अभिनेत्री और पॉलिटिशियन खुशबू सुंदर की बेटी अवंतिका सुंदर हाल ही में शादी के बंधन में बंधीं। 25 जून को शुखबू सुंदर की बेटी की शादी हुई, जिसमें तमन्ना भाटिया से लेकर तृषा कृष्णन सहित साउथ सिनेमा के कई कलाकारों ने शिरकत की। दिग्गज अभिनेत्री ने अपनी बेटी की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिस पर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने खुशबू सुंदर की बेटियों अवंतिका और आनंदिता पर निशाना साधना शुरू कर दिया। दोनों बेटियों को उनके लुक्स को लेकर ट्रोल किया जाने लगा, जिसकी आलोचना करते हुए खुशबू सुंदर ने एक लंबा-चौड़ा पोस्ट साझा किया है। अपने पोस्ट में खुशबू सुंदर ने साफतौर पर कहा कि वह अपनी बेटियों और परिवार के खिलाफ टिप्पणी करने वालों के खिलाफ चुप रहने वालों में से नहीं हैं।
ट्रोल्स को खुशबू सुंदर का जवाब
खुशबू सुंदर ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक फैमिली फोटो शेयर की, जिसके साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा- 'ये मेरा परिवार है और ये प्यार, भरोसे और समझदारी पर बना है। आज हम जिस मुकाम पर हैं, वहां पहुंचने के लिए हमने बहुत मेहनत, बहुत संघर्ष किया है। यहां तक पहुंचने के लिए हमने जी तोड़ मेहनत की है और खून-पसीना बहाया है। यहां तक पहुंचने में हम कई बार लड़खड़ाए, कई बार गिरे और कई बार नाकाम भी हुए, लेकिन हमने कभी मेहनत करना नहीं छोड़ा। हमने अपने बच्चों की परवरिश बहुत ध्यान से की है और कभी उन्हें सफलता के नशे में बहने नहीं दिया और न ही कभी सेलिब्रिटी के बच्चे होने का फायदा उठाने दिया। उन्होंने कभी भी अपनी पहचान का गलत फायदा नहीं उठाया। हमें अपने बच्चों पर बहुत गर्व है।'
'एक मां से कभी पंगा मत लेना'- खुशबू सुंदर
खुशबू सुंदर ने अपने पोस्ट में आगे लिखा- 'एक मां होने के नाते, मैं किसी भी ऐरे-गैरे व्यक्ति को अपने बच्चों का अपमान करने या फिर 2 मिनट की पब्लिसिटी के लिए उनका इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं देने वाली। इनकी घटिया सोच इनकी परवरिश को दिखाती है। मैं उन्हें उस भाषा में जवाब नहीं देना चाहती, जैसी भाषा का इस्तेमाल वे करते हैं। मैं अपनी मां की दी हुई परवरिश का अपमान नहीं कर सकती, लेकिन मेरी चुप्पी का ये मतलब मत समझिए कि मुझे आपकी गंदी सोच से कोई परेशानी नहीं है। कभी भी एक मां से पंगा मत लेना।'
घायल शेरनी की तरह होती है मां- खुशबू सुंदर
खुशबू सुंदर आगे लिखती हैं- 'याद रखो, एक मां घायल शेरनी की तरह होती है, जब कभी भी अपने बच्चों की रक्षा के लिए झपटकर हमला कर सकती है। ये मैसेज सिर्फ उन घटिया लोगों के लिए नहीं है, जो फॉलोअर्स और मजाक-मस्ती के लिए मेरे बच्चों और परिवार का इस्तेमाल कर रहे हैं, बल्कि उन सभी तथाकथित यूट्यूबर्स के लिए है मैसेज है, जो हमारे बच्चों के बारे में इसलिए बात करते हैं ताकि अपने परिवार का पेट पाल सकें।'
खुशबू सुंदर को मिला राधिका सरथकुमार का साथ
अपने पोस्ट में खुशबू सुंदर ने राधिका सरथकुमार को भी धन्यवाद दिया, जो एक दोस्त और परिवार के तौर पर उनके साथ खड़ी रहीं। अपने पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा- 'अगर आज हम अपने लिए आवाज नहीं उठाएंगे, तो ये बेवकूफ लोग हमें दबा देंगे । वे ये नहीं जानते कि ये जो ताकत है वो खरीदी नहीं गई, बल्कि कमाई गई है। यहां मौजूद हर महिला से मैं बस यही कहना चाहती हूं कि अपने लिए खड़े होइये। अगर दूसरे आपकी इज्जत नहीं करते तो आपको भी उनकी परवाह करने की जरूरत नहीं है। खुद की इज्जत करना सीखिए। राधिका सरथकुमार का शुक्रिया, जो एक दोस्त और परिवार के सदस्य के तौर पर हमेशा साथ खड़ी रहीं।'
ये भी पढ़ेंः मौत से 48 घंटे पहले के. भाग्यराज की मुस्कुराती झलक, खुशबू सुंदर की बेटी की शादी में आए थे नजर, VIDEO वायरल