1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. बॉलीवुड डेब्यू के लिए तैयार 'पुष्पा 2' का खूंखार विलेन, 'एनिमल' की 'भाभी नंबर 2' संग फरमाएगा इश्क!

बॉलीवुड डेब्यू के लिए तैयार 'पुष्पा 2' का खूंखार विलेन, 'एनिमल' की 'भाभी नंबर 2' संग फरमाएगा इश्क!

 Written By: Priya Shukla
 Published : Dec 10, 2024 07:01 pm IST,  Updated : Dec 10, 2024 07:01 pm IST

पुष्पा 2: द रूल की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद, फहद फासिल अब अपनी पहली बॉलीवुड डेब्यू फिल्म के लिए तैयार हैं। वह इम्तियाज अली की फिल्म के साथ हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एंट्री करेंगे जिसमें एनिमल की भाभी नंबर 2 यानी तृप्ति डिमरी भी हैं।

Tripti Dimri- India TV Hindi
फहाद फासिल कर रहे हैं बॉलीवुड डेब्यू Image Source : INSTAGRAM

मलयालम एक्टर फहाद फासिल इन दिनों अपनी नई फिल्म 'पुष्पा 2 द रूल' को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म में उन्होंने खलनायक भंवर सिंह शेखावत का किरदार निभाया है। वहीं, अब साउथ सिनेमा के इस खूंखार विलेन को लेकर एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसके बारे में जानकर फहाद फासिल के फैंस खुश हो जाएंगे। फहाद की नई फिल्म को लेकर दिलचस्प जानकारी सामने आई है। 'पुष्पा 2: द रूल' की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद, फहद फासिल अब अपने पहले बॉलीवुड प्रोजेक्ट के लिए तैयार हैं, जिसका टाइटल भी आखिरकार सामने आ गया है। फहाद की पहली बॉलीवुड फिल्म का नाम 'इडियट्स ऑफ इस्तांबुल' है, जो एक लव स्टोरी है, जिसमें उनके साथ तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिका में होंगी। फिल्म का निर्देशन इम्तियाज अली कर रहे हैं।

क्यों दिया गया 'इडियट्स ऑफ इस्तांबुल' टाइटल

फिल्म के इस टाइटल की वजह ये है कि इसका ज्यादातर हिस्सा तुर्की के इस्तांबुल में शूट किया जाएगा और इसकी कहानी भी इसी शहर के इर्द-गिर्द घूमती है। ये एक रोमांटिक कॉमेडी होगी, जिसमें फिल्म के दोनों किरदार तुर्की के सबसे बड़े शहर यानी इस्तांबुल के सफर में नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म के अन्य हिस्सों की शूटिंग भारत और यूरोप में होगी।

पहली बार साथ काम करेंगे फहाद फासिल और तृप्ति डिमरी

बता दें ये पहली बार है जब फहाद फासिल और तृप्ति डिमरी साथ नजर आएंगे। इससे पहले दोनों कलाकारों ने साथ काम नहीं किया है। यह भी बताया गया कि फिल्म का प्री-प्रोडक्शन काम शुरू हो चुका है, क्योंकि इम्तियाज अली ने अपना रेकी राउंड भी पूरा कर लिया है। निर्माता फिलहाल अपनी स्क्रिप्ट को अंतिम रूप दे रहे हैं और अपनी अगली फिल्म में फहाद और तृप्ति का एक नया रूप देखने के लिए तैयार हैं। फहद और तृप्ति की जोड़ी भी फिल्म पर काम शुरू करने के लिए तैयार है।

पुष्पा 2: द रूल में फहाद फासिल ने मचाई धूम

फहाद फासिल इन दिनों अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना स्टारर पुष्पा 2: द रूल को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसमें उन्होंने विलेन भंवर सिंह शेखावत की भूमिका निभाई है। हाल ही में फिल्म में फहाद फासिल के किरदार के नाम को लेकर एक विवाद भी खड़ा हो गया है। करणी सेना ने पुष्पा 2 में फहाद फासिल के किरदार के साथ इस्तेमाल किए गए 'शेखावत' सरनेम को लेकर आपत्ति जाहिर की है। वहीं तृप्ति को आखिरी बार राजकुमार राव की 'विक्की विद्या का वो वाला वीडियो' में देखा गया था। वहीं इम्तियाज अली ने अपनी हालिया रिलीज 'अमर सिंह चमकीला' से एक बार फिर दर्शकों का दिल जीता। 2024 में रिलीज हुई इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ और परिणीति चोपड़ा मुख्य भूमिका में हैं।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन