जैकलीन फर्नांडिस, नोरा फतेही से लेकर नरगिस फाखरी तक बॉलीवुड में अब तक कई विदेशी हसिनाएं अपनी किस्मत आजमा चुकी हैं, जिन्हें इस इंडस्ट्री ने पहचान भी दिलाई। कुछ ने तो बॉलीवुड में लंबा सफर तय किया और आज शोहरत की बुलंदियों पर हैं, मगर कुछ एक-दो फिल्में करके ही बॉलीवुड से गायब हो गईं। इन्हीं में से एक ऋतिक रोशन की हीरोइन भी हैं, जिनका बॉलीवुड में सफर काफी सीमित रहा। हम बात कर रहे हैं 'काइट्स' फेम बारबरा मोरी की, जो इस फिल्म में बॉलीवुड के ग्रीक गॉड ऋतिक रोशन के साथ लीड रोल में नजर आई थीं और कंगना रनौत भी इस फिल्म का हिस्सा थीं।
काइट्स के बाद किसी बॉलीवुड फिल्म में नहीं दिखाई दीं बारबरा मोरी
बारबरा मोरी ने भले ही ऋतिक रोशन जैसे सुपरस्टार के साथ बॉलीवुड डेब्यू किया, लेकिन इसके बाद वह किसी और हिंदी फिल्म में नजर आईं। फिल्म के दौरान ऋतिक और बारबरा के अफेयर की भी खूब चर्चा हुई। मगर, बारबरा पहले से ही एक रिलेशनशिप में थीं और फिर जल्दी ही उन्होंने बॉलीवुड से भी दूरी बना ली, ऐसे में दोनों के अफेयर की अफवाह को ज्यादा हवा नहीं मिल सकी। हालांकि, बारबरा ने भले ही बॉलीवुड से दूरी बना ली है, लेकिन वह फिल्मी दुनिया में अब भी एक्टिव हैं और अब तक 'My Brother's Wife', 'Insignificant Things' और 'Cantinflas' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।
39 की उम्र में बन गई थीं दादी
बारबरा मोरी 1996 में Sergio Mayer के साथ रिलेशनशिप में थीं, जिनसे उनका एक बेटा हुआ। उनके बेटे का नाम Sergio Mayer Mori है। सर्जियो का जन्म 1998 में हुआ था। खास बात तो ये है कि बारबरा 39 की उम्र में ही दादी भी बन गई थीं। जी हां, 2016 में सर्जियो की एक बेटी हुई, जिसका नाम मिला मेयर सबटिल है। अब मिला 9 साल की हो चुकी हैं और बारबरा खुद 47 साल की हैं।
2016 में बास्केटबॉल प्लेयर से की शादी
अपने पहले रिलेशनशिप के सालों बाद बारबरा ने 2016 में बास्केटबॉल प्लेयर Kenneth Ray Sigman से शादी की लेकिन दोनों का रिश्ता 1 साल भी नहीं टिक पाया और 2017 में दोनों अलग हो गए। बारबरा सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं और आए दिन फैंस के साथ अपनी खूबसूरत तस्वीरें साझा करती रहती हैं। वह भले ही 47 साल की हो गई हैं, लेकिन इस उम्र में भी खुद को काफी फिट रखती हैं।