1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. अक्टूबर की शुरुआत होगी धमाकेदार, OTT पर एक साथ आएंगी 7 नई फिल्में और सीरीज , 'दुपहिया 2' से लेकर 'चुंबक 2' शामिल

अक्टूबर की शुरुआत होगी धमाकेदार, OTT पर एक साथ आएंगी 7 नई फिल्में और सीरीज , 'दुपहिया 2' से लेकर 'चुंबक 2' शामिल

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Sep 29, 2026 02:15 pm IST,  Updated : Sep 29, 2026 02:15 pm IST

इस हफ्ते ओटीटी पर 'डेमन स्लेयर', 'ओह माय डॉग', 'दुपहिया 2', '#लव', 'पूजा मेरी जान' समेत कई फिल्में और सीरीज रिलीज होंगी। कॉमेडी, थ्रिलर, एनीमे और रोमांस से भरपूर कंटेंट उपलब्ध रहेगा।

Dupahiya 2 chumbak 2- India TV Hindi
दोपहिया 2 और चुंबक 2। Image Source : PRIME VIDEO, NETFLIX

सिनेमाघरों में इस हफ्ते अजय देवगन की 'दृश्यम 3' समेत कई फिल्मों को लेकर चर्चा है, वहीं ओटीटी दर्शकों के लिए भी मनोरंजन की कमी नहीं रहने वाली है। सितंबर के आखिरी दिनों से लेकर अक्टूबर के पहले हफ्ते तक अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कई नई फिल्में और वेब सीरीज दस्तक देने जा रही हैं। इनमें एनीमेशन, कॉमेडी, क्राइम, थ्रिलर और रोमांटिक ड्रामा जैसे अलग-अलग जॉनर का कंटेंट शामिल है। अगर आप घर बैठे कुछ नया देखने की तैयारी कर रहे हैं, तो इस हफ्ते की पूरी लिस्ट यहां देख सकते हैं।

'डेमन स्लेयर: इन्फिनिटी कैसल'

एनीमे पसंद करने वाले दर्शकों के लिए इस हफ्ते 'डेमन स्लेयर: किमेत्सु नो याइबा – इन्फिनिटी कैसल' खास रहने वाली है। सिनेमाघरों में रिलीज के बाद अब यह फिल्म ओटीटी पर पहुंच चुकी है। फिल्म 28 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। खास बात यह है कि दर्शक इसे हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु डब वर्जन में भी देख सकते हैं।

बंगाली सीरीज 'आशीर्वाद'

28 सितंबर को ही बंगाली सीरीज 'आशीर्वाद' भी जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो चुकी है। कहानी एक ऐसे परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां चार भाई एक ही घर में रहते हैं। उनकी मां बचपन में उन्हें छोड़कर चली गई थीं और इसके बाद घर में किसी महिला सदस्य की मौजूदगी नहीं रही। ऐसे में एक ही छत के नीचे रहने वाले भाइयों की जिंदगी में आने वाली परिस्थितियां कहानी को दिलचस्प बनाती हैं।

'ओह माय डॉग'

पंकज त्रिपाठी और पवन मल्होत्रा स्टारर 'ओह माय डॉग' भी इस सप्ताह ओटीटी पर दस्तक देने वाली है। यह इन्वेस्टिगेटिव कॉमेडी-ड्रामा दो अलग-अलग रहस्यों को एक साथ आगे बढ़ाता है। कहानी में एक बच्ची अपने लापता इंडी डॉग मोमो को खोजने में जुटी है, जबकि दूसरी तरफ बिहार में एक युवा मजदूर के गायब होने का मामला सामने आता है। फिल्म को 1 अक्टूबर 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाएगा। दो अलग-अलग घटनाओं के बीच किस तरह कनेक्शन बनता है, यही फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा है।

'दुपहिया' सीजन 2

कॉमेडी सीरीज 'दुपहिया' का दूसरा सीजन भी दर्शकों के बीच लौट रहा है। इस बार धड़कपुर में हालात और ज्यादा उलझने वाले हैं और बढ़ते अपराध के बीच किरदारों के सामने नई परेशानियां खड़ी होंगी। सीरीज में कॉमेडी के साथ इस बार भी गांव की परिस्थितियों और किरदारों की जद्दोजहद देखने को मिलेगी। 'दुपहिया' सीजन 2 का प्रीमियर 1 अक्टूबर को प्राइम वीडियो पर होगा। सोनम नायर के निर्देशन में बनी इस सीरीज में गजराज राव, रेणुका शहाणे, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा अहम भूमिकाओं में हैं।

'चुंबक' पार्ट 2

नेटफ्लिक्स की सीरीज 'चुंबक' का दूसरा हिस्सा भी इसी सप्ताह रिलीज होगा। इसका पहला भाग 10 सितंबर को प्लेटफॉर्म पर आया था, जिसमें चार एपिसोड शामिल थे। अब कहानी के बचे हुए चार एपिसोड 2 अक्टूबर को रिलीज किए जाएंगे। यानी दर्शकों को सीरीज की कहानी का अगला और अंतिम हिस्सा देखने को मिलेगा।

'#लव'

आधुनिक रिश्तों और डेटिंग ऐप्स की दुनिया पर आधारित रोमांटिक कॉमेडी सीरीज '#लव' भी 2 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। सीरीज का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि इसे सौंदर्या रजनीकांत ने प्रोड्यूस किया है। ऐश्वर्या लक्ष्मी और अर्जुन दास इसमें मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। कहानी आज के दौर में बदलते रिश्तों, डेटिंग ऐप्स और प्यार को लेकर नई पीढ़ी की सोच के इर्द-गिर्द घूमती है।

'पूजा मेरी जान'

मृणाल ठाकुर, हुमा कुरैशी और विजय राज स्टारर 'पूजा मेरी जान' भी 2 अक्टूबर को जी5 पर रिलीज होगी। फिल्म में चैतन्य व्यास, विक्रम चौहान और राजेश जायस भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसका निर्देशन नवजोत गुलाटी ने किया है। फिल्म का निर्माण दिनेश विजान और अमर कौशिक ने मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले किया है। अलग कहानी और कलाकारों की मौजूदगी के कारण यह फिल्म भी ओटीटी दर्शकों के लिए इस सप्ताह के विकल्पों में शामिल है।

'बेथलहम कुडुंबा यूनिट'

मलयालम फिल्म 'बेथलहम कुडुंबा यूनिट' भी सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी पर आ रही है। फिल्म अगस्त में थिएटर्स में रिलीज हुई थी और इसे दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। इसमें निविन पॉली और ममिता बैजू मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। ऐसे में इस सप्ताह ओटीटी पर हिंदी के साथ बंगाली, मलयालम और इंटरनेशनल कंटेंट के कई विकल्प दर्शकों को मिलने वाले हैं।

ये भी पढ़ें: 'ये है गठबंधन', बस इतना कहते ही शहजाद पूनावाला पर हुआ अटैक, फाड़े कपड़े, बचाव में आगे आईं स्वरा भास्कर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।

OTT