1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. ममता कुलकर्णी की मां को कभी हीरोइन बनाना चाहते थे रामानंद सागर, इन बॉलीवुड स्टार से है रिश्तेदारी

ममता कुलकर्णी की मां को कभी हीरोइन बनाना चाहते थे रामानंद सागर, इन बॉलीवुड स्टार से है रिश्तेदारी

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jan 26, 2025 11:45 pm IST,  Updated : Jan 26, 2025 11:45 pm IST

ममता कुलकर्णी की फिल्मों और करियर के बारे में आपने काफी चर्चा सुनी होगी, लेकिन उनके परिवार में कौन-कौन है और उनका फिल्मों से कैसे रिश्ता जुड़ा, क्या आप ये जानते हैं? अगर नहीं, तो चलिए आपको यामाई ममता नंद गिरि यानी ममता कुलकर्णी के बारे में कुछ दिलचस्प बातें बताते हैं।

Mamta Kulkarni- India TV Hindi
ममता कुलकर्णी अब संन्यास ले चुकी हैं Image Source : X

ममता कुलकर्णी ने संन्यास की राह पकड़ ली है और अपने फैसले से सबको चौंका दिया है। ममता कुलकर्णी को अब यामाई ममता नंद गिरि के नाम से जाना जाएगा। जब से किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनी हैं, हर तरफ उन्हीं के चर्चे हैं। कई लोग ममता कुलकर्णी के संन्यासी बनने को लेकर सवाल भी खड़े कर रहे हैं। उनके संन्यास और फिर महामंडलेश्वर बनने के सफर को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। इस बीच कई लोग उनके फिल्मी करियर, परिवार और फिल्मी दुनिया में उनकी एंट्री के बारे में भी जानने को इच्छुक हैं। तो चलिए आपको बताते हैं कि ममता कुलकर्णी यानी यामाई ममता  नंद गिरि कौन हैं, कहां से आईं और बॉलीवुड में वह किन-किन स्टार्स की करीबी हैं।

तीनों खान के साथ कर चुकी हैं काम

ममता कुलकर्णी ने 1991 में अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था और अपने जमाने की सबसे ग्लैमरस और बोल्ड अभिनेत्रियों में से रही हैं। उन्होंने 2003 में अपना करियर छोड़ दिया था। अपने 12 साल के फिल्मी करियर में उन्होंने 40 से ज्यादा फिल्में कीं और इस दौरान बॉलीवुड के तीनों खान के साथ काम किया। ममता कुलकर्णी एक मराठी ब्राह्मण परिवार से आती हैं और उनके बचपन का नाम पद्मावती था। उन्होंने मुंबई के वर्सोवा में सेंट जोसेफ स्कूल से पढ़ाई की। ममता की एक्टिंग में कोई खास दिलचस्पी नहीं थी, लेकिन उनकी मां उन्हें एक एक्ट्रेस बनते देखना चाहती थीं और उन्होंने ही उन्हें फिल्मों का रास्ता दिखाया, क्योंकि एक समय में वह भी अभिनेत्री बनना चाहती थीं।

ममता का परिवार और स्टार्स से रिश्तेदारी

बताया जाता है कि टीवी के पौराणिक और सबसे हिट धारावाहिक रामायण के निर्माता रामानंद सागर, ममता कुलकर्णी की मां को बतौर एक्ट्रेस अपनी एक फिल्म में लेना चाहते थे। लेकिन, उन्होंने अपने परिवार और शादी के चलते इनकार कर दिया। ममता के पिता का नाम मुकुंद कुलकर्णी हैं और बहन मुलिना कुलकर्णी हैं, जो खुद एक अभिनेत्री रह चुकी हैं। वह साउथ सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री रही हैं, लेकिन शादी के बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली। ममता कुलकर्णी का बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री  तन्वी आजमी से भी करीबी रिश्ता है। तन्वी, ममता की मौसेरी बहने हैं। तन्वी, अभिनेत्री शबाना आजमी की ननद हैं। यही नहीं, 'घूमर' फेम सैयामी खेर भी ममता की रिश्तेदार हैं। सैयामी, ममता कुलकर्णी की भतीजी हैं।

24 साल बाद भारत लौटीं ममता कुलकर्णी

ममता कुलकर्णी पिछले दिनों ही करीब 24 साल बाद भारत लौटी थीं। इस दौरान जब उनसे भारत वापसी की वजह पूछी गई तो उन्होंने जवाब में कहा कि वह महाकुंभ के लिए भारत लौटी हैं। लेकिन, उन्होंने यह नहीं बताया था कि वह यहां आकर सबकुछ त्याग कर किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बन जाएंगी। ऐसे में जैसे ही उनके संन्यास की खबरें, फिर तस्वीरें और वीडियो सामने आए, उन्हें देखकर सब चौंक गए।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन