बॉलीवुड में रिश्तों के बनने-टूटने का सिलसिला हमेशा से बना रहा है, लेकिन इंडस्ट्री में कुछ कपल ऐसे हैं, जिन्होंने अपने रिश्ते के आड़े किसी को नहीं आने दिया, यहां तक कि अपने करियर को भी नहीं। आज एक ऐसी ही हसीना का बर्थडे है, जिसने अपनी शादीशुदा जिंदगी को समय देने के लिए फिल्मों से दूरी बना ली और करियर के पीक पर एक्टिंग से ब्रेक ले लिया। हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत और टैलेंटेड अभिनेत्रियों में से एक, जेनेलिया डिसूजा की, जो एक मंगलोरियन कैथोलिक परिवार से हैं और मराठी परिवार में शादी की है। आज जेनेलिया डिसूजा अपना 38वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं, इस मौके पर आपको उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें बताते हैं।
जेनेलिया डिसूजा का जन्म
जेनेलिया का जन्म 5 अगस्त 1987 को एक मंगलोरियन कैथोलिक परिवार में हुआ। उनकी मां फार्मा कंपनी में काम करती थीं और उनके पिता टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में। जेनेलिया अपने स्कूल के दिनों में स्टेट लेवल एथलीट हुआ करती थीं और नेशनल लेवल फुटबॉल खिलाड़ी थीं, लेकिन स्पोर्ट्स में अव्वल होने के बाद भी उन्होंने अभिनय का रास्ता चुना। उनकी किस्मत तब चमकी, जब वह अमिताभ बच्चन के साथ एक विज्ञापन में नजर आईं और उन्हें फिल्मों के ऑफर मिलने लगे।
2003 में किया डेब्यू
जेनेलिया डिसूजा ने 2003 में 'मुझे तेरी कसम' से डेब्यू किया, जिसमें उनके साथ रितेश देशमुख लीड रोल में नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड से लेकर साउथ तक में अपने अभिनय का परचम लहराया। उन्होंने अपने फिल्मी करियर में 'जाने तू या जाने ना', 'तेरे नाल लव हो गया', 'फोर्स', 'हैप्पी' और 'रेडी' जैसी बॉलीवुड फिल्मों में काम किया। इसके अलावा उन्होंने कई तमिल, तेलुगु, कन्नड़ फिल्मों में भी काम किया, जिनमें 'उरुमी', 'वेलायुधम', 'धी', और 'सत्यम' जैसी फिल्में शामिल हैं।
रितेश देशमुख संग लव स्टोरी
जेनेलिया ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे विलासराव देशमुख के बेटे और अभिनेता रितेश देशमुख के साथ शादी की ही, जो उनकी पहली फिल्म के हीरो भी थे। रितेश देशमुख के साथ उनकी पहली मुलाकात भी बेहद दिलचस्प है। रितेश ने खुद जेनेलिया के साथ अपनी पहली मुलाकात के बारे में बात की थी और इसे याद करते हुए कहा- 'मुझे तेरी कसम के टेस्ट शूट के लिए मैं हैदराबाद गया था। मुझे कहा गया कि वो लड़की भी वहीं होगी, जिसके साथ तुम्हें काम करना है। मैं जैसे ही एयरपोर्ट से बाहर आया तो जेनेलिया की मां से मुलाकात हुई और फिर मेरी नजर एक लंबी सी लड़की पर पड़ी जो दूसरी तरफ देखते हुए मुझे इग्नोर कर रही थी। मैंने सोचा, ये ऐसा क्यों कर रही है?'
रितेश को लेकर जेनेलिया को थी गलतफहमी
जेनेलिया शुरुआत में रितेश देशमुख को बिगड़ैल स्वभाव का मानती थीं। उन्हें लगता था कि वह मुख्यमंत्री के बेटे हैं तो बिगड़ैल होंगे, जैसे कि अक्सर नेताओं के बेटे होते हैं। ऐसे में जेनेलिया ने सोचा कि इससे पहले कि रितेश उन्हें एटीट्यूड दिखाएं, वह खुद ही उन्हें एटीट्यूड दिखा दें। लेकिन, जब दोनों की बातचीत हुई तब उन्हें समझ आया कि रितेश वैसे नहीं हैं, जैसा उन्होंने सोचा था। फिल्म की शूटिंग के दौरान ही दोनों की नजदीकियां बढ़ने लगीं। फिल्म की शूटिंग खत्म होने के बाद दोनों की कॉल पर बात होने लगी और फिर 2012 में दोनों ने शादी कर ली।
शादी के बाद परिवार को दी तवज्जो
रितेश देशमुख के साथ शादी से पहले जेनेलिया ने कई फिल्मों में काम किया, लेकिन फिर शादी के बाद परिवार को समय देने के लिए उन्होंने करियर को ठेंगा दिखा दिया। शादी के बाद वह काम तो कर रही थीं, लेकिन कम ही फिल्मों में नजर आईं, वो भी ज्यादातर कैमियो या फिर साइड रोल में। 2022 में उन्होंने रितेश देशमुख के साथ मराठी फिल्म वेद की, जिसकी काफी चर्चा रही और पिछले दिनों आमिर खान के साथ 'सितारे जमीन पर' के लिए सुर्खियां बटोरीं।