1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'हेरा फेरी' का चमन झींगा याद है? आर्थिक तंगी से जूझ रहे दिनेश हिंगू, पत्नी जमुना ने बताया सच

'हेरा फेरी' का चमन झींगा याद है? आर्थिक तंगी से जूझ रहे दिनेश हिंगू, पत्नी जमुना ने बताया सच

 Published : Apr 25, 2026 11:01 am IST,  Updated : Apr 25, 2026 11:01 am IST

दिग्गज कॉमेडियन दिनेश हिंगू का एक वीडियो वायरल होने के बाद उनकी सेहत और आर्थिक स्थिति को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं हालांकि, बाद में उनकी पत्नी ने यह साफ किया कि उनका परिवार आर्थिक रूप से सुरक्षित है और वे अपनी मर्जी से काम कर रहे हैं।

dinesh hingoo- India TV Hindi
दिनेश हिंगू Image Source : INSTAGRAM/@KISSATV2

मशहूर कॉमेडियन दिनेश हिंगू एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो वायरल हुआ, जिसने उनकी सेहत और आर्थिक हालत को लेकर चिंता पैदा कर दी है। सैकड़ों फिल्मों में काम कर चुके 86 साल के इस एक्टर को वायरल वीडियो में बेबाकी से यह कहते हुए देखा गया कि वे अभी भी काम कर रहे हैं और उन्हें अपने मेडिकल खर्चों के लिए पैसों की जरूरत है। उनके इन बयानों के बाद जल्द ही यह अटकलें लगने लगीं कि वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।

आर्थिक तंगी से जूझ रहे दिनेश हिंगू

वीडियो में हिंगू ने बताया कि जब भी उन्हें काम का कोई मौका मिलता है तो वे उसे साइन कर लेते हैं। उन्होंने समझाया कि मेडिकल खर्च बहुत ज्यादा होते हैं। कई बार तो डॉक्टर के पास जाने के लिए ही हजारों रुपये खर्च हो जाते हैं। एक्टर ने इंडस्ट्री की एक पुरानी समस्या की ओर भी इशारा किया। उन्होंने कहा कि कैरेक्टर आर्टिस्ट इंडस्ट्री में अपना अहम योगदान देने के बावजूद अक्सर अच्छी-खासी फीस से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा, 'कैरेक्टर आर्टिस्ट को ज्यादा पैसे नहीं मिलते हैं। मैंने भारत भूषण के साथ ब्लैक एंड व्हाइट फिल्मों में काम किया। मुझे कुर्बानी के बाद काम मिलना शुरू हुआ। मैंने गुजराती और राजस्थानी फिल्मों में काम किया है। फिर भी पैसा कम मिलता है।'

दिनेश हिंगू की पत्नी ने वायरल वीडियो पर सफाई दी

हालांकि, उनके परिवार की तरफ से सफाई आने के बाद जल्द ही हालात बदल गए। दिनेश हिंगू की पत्नी जमुना हिंगू ने हाल ही में इन अफवाहों पर बात की और सभी को भरोसा दिलाया कि एक्टर ठीक हैं। TOI के मुताबिक परिवार फाइनेंशियली स्टेबल है, उनके बच्चे और पोते-पोतियां अच्छी तरह से सेटल हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि वायरल क्लिप के आधार पर एक गलतफहमी हुई थी और उन लोगों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने चिंता जाहिर की। यह सफाई इंडस्ट्री के सदस्य राजेश वासानी ने शेयर की, जिन्होंने दावों को वेरिफाई करने के लिए परिवार से पर्सनली कॉन्टैक्ट किया। अपने अपडेट में वासानी ने कहा कि जमुना हिंगू ने कन्फर्म किया कि कोई फाइनेंशियल क्राइसिस नहीं है और एक्टर जरूरत के बजाय पैशन से काम करना जारी रखे हुए हैं।

किस हाल में है दिनेश हिंगू का परिवार?

दरअसल, इस वायरल वीडियो ने फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियों का तुरंत ध्यान खींचा और मदद के लिए हाथ बढ़ाया। राजेश वासानी ने बताया, 'मैं उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं और उनकी सराहना करता हूं जो तुरंत इस नेक काम में मदद के लिए आगे आए, जैसे राकेश रोशन और बोनी कपूर, जिनमें हमारी एसोसिएशन भी शामिल है। यहां तक कि अमिताभ बच्चन के ऑफिस से भी मदद की पेशकश करते हुए एक फोन आया था। हालांकि, उनकी पत्नी से तथ्यों की पुष्टि करने के बाद मैंने उन्हें धन्यवाद कहा और बताया कि परिवार को किसी भी तरह की मदद की जरूरत नहीं है।'

दिनेश हिंगू कौन हैं?

दिनेश हिंगू का करियर कई दशक लंबा और काफी शानदार रहा है। 1940 में गुजरात के बड़ौदा में जन्मे उन्होंने अपने कॉलेज के दिनों में थिएटर से अपने अभिनय के सफर की शुरुआत की थी। अभिनय के प्रति उनके जुनून ने आखिरकार उन्हें मुंबई पहुंचाया, जहां गुजराती थिएटर में मौके मिलने से पहले उन्हें शुरुआती दौर में काफी संघर्ष करना पड़ा। बाद में उन्होंने राजश्री प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित फिल्म 'तकदीर' से फिल्मों में डेब्यू किया। उन्होंने कॉमेडी के बजाय एक नेगेटिव रोल से अपने करियर की शुरुआत की थी। दिनेश ने कैरेक्टर एक्टर के तौर पर हिंदी, गुजराती, मराठी और भोजपुरी सहित कई भाषाओं की 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। 'नमक हलाल', 'करण अर्जुन', 'हम आपके हैं कौन..!', 'बाजीगर' और 'फिर हेरा फेरी' जैसी बेहतरीन फिल्मों में नजर आ चुके हैं। बता दें कि 'हेरा फेरी' में चमन झींगा का यादगार किरदार दिनेश हिंगू ने निभाया था।

ये भी पढ़ें-

अविनाश तिवारी-मेधा शंकर की 'गिन्नी वेड्स सनी 2' का बुरा हाल, पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर पड़ी ठंडी

2026 की विवादित फिल्म, ओटीटी पर धूम मचाने को तैयार, देखते ही कांप उठेगा रोम-रोम

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन