1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. सनी देओल पर भारी पड़े इमरान हाशमी, एडवांस बुकिंग में 'आवारापन 2' का धमाका, 'बंटवारा 1947' से 250% अधिक टिकट बिके, कमाई में भारी बढ़त

सनी देओल पर भारी पड़े इमरान हाशमी, एडवांस बुकिंग में 'आवारापन 2' का धमाका, 'बंटवारा 1947' से 250% अधिक टिकट बिके, कमाई में भारी बढ़त

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Aug 13, 2026 01:17 pm IST,  Updated : Aug 13, 2026 01:58 pm IST

14 अगस्त को 'आवारापन 2' और 'बंटवारा 1947' में कड़ा मुकाबला है। शुरुआती एडवांस आंकड़ों में इमरान हाशमी की फिल्म आगे चल रही है, लेकिन स्वतंत्रता दिवस पर असली बाजी दर्शकों की प्रतिक्रिया ही तय करेगी।

emraan sunny- India TV Hindi
इमरान हाशमी और सनी देओल। Image Source : STILLS FROM TRAILER

बॉक्स ऑफिस पर 14 अगस्त को एक बड़ा मुकाबला देखने को मिलने वाला है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सिनेमाघरों में दो बड़ी फिल्में, इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' और सनी देओल की 'बंटवारा 1947' आपस में टकराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। शुरुआती रुझानों और आंकड़ों को देखा जाए तो इस बॉक्स ऑफिस वॉर में फिलहाल इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' बढ़त बनाती हुई नजर आ रही है। सैक्निल्क के आंकड़े ये जाहिर कर रहे हैं कि पहले दिन ही इमरान हाशमी की फिल्म सनी देओल की फिल्म से आगे निकलते हुए बड़ी बढ़त बना लेगी।

नॉस्टैल्जिया और फैन बेस का मिला फायदा

'आवारापन 2' को लेकर दर्शकों के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है। यह फिल्म इमरान हाशमी की 2007 में आई सुपरहिट और पसंदीदा फिल्म 'आवारापन' का सीक्वल है। फिल्म को लेकर दर्शकों में पुरानी यादें और इमरान की मजबूत फैन फॉलोइंग का सीधा फायदा मिलता दिख रहा है। दूसरी तरफ सनी देओल की फिल्म 'बंटवारा 1947' को आम जनता और पारिवारिक दर्शकों से काफी उम्मीदें हैं।  स्वतंत्रता दिवस के इस मौके पर कौन बाजी मारेगा, इसका अंतिम फैसला दर्शकों की प्रतिक्रिया यानी वर्ड ऑफ माउथ पर निर्भर करेगा।

एडवांस बुकिंग के आंकड़ों में 'आवारापन 2' आगे

शुरुआती एडवांस बुकिंग के आंकड़े साफ तौर पर 'आवारापन 2' के पक्ष में जाते दिख रहे हैं। टिकटों की बिक्री के मामले में इमरान हाशमी की फिल्म ने सनी देओल की फिल्म को काफी पीछे छोड़ दिया है। सैक्निल्क की रिपोर्ट में दिए गए एडवांस बुकिंग के आंकड़ों पर नजर डालें तो इंडिपेंडेंस डे क्लैश का पहला दौर निश्चित रूप से 'आवारापन 2' के नाम रहा है। फिल्म ने अब तक लगभग 102470 टिकट बेचकर एडवांस सेल्स में ₹3.26 करोड़ की कमाई कर ली है। वहीं, 'बंटवारा 1947' करीब 29261 टिकटों की बिक्री ही कर पाई है। इसकी कमाई अभी 81.39 लाख है। अगर ब्लॉक सीट पर नजर डालें तो 'बटवारा 1947' ने 2.46 करोड़ का कलेक्शन किया है, वहीं 'अवारापन 2' ने डबल से ज्यादा की ब्लॉक सीट के साथ बढ़त बना ली है। 'अवारापन 2' का आंकड़ा 5.44 करोड़ है। ये आंकड़े दोपहर 12 बजे तक के हैं। शाम तक ये आंकड़े और अधिक हो जाएंगे।

कमाई दिखा बड़ा फासला

'आवारापन 2' ने 'बंटवारा 1947' की तुलना में 250.19% अधिक टिकट बेचे हैं यानी बटवारा के हर 1 टिकट पर 'आवारापन 2' के लगभग 3.5 टिकट बिके हैं। सिर्फ एडवांस सेल्स से हुई सीधी कमाई में 'आवारापन 2' 300.54% आगे है, जो चार गुना के करीब है। गौर करने वाली बात है कि दोनों ही फिल्मों में शबाना आजमी मुख्य भूमिका में नजर आने वाली हैं।

ये भी पढ़ें: 'कभी रेमो तो कभी अन्नियन बन जाता', अनुपमा परमेश्वरन ने बताया Ex बॉयफ्रेंड का खौफनाक बर्ताव, बयां किया टॉक्सिक रिलेशन का दर्द

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन