1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Haiwaan में होगा कूट-कूट कर सस्पेंस, जज की हत्या के बीच खलनायक बनकर अक्षय करेंगे सैफ की जिंदगी में तांडव, धमाकेदार होगी अंधे लेफ्टिनेंट की थ्रिलिंग कहानी

Haiwaan में होगा कूट-कूट कर सस्पेंस, जज की हत्या के बीच खलनायक बनकर अक्षय करेंगे सैफ की जिंदगी में तांडव, धमाकेदार होगी अंधे लेफ्टिनेंट की थ्रिलिंग कहानी

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Mar 03, 2026 12:16 pm IST,  Updated : Mar 03, 2026 12:16 pm IST

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है। दोनों एक सस्पेंस और थ्रिलर फिल्म में साथ दिखेंगे। इस फिल्म की कहानी काफी दिलचस्प होने वाली है, रिलीज से पहले ही जानें इसकी कहानी कहां जाएगी।

akshay kumar saif ali khan- India TV Hindi
प्रियदर्शन, अक्षय कुमार और सैफ अली खान। Image Source : IMDB

बॉलीवुड सिनेमा में जब भी कॉमेडी और सस्पेंस की बात होती है, तो अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की जुगलबंदी का नाम सबसे पहले जेहन में आता है। 'हेरा फेरी', 'भूल भुलैया' और 'गरम मसाला' जैसी कल्ट क्लासिक फिल्में देने वाली यह जोड़ी एक लंबे अंतराल के बाद फिर से इतिहास दोहराने को तैयार है। जहां हाल ही में उनकी हॉरर-कॉमेडी 'भूत बंगला' ने सुर्खियां बटोरी थीं, वहीं अब उनकी अगली फिल्म 'हैवान' को लेकर सिनेमा प्रेमियों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है।

एक जज, एक कातिल और गहराता रहस्य

'हैवान' कोई साधारण फिल्म नहीं, बल्कि एक रोंगटे खड़े कर देने वाली सस्पेंस-थ्रिलर है। फिल्म की कहानी एक रिटायर्ड जज के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान एक खूंखार अपराधी को सलाखों के पीछे भेजा था। अब वह अपराधी जेल से बाहर है और बदले की आग में जल रहा है। कहानी में मोड़ तब आता है जब जज की रहस्यमयी तरीके से हत्या हो जाती है। सबकी निगाहें एक अंधे लिफ्टमैन पर जाकर टिक जाती हैं, जिस पर जज अपनी जान से ज्यादा भरोसा करते थे। यहां तक कि जज ने अपनी बेटी की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उसी के कंधों पर छोड़ी थी। अब उस नेत्रहीन व्यक्ति के सामने दोहरी चुनौती है, एक तरफ खुद को बेगुनाह साबित करना और दूसरी तरफ असली कातिल के चंगुल से जज की बेटी को बचाना। ट्विस्ट यह है कि वह अंधा व्यक्ति कातिल को पहचानता है, लेकिन अपनी लाचारी के कारण उसे बेनकाब करना नामुमकिन सा लगता है।

अक्षय, सैफ और मोहनलाल, पावर-पैक स्टार कास्ट

इस फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी इसकी स्टार कास्ट है। रिपोर्ट्स की मानें तो इस बार अक्षय कुमार अपने पारंपरिक 'खिलाड़ी' अंदाज से हटकर एक निगेटिव शेड वाले किरदार में नजर आ सकते हैं, जो दर्शकों के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं होगा। वहीं, नवाब सैफ अली खान उस अंधे लिफ्टमैन की चुनौतीपूर्ण भूमिका निभाते दिखेंगे, जिसके इर्द-गिर्द पूरी मिस्ट्री घूमती है। इतना ही नहीं इस फिल्म में साउथ के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल का एक दमदार कैमियो होने की चर्चा है, जो जज की भूमिका में नजर आ सकते हैं। बता दें कि 'हैवान' दरअसल 2016 की सुपरहिट मलयालम फिल्म 'ओप्पम' का आधिकारिक हिंदी रीमेक है। 'ओप्पम' का निर्देशन भी प्रियदर्शन ने ही किया था और उसमें मोहनलाल ने मुख्य भूमिका निभाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था।

रीमेक के साथ नया रोमांच

प्रियदर्शन अपनी फिल्मों को नई ताजगी देने के लिए जाने जाते हैं। 'हैवान' के जरिए वह न केवल एक सफल कहानी को हिंदी दर्शकों के सामने पेश करेंगे, बल्कि अक्षय और सैफ की जोड़ी को एक अलग सिनेमाई कलेवर में उतारेंगे। अंधे व्यक्ति का संघर्ष, अपराधी की चालाकी और एक मासूम बच्ची की जान का खतरा, ये सभी चीजें 'हैवान' को साल की सबसे बहुप्रतीक्षित थ्रिलर फिल्मों की सूची में शामिल करते हैं।

ये भी पढ़ें:  Dhurandhar 2 Trailer: 4 घंटे लंबी होगी 'धुरंधर 2', होली से पहले ही मिलेगा बड़ा सरप्राइज, तय हुई ट्रेलर की रिलीज डेट

शादी के जश्न के बीच विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने दी बड़ी सौगात, संवारेंगे तेलंगाना के बच्चों का भविष्य

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन