'अल्फा' की रिलीज अब करीब आ चुकी है। फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बीते हफ्ते फिल्म का टीजर रिलीज किया गया था, जिसे मिक्स्ड रिएक्शन मिले थे। कुछ लोगों ने कहानी को कई फिल्मों का कॉपी पेस्ट बताया तो कुछ आलिया और बॉबी का एक्शन अवतार काफी पसंद आया। अब आखिरकार फिल्म का ट्रेलर भी जारी कर दिया गया है। यह आम स्पाई थ्रिलर फिल्मों से बिल्कुल अलग है। महिलाओं को कहानी के केंद्र में रखते हुए डायरेक्टर शिव रवैल एक ऐसी जबरदस्त और इमोशनल कहानी लेकर आए हैं जो दर्शकों को अपनी सीट से चिपके रहने पर मजबूर कर देगी। इस कहानी को 'वॉर' से लिंक किया गया है और ट्रेलर में 'वॉर' कनेक्शन साफ देखने को मिल रहा है।
क्या है कहानी का प्लॉट, ट्रेलर में दिखी झलक
यश राज फिल्म्स ने आलिया भट्ट और शर्वरी अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अल्फा’ का ट्रेलर जारी कर दिया है, जो दो खतरनाक और साहसी लड़कियों की रोमांचक ओरिजिन स्टोरी को एक जबरदस्त पॉपकॉर्न एंटरटेनर के रूप में पेश करता है। ट्रेलर में बॉबी देओल के किरदार की भी झलक दिखाई गई है, जो आलिया भट्ट के किरदार का निर्दयी मेंटर है। आलिया एक ऐसी असैसिन की भूमिका निभा रही हैं, जिसे बचपन से ही मारने के लिए तैयार किया गया है और जो आगे चलकर अपने ही मेंटर से आमने-सामने की लड़ाई लड़ती है। ट्रेलर में अनिल कपूर की भी झलक दिखाई गई है, जिनका संबंध रहस्यमयी अल्फा प्रोग्राम से होने का संकेत दिया गया है।
फिल्म में होगी ऋतिक की एंट्री
फिल्म में शारवरी के किरदार को जानबूझकर रहस्य में रखा गया है क्योंकि उनकी भूमिका कहानी में बेहद महत्वपूर्ण है। हालांकि ट्रेलर यह संकेत देता है कि वह बॉबी देओल को किसी भी कीमत पर रोकने के मिशन में आलिया का साथ देती नजर आएंगी। फिल्म में ऋतिक रोशन भी अहम किरदार निभाने वाले हैं, ट्रेलर के अंत में उनकी झलक देखने को मिल रही है। सिर्फ उनकी आंखों से ही लोग अंदाजा लगा सकते हैं कि आलिया के लिए सेवियर के रूप में आने वाला शख्स कोई और नहीं बल्कि 'वॉर' का कबीर ही है।
कब रिलीज होगी फिल्म?
2 मिनट 33 सेकंड का यह ट्रेलर दर्शकों को सीता की कहानी से परिचित कराता है। इसमें एक युवा लड़की को दिखाया गया है जिसे उसके पिता/मेंटर बॉबी देओल ने बहुत बारीकी से ट्रेनिंग दी है। उसे एक बहुत जोखिम भरे प्रोजेक्ट के लिए तैयार किया जाता है। आगे देखने पर पता चलता है कि 'अल्फा' प्रोग्राम धोखे से भरा है, जिससे आलिया को उसी सिस्टम के खिलाफ बगावत करनी पड़ती है जिसने उसे बनाया था। ट्रेलर में शरवरी वाघ का जबरदस्त अंदाज भी देखने को मिलता है। शिव रवैल के निर्देशन में बनी ‘ऐल्फा’ 3 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में विशेष रूप से रिलीज होगी।
ये भी पढ़ें: प्राइम वीडियो पर पहली बार आ रहा डेली रियलिटी शो 'अलायंस', कुणाल खेमू संभालेंगे होस्ट की कमान