बॉलीवुड में कुछ सितारों ने जितनी लोकप्रियता हासिल की, उतनी ही जल्दी इस दुनिया को अलविदा भी कह गए। दिव्या भारती, सौंदर्या से लेकर इंदर ठाकुर तक, कई ऐसे स्टार रहे जो असमय ये दुनिया छोड़ गए और अपने फैंस को हमेशा-हमेशा के लिए निराश कर गए। इन्होंने अपने अभिनय से ढेरों दिल जीते, लेकिन इनकी जिंदगी का अंत बेहद दुखद रहा। इन्हीं में से एक थे महावीर शाह, जिनकी बिल्लोरी आंखें देखकर कोई भी डर जाए। उन्होंने फिल्मों में अपने खूंखार खलनायक के किरदारों से पहचान बनाई और दर्शकों के दिलों पर छाप छोड़ने में सफल रहे, लेकिन एक दिन अचानक उन्हें लेकर ऐसी खबर आई, जिसने उनके फैंस को झकझोर कर रख दिया। तो चलिए जानते हैं कि आखिर महावीर शाह के साथ क्या हुआ था और उनकी मौत कैसे हुई।
महावीर शाह का करियर
महावीर शाह ने 1977 से साल 2000 तक के बीच बॉलीवुड में खूब काम किया। उनकी डेब्यू फिल्म 'अब क्या होगा' थी, जो 1977 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उन्होंने एक ड्राइवर की भूमिका निभाई थी और इसके बाद उनकी छवि एक खतरनाक खलनायक की हो गई। महावीर अपने नाम से ज्यादा चेहरे से पहचाने गए। बिल्लोरी आंखें, जिन्हें देखते ही ज्यादातर फिल्म मेकर्स को एक खूंखार विलेन दिखाई देता था। इन्हीं आंखों और अपने जुदा अंदाज से उन्होंने अपने 23 साल के करियर में ही 90 फिल्मों से ज्यादा में काम कर लिया था।
गैंगस्टर से लेकर घूंसखोर पुलिसवाले तक का निभाया रोल
अपने करियर में महावीर शाह ने गुंडे, गैंगस्टर से लेकर बेइमान वकील तक कई यादगार किरदार निभाए, लेकिन एक बुरे पुलिस अधिकारी के किरदार में सबसे ज्यादा पहचाने गए। उन्होंने अपने हर किरदार में अपने ताकतवर अभिनय से जान डाल दी और खौफनाक हंसी और बुलंद आवाज के दम पर बॉलीवुड के टॉप खलनायकों में से एक बन गए। फिल्मों में उनकी एंट्री भी ऐसी होती थी, जिसे देखते ही दर्शक जान जाते थे कि इनका किरदार मक्कारी से भरा होगा। लेकिन, सच तो ये है कि अपने लुक्स और पिछली फिल्मों के चलते वह टाइपकास्ट होकर रह गए थे। उन्हें ज्यादातर निगेटिव रोल ही मिले।
31 अगस्त 2000 को हुई मौत
फिल्मों में अपने खूंखार अंदाज से दर्शकों को डराने वाले महावीर शाह 31 अगस्त 2000 में इस दुनिया को अलविदा कह गए। वह अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने अमेरिका गए थे, तभी वह भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। ये हादसा तब हुआ जब वह शिकागो रोड पर थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में महावीर घायल हो गए और अपनी पत्नी और बच्चों को देखने के लिए जैसे ही आगे बढ़े एक दूसरी तेज रफ्तार कार ने उन्हें बेरहमी से कुचल दिया और इस हादसे में उनकी मौत हो गई।
इन फिल्मों में किया काम
महावीर शाह ने अपने करियर में दयावान (1988), तेजाब (1988), शोला और शबनम (1992), तिरंगा (1992), कुली नंबर 1 (1995), अंकुश (1986), नरसिम्हा (1991), जुड़वा (1997), मेहंदी (1998) और बड़े मियां छोटे मियां (1998) जैसी फिल्मों में अभिनय से सुर्खियां बटोरीं और अपने अभिनय के लिए खूब तारीफें भी हासिल कीं।
ये भी पढ़ेंः