नीरज पांडे अपनी शानदार फिल्मों और वेब सीरीज के लिए जाने जाते हैं। कहानियां कहने और बड़े पर्दे से ओटीटी तक इन्हें दिखाने का उनका अंदाज बाकी निर्देशकों से बिल्कुल अलग है। नीरज की फिल्में और सीरीज तेज रफ्तार में दौड़ती हैं और इन्हें देख हॉलीवुड की याद आती है। अब इमरान हाशमी स्टारर 'तस्करी' की सफलता के बाद नीरज पांडे नेटफ्लिक्स पर एक नई सीरीज लेकर आ रहे हैं, जिसका टीजर के साथ टाइटल का ऐलान भी कर दिया गया। इस सीरीज का नाम 'घूसखोर पंडत' है, जैसे ही ये नाम सामने आया बवाल छिड़ गया। मामला इतना बढ़ गया कि भोपाल में विरोध, दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर होने के बाद लखनऊ में एफआईआर भी दर्ज हो गई। अब नीरज ने इस पर सफाई दी और साफ किया कि किसी जाति से उनकी फिल्म का कोई लेना देना नहीं है, इसके साथ ही उन्होंने टीजर भी हटा दिया। आम तौर पर नीरज इन विवादों से काफी दूर रहते हैं, ऐसे में चलिए उनकी फिल्मोग्राफी पर एक नजर डालते हैं। ये रहीं उनकी 5 सबसे शानदार फिल्में और वेब सीरीज।
1. खाकी: द बिहार चैप्टर (Netflix)
नेटफ्लिक्स की चर्चित सीरीज ‘खाकी: द बिहार चैप्टर’ एक सच्ची घटना से प्रेरित क्राइम ड्रामा है। इस सीरीज़ में करण टैकर, अविनाश तिवारी, अभिमन्यु सिंह, बृजेश्वर सिंह, जतिन सरना, रवि किशन और आशुतोष राणा जैसे दमदार कलाकार नजर आते हैं। कहानी बिहार में सक्रिय एक खतरनाक अपराधी और उसे पकड़ने के मिशन पर निकले एक ईमानदार पुलिस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, अफसर खुद को न सिर्फ जानलेवा पीछा और टकराव में पाता है, बल्कि उसे नैतिकता और सिस्टम के बीच कठिन फैसले भी लेने पड़ते हैं। पॉलिटिक्स, पुलिस और अपराध की यह जटिल दुनिया सीरीज़ को बेहद रोमांचक बनाती है। IMDb पर इसे 8.1 रेटिंग मिली है।
2. स्पेशल 26 (Apple TV+)
‘स्पेशल 26’ हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार थ्रिलर फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में अनुपम खेर, अक्षय कुमार, मनोज बाजपेयी, जिमी शेरगिल, काजल अग्रवाल, दिव्या दत्ता और राजेश शर्मा जैसे कलाकार हैं। फिल्म की कहानी 1987 के मशहूर ओपेरा हाउस डकैती कांड से प्रेरित है। इसमें ठगों की एक टीम खुद को CBI अधिकारी बताकर बड़े नेताओं और व्यापारियों पर छापे मारती है और उनका काला धन लूट लेती है। जब एक असली CBI अधिकारी उनके पीछे पड़ जाता है तो गैंग अपनी अब तक की सबसे बड़ी डकैती को अंजाम देने की योजना बनाती है। स्मार्ट स्क्रीनप्ले और ट्विस्ट्स से भरी यह फिल्म IMDb पर 8 की रेटिंग रखती है।
3. स्पेशल ऑप्स (JioHotstar)
JioHotstar की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली वेब सीरीज़ में शामिल ‘स्पेशल ऑप्स’ एक हाई-ऑक्टेन जासूसी थ्रिलर है। इसमें के के मेनन ने RAW अधिकारी हिम्मत सिंह का किरदार निभाया है। कहानी भारत में हुए बड़े आतंकी हमलों के पीछे छिपे मास्टरमाइंड को पकड़ने की है। हिम्मत सिंह पांच अलग-अलग एजेंट्स की एक टीम बनाते हैं और कई देशों में फैले इस मिशन को अंजाम देते हैं। विनय पाठक, करण टैकर, विपुल गुप्ता और मुजम्मिल इब्राहिम जैसे कलाकार सीरीज़ को और मजबूत बनाते हैं। IMDb पर इसकी 8.6 रेटिंग है।
4. ए वेडनेसडे! (Netflix)
‘ए वेडनेसडे!’ एक टाइट और सस्पेंस से भरी फिल्म है, जिसमें अनुपम खेर और नसीरुद्दीन शाह आमने-सामने नजर आते हैं। कहानी सिर्फ एक बुधवार की दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक घटने वाली घटनाओं पर आधारित है। एक आम आदमी पुलिस कमिश्नर को धमकी देता है कि अगर चार आतंकवादियों को रिहा नहीं किया गया, तो वह मुंबई में कई बम धमाके कर देगा। यह फिल्म देशभक्ति, गुस्से और सिस्टम पर सवाल खड़े करती है।
5. द फ्रीलांसर (JioHotstar)
‘द फ्रीलांसर’ किताब ए टिकट टू सीरिया पर आधारित है। इसमें अविनाश कामथ एक पूर्व पुलिस अधिकारी की भूमिका में हैं, जो अब एक फ्रीलांसर बन चुका है। कहानी उस वक्त की है जब ISIS का आतंक अपने चरम पर था। अविनाश को युद्धग्रस्त सीरिया में फंसी एक नवविवाहिता लड़की आलिया को बचाने का खतरनाक मिशन मिलता है। थ्रिल, इमोशन और एक्शन से भरपूर यह सीरीज IMDb पर 8.1 रेटिंग के साथ दर्शकों की पसंद बनी हुई है। मोहित रैना इसमें लीड रोल निभा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Ghooskhor Pandat: किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था मनोज बाजपेयी का मकसद, एक्टर ने कही लंबी-चौड़ी बात
Ghooskhor Pandat वेब सीरीज का वो टीजर, जिसके बाद शुरू हुआ बवाल, नेटफ्लिक्स के डिलीट करते ही वायरल