1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'धुरंधर 2' में क्या जसकीरत ने पगड़ी पहनकर पी थी सिगरेट? वायरल फोटो पर मचा बवाल तो बोले आदित्य धर- ऐसी हरकतों से निपटा जाएगा

'धुरंधर 2' में क्या जसकीरत ने पगड़ी पहनकर पी थी सिगरेट? वायरल फोटो पर मचा बवाल तो बोले आदित्य धर- ऐसी हरकतों से निपटा जाएगा

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Mar 26, 2026 05:33 pm IST,  Updated : Mar 26, 2026 05:33 pm IST

'धुरंधर 2' की सफलता के बीच एक तस्वीर वायरल हुई जिसमें रणवीर सिंह को पगड़ी पहने सिग्रेट पीते दिखाया गया, जिसके बाद बवाल मच गया, लेकिन क्या से सीन सच में फिल्म का हिस्सा है भी या नहीं, ये अब खुद फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने बताया है।

aditya dhar ranveer singh- India TV Hindi
आदित्य धर और रणवीर सिंह। Image Source : ADITYA DHAR INSTAGRAM

पिछले साल जब आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' सिनेमाघरों में आई थी, तभी से यह दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। अक्षय खन्ना के 'रहमान डकैत' वाले स्वैग और रणवीर सिंह के 'हमजा' उर्फ 'जसकीरत' के दमदार अभिनय ने फैंस को दीवाना बना दिया था। इसके बाद निर्देशक आदित्य धर की बारीकियों की भी जमकर तारीफ हुई। अब फिल्म के सीक्वल 'धुरंधर: द रिवेंज' को लेकर इंटरनेट पर रिएक्शन की बाढ़ आ गई है, लेकिन सफलता के इस शोर के बीच फिल्म एक बड़े विवाद में फंस गई है।

फेक पोस्टर पर आदित्य धर की सफाई

सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ी भावुक पोस्ट और वायरल होते स्पॉयलर के बीच, नेटिजन्स की नजर 'धुरंधर 2' के एक पोस्टर पर पड़ी। इस पोस्टर में रणवीर सिंह का किरदार पगड़ी पहने हुए सिगरेट पीता नजर आ रहा था। इस तस्वीर के वायरल होते ही विवाद खड़ा हो गया, जिस पर अब निर्देशक आदित्य धर ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। आदित्य ने स्पष्ट किया है कि यह पोस्टर पूरी तरह से फर्जी है और इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए बनाया गया है। आदित्य धर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक बयान जारी करते हुए कहा, 'मैं 'धुरंधर: द रिवेंज' को दुनिया भर के दर्शकों से मिल रहे अपार प्यार के लिए गहरा आभारी हूं। हालांकि मेरे संज्ञान में आया है कि कुछ लोग एआई का उपयोग करके आधिकारिक प्रमोशनल कंटेंट के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं और भ्रामक नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।'

सिख समुदाय की भावनाओं का सम्मान

आदित्य ने उस विवादित छवि पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि पगड़ी पहने हुए हमजा/जसकीरत को धूम्रपान करते दिखाना पूरी तरह से झूठ है। यह फिल्म का हिस्सा नहीं है और न ही मेकर्स द्वारा जारी की गई किसी आधिकारिक सामग्री में ऐसा कुछ है। उन्होंने इसे जानबूझकर की गई शरारत और गलत बयानी करार दिया। निर्देशक ने आगे स्पष्ट किया, 'मैं यह साफ कर देना चाहता हूं कि मैं सिख समुदाय का सर्वोच्च सम्मान करता हूं। फिल्म में हर चित्रण को पूरी संवेदनशीलता, गरिमा और जिम्मेदारी के साथ पेश किया गया है। किसी भी छेड़छाड़ किए गए कंटेंट से भ्रम फैलाने का प्रयास द्वेषपूर्ण और बेईमानी भरा है। मैं दर्शकों से आग्रह करता हूं कि वे केवल आधिकारिक सामग्री पर भरोसा करें और एआई से बनी गलत सूचनाओं का शिकार न बनें। ऐसी हरकतों से सख्ती से निपटा जाएगा।'

धुरंधर 2 से जुड़े अन्य विवाद

रणवीर सिंह के इस फेक पोस्टर के अलावा, 'धुरंधर: द रिवेंज' एक और वजह से विवादों के घेरे में रही। महाराष्ट्र में सिखों के अध्यक्ष गुरज्योत सिंह कीर ने फिल्म की टीम पर गुरबानी का अनादर करने और सिख भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है। उनका विरोध फिल्म के एक खास दृश्य को लेकर है, जिसमें अभिनेता आर. माधवन को 'दशम ग्रंथ' के एक पवित्र श्लोक का पाठ करते हुए दिखाया गया है, जबकि वे उस समय धूम्रपान कर रहे हैं। इस दृश्य की सिख समुदाय के कुछ हिस्सों में कड़ी आलोचना की गई है, जिससे फिल्म की रिलीज के साथ ही विवादों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इन विवादों के बावजूद 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए हुए है।

ये भी पढ़ें: 'धुरंधर 2' बनी असली बाहुबली, एक हफ्ते में छापे 1000 करोड़, 7 दिन में 7 बड़े रिकॉर्ड से सबको कर रही चारों खाने चित

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन