1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. एक बस ड्राइवर... जिसने रजनीकांत को बनाया सुपरस्टार, अपना पेट काट कर हर महीने भेजता था आधी वेतन

एक बस ड्राइवर... जिसने रजनीकांत को बनाया सुपरस्टार, अपना पेट काट कर हर महीने भेजता था आधी वेतन

 Written By: Priya Shukla
 Published : Apr 14, 2025 11:56 am IST,  Updated : Apr 14, 2025 11:56 am IST

रजनीकांत आज देश के सबसे बड़े स्टार्स में से एक हैं। उनके फैंस उन्हें प्यार से 'थलाइवा' बुलाते हैं और उनकी पूजा करते हैं। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि रजनीकांत को सुपरस्टार किसने बनाया? ये कोई डायरेक्टर या प्रोड्यूसर नहीं, बल्कि एक बस ड्राइवर हैं। चलिए आपको रजनीकांत के इस दोस्त के बारे में बताते हैं।

Rajinikanth- India TV Hindi
रजनीकांत ने 70 के दशक में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। Image Source : INSTAGRAM

अमिताभ बच्चन और अमजद खान पर फिल्माया एक गाना 'तेरे जैसा यार कहां...' एक शख्स पर बिलकुल फिट बैठता है। ये वो शख्स है, जिसने सिनेमा जगत को रजनीकांत जैसा सुपरस्टार दिया। रजनीकांत को हीरो बनाने के लिए इस शख्स ने कई कुर्बानियां दीं। अगर आप सोच रहे हैं कि हम किसी एक्टर, डायरेक्टर या प्रोड्यूसर की बात कर रहे हैं तो नहीं हम बात कर रहे हैं उस ड्राइवर की, जिसने अपना पेट काट कर रजनीकांत को सुपरस्टार बनाने में मदद की और 55 साल बाद भी थलाइवा इस शख्स का कर्जा नहीं उतार सके हैं।

रजनीकांत को किसने बनाया सुपरस्टार?

आज हम आपको रजनीकांत के सबसे अच्छे दोस्त के बारे में बताते हैं, जिन्होंने मुश्किल वक्त में उनकी मदद की और थलाइवा को शोहरत और नाम दिलाने में सबसे अहम भूमिका निभाई। दुनिया भले ही थलाइवा को रजनीकांत के नाम से जानती हो, लेकिन अपने दोस्त के लिए वे हमेशा शिवाजी थे और रहेंगे। रजनीकांत के ये दोस्त कभी बस ड्राइवर का काम किया करते थे और इनका नाम राज बहादुर है।

राज बहादुर से कैसे हुई रजनीकांत की मुलाकात?

दरअसल, फिल्मी दुनिया में कदम रखने से पहले रजनीकांत अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए बस कंडक्टर का काम किया करते थे। उनकी आर्थिक स्थिति ने उन्हें अपना घर चलाने के लिए अलग-अलग काम करने के लिए मजबूर किया। 1970 में रजनीकांत की मुलाकात राज बहादुर से हुई। तब वे बैंगलोर ट्रांसपोर्ट सर्विसेज में काम करते थे। जल्दी ही रजनीकांत और राज बहादुर अच्छे दोस्त बन गए।

राज बहादुर ने पहचानी रजनीकांत की प्रतिभा

राज बहादुर ने रजनीकांत के अंदर छुपी प्रतिभा को पहचाना और उन्हें एक्टर बनने का अपना सपना पूरा करने के लिए कहा। लेकिन, आर्थिक समस्याओं के चलते रजनीकांत फिल्मी दुनिया में कदम रखने से हिचकिचा रहे थे। क्योंकि, उन्हें लग रहा था कि अगर वह बस कंडक्टर की नौकरी से भी हाथ धो बैठे और एक्टर भी नहीं बन पाए तो खर्च कैसे चलाएंगे। इस पर राज बहादुर ने उन्हें मदद का आश्वासन दिया और मदद की भी।

Rajinikanth
Image Source : INSTAGRAMरजनीकांत के साथ दोस्त राज बहादुर।

रजनीकांत को आधी वेतन भेजते थे राज बहादुर

राज मुश्किल समय में रजनीकांत का सहारा बने और फिल्म इंस्टीट्यूट में उन्हें दाखिला दिलाया। इसके बाद वह हर महीने अपनी आधी सैलेरी रजनीकांत को भेज दिया करते, ताकि वह अपनी फीस दे सकें और अपना खर्च चला सकें। उन दिनों राज बहादुर को 400 रुपये वेतन मिलती थी, लेकिन अपनी जरूरतों, इच्छाओं को परे रखते हुए उन्होंने अपने जिगरी दोस्त रजनीकांत की मदद करना चुना और उनका हीरो बनने का सपना पूरा करने में सबसे अहम भूमिका निभाई। यही वजह है कि भले ही आज रजनीकांत सुपरस्टार बन चुके हैं, लेकिन वह राज बहादुर के साथ वही रिश्ता साझा करते थे, जो एक्टर बनने से पहले करते थे। दोनों के बीच दोस्ती से भी बढ़कर भाईयों वाला रिश्ता है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन