1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कत्थई आंखों वाला हैंडसम हंक, डेब्यू फिल्म के लिए मिला अवॉर्ड, नौकरानी से रेप के आरोप में गया जेल, सब हुआ खाक

कत्थई आंखों वाला हैंडसम हंक, डेब्यू फिल्म के लिए मिला अवॉर्ड, नौकरानी से रेप के आरोप में गया जेल, सब हुआ खाक

 Written By: Priya Shukla
 Published : Sep 07, 2025 06:52 pm IST,  Updated : Sep 07, 2025 06:52 pm IST

बॉलीवुड का वो हैंडसम हंक, जिसने डेब्यू फिल्म से ही दर्शकों के दिल और अवॉर्ड जीते। एक्टिंग और लुक्स में इतना शानदार की कोई भी देखते ही दिल हार बैठे, लेकिन एक गलती ने इस एक्टर का पूरा करियर और जिंदगी दोनों तबाह कर दिया और अब ये सालों से बड़े पर्दे से गायब है।

Shiney Ahuja- India TV Hindi
शाइनी आहूजा। Image Source : INSTAGRAM/@JUSTICEFORSHINEY

बॉलीवुड में ऐसे कई स्टार आए, जिन्होंने अपनी पहली ही फिल्म से अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली, लेकिन एक कॉन्ट्रोवर्सी और इनका पूरा करियर तबाह हो गया। इस लिस्ट में कई एक्टर्स के नाम शुमार हैं। 'गैंगस्टर', 'भूल भुलैया' और 'वो लम्हे' जैसी फिल्मों से इंडस्ट्री में नाम कमाने वाले शाइनी आहूजा भी इन्हीं स्टार्स में से एक हैं। अपने हैंडसम लुक्स और अभिनय के दम पर उन्होंने शोहरत हासिल की, लेकिन वह तब विवादों में आ गए जब उन पर अपनी नौकरानी से दुष्कर्म का आरोप लगा और इसके बाद उन्हें इंडस्ट्री और दर्शकों दोनों ने उन्हें नकार दिया।

2005 में किया डेब्यू

शाइनी आहूजा ने 2005 में सुधीर मिश्रा के निर्देशन में बनी 'हजारों ख्वाहिशें ऐसी' से अपना डेब्यू किया था। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर का बेस्ट डेब्यू अवॉर्ड भी मिला। फिल्म में शाइनी आहूजा के साथ चित्रांगदा सिंह, सौरभ शुक्ला, केके मेनन, राम कपूर सहित कई सितारे अहम भूमिका में थे। फिल्म में शाइनी का अभिनय, रंग-रूप देखकर दर्शक उनके फैन हो गए। इसके बाद वह 'करम', 'सिंस', 'कलः येस्टर्डे एंड टुमॉरो' जैसी कई फिल्मों में दिखाई दिए और सफलता की सीढ़ियां चढ़ते गए। लेकिन,2006 में रिलीज हुई 'गैंगस्टर' ने उन्हें स्टार बना दिया।

एक दाग और करियर खत्म

शाइनी ने कई फिल्मों में अपने अभिनय का जादू बिखेरा और लीड रोल में भी नजर आए। लेकिन, 2009 में शाइनी के नाम के साथ एक ऐसा बदनामी का दाग लग गया जिसने उनके करियर पर भी ब्रेक लगा दिया और फैंस और दुनिया की नजरों में भी वह गिर गए। एक्टर पर अपनी 19 साल की नौकरानी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा। शाइनी आहूजा के केस में तब नया मोड़ आया जब रेप पीड़िता ने कहा कि उसके साथ कभी रेप नहीं हुआ था। इस गवाही के बाद बॉम्बे हाईकोर्ट ने 2011 में शाइनी को जमानत पर रिहा कर दिया गया, लेकिन बाद में हुई जांच-पड़ताल के बाद उन्हें रेप के मामले में दोषी पाया गया और उन्हें सात साल की सजा सुनाई गई।

2015 में कमबैक की कोशिश

शाइनी आहूजा ने इस केस के चार साल बाद कमबैक की कोशिश की। वह अनीस बज्मी की 'वेलकम बैक' में दिखाई दिए। इसमें शाइनी के साथ जॉन अब्राहम, नाना पाटेकर, अनिल कपूर और श्रुति हसन मुख्य भूमिकाओं में थे, लेकिन इसके बाद वह लाइमलाइट से दूर हो गए और फिर किसी फिल्म में दिखाई नहीं दिए। शाइनी सोशल मीडिया पर भी एक्टिव नहीं हैं और न ही किसी पब्लिक इवेंट में दिखाई देते हैं। बता दें, शाइनी 1997 में ही शादी के बंधन में बंध गए थे। उनकी पत्नी का नाम अनुपम आहूजा है और उनकी एक बेटी भी है, जिसका नाम अर्शिया आहूजा है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन