे-मोटे किरदारों को निभाने वाले कुणाल ने साल 2011 में आई फिल्म 'डेल्ही बेल्ही' में लीड रोल किया था। ये फिल्म लोगों को दिलों में बसी और बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही। फिल्म ने खूब कमाई की और कुणाल को भी खूब पहचान दिलाई। लेकिन पहचान के बाद भी कुणाल ने कभी भी सस्ती शोहरत का पीछा नहीं किया और फिल्मी खानदान से होने के बाद भी उन्होंने दमदार किरदारों में अपनी खुशी खोजी। कुणाल ने आयुष्मान खुराना के साथ 2013 में 'नौटंकी साला' में भी काम किया। इसके बाद रणवीर कपूर और दीपिका पादुकोण स्टारर फिल्म 'जवानी दीवानी' में भी दमदार किरदार निभाकर खूब तारीफें बटोरीं।
एक भाई सुपरस्टार और एक धाकड़ प्रोड्यूसर
कुणाल भले ही फिल्मी परिवार से आते हैं और उनके भाई आदित्य रॉय कपूर बॉलीवुड स्टार हैं। साथ ही उनके बड़े भाई सिद्धार्थ रॉय कपूर बॉलीवुड के सबसे बड़े प्रोड्यूसर्स में से एक हैं। लेकिन कुणाल ने अपने करियर के लिए अलग रास्ता चुना है। कभी भी शोहरत के पीछे नहीं भागने वाले कुणाल ने अब तक 35 से ज्यादा फिल्मों, सीरीयल्स और ओटीटी सीरीज में काम किया है। खास तरह के किरदारों में जादू घोलने वाले कुणाल इन दिनों ओटीटी सीरीज 'थोड़े दूर थोड़े पास' में नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही कुछ दूसरे प्रोजेक्ट्स भी हैं जो आने वाले दिनों में अनाउंस कर दिए जाएंगे।
ये भी पढ़ें- किसान आंदोलन पर कमेंट करना कंगना रनौत को पड़ा भारी, अब चलेगा राष्ट्रद्रोह का मुकदमा