बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। पति पीटर हाग से चल रहा उनका विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है। इसी बीच अभिनेत्री अपने बेटों से भी दूर हैं। बच्चों से दूरी का दर्द सेलिना की हालिया सोशल मीडिया पोस्ट में साफ नजर आया। सोमवार को उन्होंने अपने बेटों विंस्टन, विराज और आर्थर के नए स्कूल वर्ष की शुरुआत पर उनके लिए एक भावुक संदेश साझा किया। सेलिना ने बच्चों के साथ अपनी कुछ पुरानी तस्वीरें भी पोस्ट कीं और बताया कि इस खास दिन पर वह उनके साथ मौजूद नहीं हैं। कुछ दिनों पहले एक्ट्रेस ने अपने मृत बेटे शमशेर को भी याद किया था।
‘एक सुबह का हग और एक किस के लिए तरस रही हूं’
सेलिना ने अपने पोस्ट में लिखा कि वह यह संदेश इसलिए सार्वजनिक रूप से साझा कर रही हैं, क्योंकि फिलहाल वह सीधे अपने बेटों तक नहीं पहुंच पा रही हैं। उन्होंने बच्चों के स्कूल के पहले दिन को याद करते हुए कहा कि वह उनके साथ एक सुबह का प्यार भरा गले लगना, एक किस और उनका ‘बाय, मम्मी’ सुनने के लिए कुछ भी कर सकती हैं। अभिनेत्री ने अपने बच्चों के स्कूल से जुड़े पुराने पलों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि कभी वह बच्चों की स्कूल की किताबों पर कवर चढ़ाया करती थीं। दुबई में उन्होंने उनके लिए लेडीबर्ड वाली शुल्टुटेन तैयार की थीं। वहीं ऑस्ट्रिया में स्कूल शुरू होने से पहले उन्होंने बच्चों के लिए प्यार से श्नेके और लाड़ी पाव भी बनाए थे। सेलिना के मुताबिक, ये देखने में भले ही रोजमर्रा के छोटे-छोटे पल थे, लेकिन उनके लिए इन्हीं में सबसे बड़ी खुशियां छिपी थीं।
यहां देखें पोस्ट
‘शायद 2026 में बच्चों के स्कूल के दिन भी मिस कर दूं’
अभिनेत्री ने अपने संदेश में यह भी बताया कि वह इस साल अपने बेटों के स्कूल के पहले दिन उनके साथ नहीं रह पाएंगी। उन्होंने आशंका जताई कि परिस्थितियां ऐसी हैं कि शायद 2026 के बाकी हिस्से में भी वह अपने बच्चों के कई स्कूल दिनों का हिस्सा न बन सकें। सेलिना ने लिखा कि यह स्थिति उनके लिए बेहद दर्दनाक है और उनका दिल टूट रहा है। उन्होंने बच्चों के लिए अपनी सबसे बड़ी इच्छा भी जाहिर की। अभिनेत्री चाहती हैं कि बड़ों के बीच चाहे जो भी मतभेद या परिस्थितियां हों, उनके बेटे बिना किसी दबाव के अपने माता-पिता दोनों के साथ रोजमर्रा के अनुभव साझा कर सकें। उन्होंने बच्चों के लिए अच्छे दोस्तों, प्यार करने वाले शिक्षकों और ऐसा स्कूल वातावरण मिलने की कामना की, जहां वे खुद को सुरक्षित और प्रोत्साहित महसूस करें।
‘तुम्हें कभी मां-पापा में से किसी एक को नहीं चुनना पड़ेगा’
सेलिना ने अपने बेटों को भरोसा दिलाया कि उन्हें कभी भी अपने माता-पिता में से किसी एक को चुनने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि बच्चे अपनी मां और पिता दोनों से प्यार कर सकते हैं और उन्हें इसके लिए कभी अपराधबोध महसूस नहीं करना चाहिए। अभिनेत्री ने यह भी कहा कि जब भी उनके बेटे उनसे संपर्क करना चाहें, वह उनके लिए हमेशा मौजूद रहेंगी। अपने संदेश के अंत में सेलिना ने मां के प्यार को दूरी से परे बताया। उन्होंने लिखा कि उनके प्यार की कोई शर्त नहीं है और दूरियां भी उनके बच्चों के लिए उनके प्रेम को नहीं बदल सकतीं। स्कूल बैग लेकर स्कूल जाने वाले अपने बेटों के लिए उन्होंने कहा कि भले ही वह उनके साथ मौजूद न हों, लेकिन वे हर पल उनके दिल में हैं।
पीटर हाग से तलाक को लेकर विवाद
सेलिना जेटली और पीटर हाग की शादी करीब 15 साल चली, जिसके बाद दोनों अलग हो गए। सेलिना ने मुंबई की एक अदालत में घरेलू हिंसा कानून के तहत मामला दर्ज कराया है। अभिनेत्री ने अपने पति पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं, जिन्हें पीटर हाग ने खारिज किया है। मामला केवल वैवाहिक विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि संपत्ति और बच्चों से जुड़े मुद्दे भी इसमें शामिल हो गए हैं। सेलिना का आरोप है कि भारत लौटने के बाद उन्हें अपने बच्चों से मिलने और उन तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उनकी कानूनी टीम ने शादी के दौरान संपत्ति से जुड़े लेन-देन और आर्थिक नियंत्रण को लेकर भी सवाल उठाए हैं। वहीं, पीटर हाग ने सेलिना के आरोपों से इनकार किया है। पीटर के पिता की ओर से भी अभिनेत्री को कानूनी नोटिस भेजे जाने की बात सामने आई है, जिसमें उन पर कथित रूप से मानहानि करने वाले बयान देने का आरोप लगाया गया। ऐसे में दोनों के बीच चल रहा विवाद कानूनी स्तर पर भी जारी है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच सेलिना की अपने बेटों के लिए लिखी गई पोस्ट ने उनके भावनात्मक पक्ष को सामने ला दिया है।
ये भी पढ़ें: OTT पर इस हफ्ते होगा फुल एंटरटेनमेंट, सस्पेंस-क्राइम से रोमांस तक रिलीज होंगी कई फिल्में और सीरीज