1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. गुरुग्राम में लेडी बाइकर सिया को कार से कुचलने की कोशिश! हत्या के प्रयास की धारा भी लगाई गई, पकड़ा गया आरोपी

गुरुग्राम में लेडी बाइकर सिया को कार से कुचलने की कोशिश! हत्या के प्रयास की धारा भी लगाई गई, पकड़ा गया आरोपी

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Sep 15, 2026 11:17 am IST,  Updated : Sep 15, 2026 12:27 pm IST

गुरुग्राम गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर BNS की धारा 109 यानी हत्या के प्रयास की धारा जोड़ दी है। आरोपी कल्याण बैंसला को पुलिस ने राजस्थान के दौसा से हिरासत में ले लिया है।

Gurugram Road Rage Case, Sia Biker Accident, Kalyan Bainsla- India TV Hindi
गुरुग्राम गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर सिया को कार से टक्कर मारी गई थी। Image Source : PTI

Highlights

  • CCTV फुटेज के विश्लेषण के बाद गुरुग्राम पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी।
  • महिला बाइक राइडर सिया को टक्कर मारने का आरोपी कल्याण बैंसला हिरासत में।
  • हादसे के बाद सिया ने खुद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था।

गुरुग्राम: दिल्ली-NCR में गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। CCTV फुटेज के गहन विश्लेषण के बाद पुलिस ने केस में हत्या के प्रयास की धारा 109 BNS जोड़ दी है। बता दें कि इस धारा में 10 साल तक की सजा का प्रावधान है। पुलिस का कहना है कि आरोपी कार चालक कल्याण बैंसला की तलाश में 3 टीमें लगाई गई थीं। इनमें से एक टीम राजस्थान पहुंची थी और आरोपी को दौसा से हिरासत में ले लिया गया है, जहां से उसे गुरुग्राम लाया जाएगा।

CCTV फुटेज के बाद बदली जांच की दिशा

गुरुग्राम पुलिस ने गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले का स्वतः संज्ञान लिया था। इसके बाद थाना सेक्टर-56 में केस दर्ज किया गया और घटना की गहन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। CCTV में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में BNS की धारा 109, यानी हत्या के प्रयास की धारा, जोड़ दी है। पुलिस के मुताबिक इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर 10 साल तक की सजा हो सकती है।

पुलिस ने दौसा से आरोपी बैंसला को पकड़ा

इस मामले में आरोपी की पहचान कल्याण बैंसला के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को राजस्थान के दौसा से पकड़ लिया गया है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की 3 टीमें लगाई गई थीं। पुलिस की एक टीम राजस्थान भी गई थी जिसने दौसा से आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामला रविवार सुबह करीब 8 बजे का है। महिला बाइक राइडर शिवानी चौहान उर्फ सिया अपने दोस्तों के साथ बाइकिंग कर रही थीं। इसी दौरान गोल्फ कोर्स रोड पर आरोपी ने कार से उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सिया बाइक समेत सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गईं। घटना का वीडियो उनकी बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया था।

सिया ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

हादसे के बाद सिया ने खुद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से वायरल हुआ और गुरुग्राम पुलिस ने इसका स्वतः संज्ञान लिया। सिया ने बाद में एक और वीडियो शेयर कर आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि आरोपी काफी दूर से उनका पीछा कर रहा था और इसके बाद जानबूझकर उनकी बाइक को कार से टक्कर मारी। सिया के मुताबिक इस घटना में उनकी जान भी जा सकती थी। उनका कहना है कि वीडियो में साफ दिखाई देता है कि टक्कर जानबूझकर मारी गई।

कार दोस्त की, आरोपी ने झूठ बोलकर ली थी

जांच में यह भी सामने आया है कि जिस कार से सिया की बाइक को टक्कर मारी गई, वह मनीष नाम के व्यक्ति की है। बताया जा रहा है कि मनीष आरोपी कल्याण बैंसला का दोस्त है। मनीष के मुताबिक कल्याण ने उससे झूठ बोलकर कार ली थी। इसके बाद इसी कार से गोल्फ कोर्स रोड पर सिया की बाइक को टक्कर मारी गई। पुलिस ने कार का पता लगाने के बाद आरोपी को भी दौसा से हिरासत में ले लिया है।

कौन है आरोपी कल्याण बैंसला?

पुलिस के मुताबिक आरोपी कल्याण बैंसला हरियाणा के पलवल का रहने वाला है। वह पलवल में जिम चलाता है। बताया गया है कि वह खुद को पहलवान और कबड्डी खिलाड़ी भी बताता है। घटना के बाद वह फरार हो गया था और पुलिस की तीन टीमें उसकी तलाश कर रही थीं। हालांकि बाद में उसे दौसा से पकड़ लिया गया। गुरुग्राम पुलिस ने साफ कहा है कि कानून से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। (इनपुट: गोहित कौशिक)

ये भी पढ़ें: 'महिलाओं को दिल्ली-गुरुग्राम की सड़कों पर अनसेफ फील होता है', लेडी बाइकर सिया का Video, बोली- 'मेरी जान जा सकती थी'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।