1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. बदल जाएगी 'जी ले जरा' की कास्ट? प्रियंका, कैटरीना और आलिया हो जाएंगी रिप्लेस, फरहान अख्तर ने तोड़ी चुप्पी

बदल जाएगी 'जी ले जरा' की कास्ट? प्रियंका, कैटरीना और आलिया हो जाएंगी रिप्लेस, फरहान अख्तर ने तोड़ी चुप्पी

 Written By: Priya Shukla
 Published : Apr 29, 2026 08:05 pm IST,  Updated : Apr 29, 2026 08:05 pm IST

फरहान अख्तर ने 'जी ले जरा' की कास्ट में बदलाव पर चुप्पी तोड़ी है और माना कि फिल्म में वह लगातार कई बाधाओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन इसी के साथ उन्होंने ये भी कहा कि वह हार नहीं मानने वाले।

katrina kaif- India TV Hindi
आलिया, प्रियंका और कैटरीना। Image Source : INSTAGRAM/@KATRINAKAIF

फरहान अख्तर पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में हैं। खासतौर पर 'डॉन 3' से रणवीर सिंह की एग्जिट के बाद अलग-अलग तरह की खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच ऐसी भी खबरें आईं, जिनमें कहा गया कि फरहान की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'जी ले जरा' की कास्ट में भी बदलाव होने वाला है। फरहान अख्तर ने प्रियंका चोपड़ा, कैटरीना कैफ और आलिया भट्ट के साथ इस फिल्म का ऐलान किया था, जो लंबे समय से अधर में लटकी हुई है। इस फिल्म का ऐलान 2021 में हुआ था और अब तक इसे लेकर कोई और अपडेट नहीं आया है। इस बीच फरहान अख्तर ने इन तमाम मामलों पर चुप्पी तोड़ी है और आलिया भट्ट, प्रियंका चोपड़ा और कैटरीना कैफ को रिप्लेस करने पर रिएक्ट किया है।

क्या रिप्लेस हो जाएंगी आलिया, कैटरीना और प्रियंका?

हॉलीवुड रिपोर्टर के साथ बातचीत में फरहान अख्तर ने 'जी ले जरा' पर खुलकर बात की और फिल्म में कैटरीना कैफ, प्रियंका चोपड़ा और आलिया भट्ट को रिप्लेस किए जाने पर चुप्पी तोड़ी। फरहान अख्तर के अनुसार, उन्होंने कभी अपनी फिल्मों को लेकर किसी तरह के राज नहीं रखे हैं और अब भी जब कोई अपडेट आएगा तो वह जरूर शेयर करेंगे। प्रियंका, कैटरीना और आलिया को रिप्लेस किए जाने की अफवाहों पर बात करते हुए उन्होंने कहा - 'बहुत सी बातों को लेकर बहुत सी अफवाहें फैल रही हैं। मैंने हमेशा यही कहा है कि फिल्म बनाते समय मैं कोई भी बात छुपाना पसंद नहीं करता। जब भी मुझे लगता है कि कोई चीज सामने लाने के लिए तैयार है, मैं उसे सबके सामने रख देता हूं और सबके साथ साझा कर देता हूं। और मैं आगे भी ऐसा ही करता रहूंगा।'

2021 में किया था जी ले जरा का ऐलान

फरहान अख्तर ने 2021 में एक लंबे-चौड़े पोस्ट के साथ 'जी ले जरा' का ऐलान किया था। उन्होंने प्रियंका चोपड़ा, कैटरीना कैफ और आलिया भट्ट की एक फोटो शेयर की, जिसके साथ उन्होंने इस फिल्म का ऐलान किया। तभी से दर्शक प्रियंका, कैटरीना और आलिया को साथ देखने के लिए बेताब हैं, लेकिन अब तक इस पर कोई नया अपडेट नहीं आया है। वहीं फरहान अख्तर के हालिया बयान से जाहिर होता है कि फिल्म को लेकर अभी भी अनिश्चितताएं बनी हुई हैं और उन्होंने इसकी भी पुष्टि नहीं की है कि वह पुरानी कास्ट के साथ ही ये फिल्म बनाएंगे, या फिर प्रियंका, कैटरीना और आलिया की जगह नई स्टारकास्ट लेगी। फरहान अख्तर ने माना कि वह फिलहाल सोच-विचार वाले दौर से गुजर रहे हैं और पिछले कुछ समय में उनकी जिंदगी में कई बदलाव आए हैं, जिसके चलते वह कोई पक्का फैसला लेने से पहले दोबारा सोचना चाहते हैं और क्रिएटिव दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं।

रोड ट्रिप होगी 'जी ले जरा'

बता दें, 'जी ले जरा' एक रोड ट्रिप होगी, जिसका ऐलान फरहान अख्तर ने खुद एक कास्ट के जरिए किया था। वहीं दिसंबर 2025 में डेक्कन क्रोनिकल रिपोर्ट ने दावा किया था कि आलिया भट्ट, प्रियंका चोपड़ा और कैटरीना कैफ स्टारर 'जी ले जरा' फिर ट्रैक पर आ गई है और जल्दी ही फिल्म की शूटिंग शुरू होने वाली है। हालांकि, तीनों एक्ट्रेसेस की डेट्स का समन्वय आसान नहीं था, जिसमें सबसे बड़ी बाधा प्रियंका चोपड़ा की ग्लोबल प्रोजेक्ट्स की कमिटमेंट है। इसके अलावा, रिपोर्ट में ये भी कहा गया कि तीनों एक्ट्रेसेस की डेट्स के अलावा इनके लिए उपयुक्त मेल एक्टर की तलाश भी काफी मुश्कुल थी, क्योंकि मेकर्स तीनों के साथ टॉप एक्टर्स को कास्ट करना चाहते थे और इसी के चलते ये प्रोजेक्ट डिले होता गया।

ये भी पढ़ेंः 10वीं में सगाई, 15 की उम्र में शादी और 17 साल में मां बन गई थी ये एक्ट्रेस, जुवेनाइल डायबिटीज से गई थी बेटी की जान

Drishyam 3 Teaser: 'अब मैं डरा हुआ हूं सर', क्या इस बार कानून के शिकंजे में फंसेगा जॉर्जकुट्टी? टीजर में दिखी झलक

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन